सुप्रीम कोर्ट ने गुरुवार को यूनिवर्सिटी ग्रांट कमिशन(यूजीसी) के नए नियमों पर रोक लगा दी। कोर्ट ने कहा कि नए नियम ऐसे महत्वपूर्ण सवाल खड़े करते हैं, जिन्हें अनदेखा किया गया तो इसके ‘बहुत दूरगामी परिणाम’ हो सकते हैं और ये ‘समाज को विभाजित’ कर सकते हैं। इस बीच सोशल मीडिया में दो पक्षों में मारपीट का वीडियो वायरल है। वीडियो के साथ दावा है कि महाराष्ट्र में यूजीसी से नाराज सवर्णों को भाजपा नेताओं को पीटा।
ऋतू ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, ‘आख़िर वह दिन आ गया जब लोग भाजपेयीओं को उनके दफ्तर और घर से निकाल निकाल के मार रहे हैं… देखिए महाराष्ट्र, में कैसे भाजपा कार्य करता की सेवा कड़ी जा रही हैं #UGCRegulations कानून के विरुद्ध . पाप कां घड़ा भर ही जाता है , तो यह तो होना ही था एक दिन’
🚨🔥 ATTN:
— Ritu #सत्यसाधक (@RituRathaur) January 30, 2026
आख़िर वह दिन आ गया जब लोग भाजपेयीओं को उनके दफ्तर और घर से निकाल निकाल के मार रहे हैं…
देखिए महाराष्ट्र, में कैसे भाजपा कार्य करता की सेवा कड़ी जा रही हैं #UGCRegulations कानून के विरुद्ध .
पाप कां घड़ा भर ही जाता है , तो यह तो होना ही था एक दिन..😭 pic.twitter.com/0f0WeeGuRv
अजय सनातनी ने लिखा, ‘UGC से नाराज सवर्णों ने BJP महाराष्ट्र के जिला मुख्यालय में घुसकर BJP कार्यकर्ताओं कॊ दौड़ा दौड़ा कर पीटा।’
UGC से नाराज सवर्णों ने BJP महाराष्ट्र के
— ajay sanatani (@AJAYKUM95107739) January 29, 2026
जिला मुख्यालय में घुसकर BJP कार्यकर्ताओं कॊ दौड़ा दौड़ा कर पीटा।#UGC_RollBack #यूजीसी_कानून_रद्द_कीजिए #UGCBlackLaw pic.twitter.com/hr1qyTki84
क्या है हकीकत? पड़ताल में हमे यह वीडियो मुंबई तक के यूट्यूब चैनल पर मिला। 19 जनवरी के इस वीडियो के साथ बताया गया है कि नगर निगम चुनाव के नतीजे आने के बाद भिवंडी शहर में हिंसक झड़प की खबरें आ रही हैं। रविवार आधी रात को भिवंडी पश्चिम के BJP MLA महेश चौगुले और पूर्व मेयर विलास पाटिल के समर्थकों के बीच झड़प हो गई। इसमें दोनों ग्रुप के कार्यकर्ता एक-दूसरे पर पत्थर फेंकते दिख रहे हैं। एक वीडियो भी सामने आया है जिसमें वे एक-दूसरे को डंडों और लातों से पीट रहे हैं। यह हमला विलास पाटिल के घर पर हुआ और पता चला है कि विलास पाटिल और उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए।

हमने इन कीवर्ड्स को गूगल सर्च किया तो ईटीवी की वेबसाइट पर प्रकाशित रिपोर्ट मिली। रिपोर्ट के मुताबिक नगर निगम चुनाव के नतीजे घोषित होने के बाद महाराष्ट्र के ठाणे जिले के भिवंडी कस्बे में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कोनार्क विकास अघाड़ी (केवीए) के समर्थकों के बीच हिंसक झड़पें हुईं, जिनमें 44 लोगों को गिरफ्तार किया गया। अधिकारियों ने बताया कि हिंसा में दो पुलिसकर्मियों समेत छह लोग घायल हुए हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक वार्ड नंबर 1 में पूर्व महापौर विलास पाटिल के नेतृत्व वाले केवीए समूह ने महेश चौघुले के बेटे मित को हरा दिया। परिणाम घोषित होने के बाद कोंबडपाड़ा इलाके में तनाव फैल गया। रविवार रात को कुछ अज्ञात उपद्रवियों ने कथित तौर पर विलास पाटिल के घर पर पत्थर फेंके। बाद में, छत्रपति शिवाजी महाराज चौक पर दोनों पक्षों के समर्थकों के बीच झड़प हुई और उन्होंने एक-दूसरे पर पत्थर फेंके।
आरोप है कि रविवार देर रात हुई हिंसा के दौरान केवीए कार्यकर्ताओं ने पथराव किया और भाजपा कार्यालय में तोड़फोड़ की, जिसके बाद पुलिस को भीड़ को तितर-बितर करने और व्यवस्था बहाल करने के लिए लाठीचार्ज करना पड़ा। आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने भाजपा विधायक महेश चौघुले के कार्यालय में भी तोड़फोड़ की और कथित तौर पर उन पर हमला किया।
निज़ामपुर पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक विश्वास डगले ने बताया कि दोनों दलों के कार्यकर्ताओं के खिलाफ कानून की कई धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा, “पुलिस के विलास पाटिल के आवास पर पहुंचने पर 35 लोगों को हिरासत में लिया गया। भाजपा विधायक महेश चौघुले के नेतृत्व वाले समूह के आठ सदस्यों को भी हिरासत में लिया गया। फिलहाल, 44 लोगों को गिरफ्तार कर भिवंडी अदालत में पेश किया गया है। अदालत ने आगे की जांच के लिए सभी गिरफ्तार लोगों को पांच दिन की हिरासत में भेज दिया है।”
| दावा | महाराष्ट्र में यूजीसी से नाराज सवर्णों को भाजपा नेताओं को पीटा। |
| हकीकत | यह वीडियो महाराष्ट्र के भिवंडी कस्बे का है। नगर निगम चुनाव नतीजों की घोषणा के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कोनार्क विकास अघाड़ी (केवीए) के समर्थकों के बीच मारपीट हुई थी। |

