Breaking
3 Feb 2026, Tue

गुजरात में दलित दूल्हे की शादी पर हमले के आरोपी ठाकुर जाति से नहीं हैं

सोशल मीडिया में वायरल एक वीडियो के साथ दावा किया जा रहा है कि गुजरात में दलित दूल्हे की बारात पर ठाकुरों, मनुवादियों ने ने तलवार-लाठी लेकर हमला बोल दिया।

गिरीश ने लिखा, ‘गुजरात, पाटन के चंद्रमाणा गाँव में दलित समाज के लड़के की शादी थी | जिसमें घोड़ी पर बैठकर बारात क़ो निकाला जा रहा था | तभी ठाकुर समाज के लोग तलवार लेकर इस बारात क़ो रोक देते है | कहते घोड़ी उतर जा वरना लड़के के साथ उसके बाप क़ो भी काट देंगे | इसलिए,’

लखन मीणा ने एक्स पर लिखा, ‘गुजरात के चंदुमाना गांव में दलित दूल्हे विशाल की बारात पर ठाकोरों ने तलवार-लाठी लेकर हमला बोल दिया! जातिसूचक गालियां, मार डालने की खुली धमकी, बारात रोककर अपमान! दलितों को घोड़े पर चढ़ने, डीजे बजाने, गांव की सड़क से गुजरने का हक भी नहीं? ये है मनुवादीयों का असली चेहरा – दलित शादी को भी अपराध मानते हैं! जातिवाद आर्थिक आधार पर नहीं जाती आधार पर होता है।…’

क्या है हकीकत? पड़ताल में हमे यह वीडियो दिव्य भास्कर की वेबसाइट पर प्रकाशित रिपोर्ट में मिला। रिपोर्ट के मुताबिक, पाटन तालुका के चंदुमाणा गांव निवासी गणपतभाई कलाभाई चावड़ा के पुत्र विशाल की शादी की 1 फरवरी 2026 को शादी थी। सुबह 11:30 बजे डीजे के साथ बारात निकाली गई थी। बारात गांव के सार्वजनिक मार्ग से होती हुई जोगणी माता के मंदिर के सामने चौक में पहुंची, जहां परिवार के सदस्य गरबा खेल रहे थे। इसी दौरान गांव के कुछ लोग वहां आ पहुंचे। आरोपियों ने बारात निकालने को लेकर गुस्से में जातिसूचक अपशब्द कहे, अपमान किया और धमकी दी कि यदि दोबारा बारात निकाली तो जान से मार देंगे। इस घटना से बारात में शामिल लोग घबरा गए और घोड़े वाले ने दूल्हे को सुरक्षित घर पहुंचाया। इस मामले में पाटन तालुका पुलिस थाने में 8 लोगों के खिलाफ बीएनएस और एट्रोसिटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।

रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि उस इलाके में हाल ही में नाबालिग लड़का-लड़की की मौत हुई थी और पास के मोहल्ले में एक महिला का भी निधन हुआ था, जिसके चलते रविवार को शोक सभा रखी गई थी। उसी रास्ते से जब डीजे के साथ बारात गुजर रही थी तो ठाकोर समुदाय के युवकों ने विरोध किया, जिससे कहासुनी हुई और तलवार निकालने पर अफरा-तफरी मच गई।

पड़ताल में आगे हमें इस मामले में पीड़ित पक्ष की एफआईआई की कॉपी मिली। पुलिस ने जीवणजी तखाजी ठाकोर, रमेशजी जीवणजी ठाकोर, बाकूजी जीवणजी ठाकोर, बचूबेन जीवणजी ठाकोर, सुबीबेन जीवणजी ठाकोर, अनिलजी बाकूजी ठाकोर, शिवाजी रमेशजी ठाकोर और संतोषजी रमेशजी ठाकोर के खिलाफ केस दर्ज किया है।

एफआईआर कॉपी

इसके बाद हमने दुल्हे के पिता गणपतभाई से फोन पर बात की। उन्होंने बताया गया कि इस मामले में एफआईआर दर्ज करवाई है। दो लोगों की पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। बाकी 6 आरोपी फरार हैं। गणपतभाई ने आगे बताया कि वह दलित समुदाय से आते हैं। आरोपी ठाकुर नहीं, ठाकोर समाज से हैं जो OBC कैटेगरी में आते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *