Breaking
30 Apr 2025, Wed

बलरामपुर में पुजारी की हत्या में जातिगत एंगल नहीं है

बीते दिनों उत्तर प्रदेश के बलरामपुर में  राधा कृष्ण मंदिर के पुजारी शत्रुहन द्विवेदी की हत्या कर दी गयी। उसका शव बाग में पड़ा मिला था। वहीं सोशल मीडिया में इस मामले को जातिये रंग दिया गया। लोगों ने लिखा कि युवक को उसकी ब्राह्मण और पुजारी पहचान की वजह से निशाना बनाया गया।

शुभम शर्मा ने एक्स पर लिखा, ‘उत्तर प्रदेश में एक और ब्राह्मण पुजारी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। सत्रोहन द्विवेदी का शव यूपी के बलरामपुर के जंगल से बरामद हुआ। यह पहली बार नहीं है कि राज्य में किसी पुजारी की हत्या की गई हो। नियो पोलिटिको ने यूपी में दर्जनों पुजारियों की हत्या की खबरें दी हैं। यह अब एक चलन बनता जा रहा है। इस जघन्य मामले के बावजूद अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। वहीं योगी सरकार ब्राह्मण नेताओं की गिरफ्तारी में व्यस्त है ताकि वे ऐसे मामले न उठा सकें।’

सपा नेता माता प्रसाद ने लिखा, ‘उत्तर प्रदेश में ब्राह्मणों पर सुनियोजित हमलों की श्रृंखला थमने का नाम नहीं ले रही है। बलरामपुर जिले में राधाकृष्ण मंदिर के पुजारी शत्रुघ्न द्विवेदी जी की निर्मम हत्या की गई और योगी सरकार मूकदर्शक बनी बैठी है। योगी आदित्यनाथ जवाब दें कि क्या अब UP में ब्राह्मण होना पाप हो गया है?’

पंकज ने लिखा, ‘उत्तर प्रदेश बलरामपुर में एक और ब्राह्मण पुजारी सत्रोहन द्विवेदी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। प्रश्न कितने ब्राह्मणों को न्याय मिला? कितने पीड़ित परिवारों को लाइसेंस मिला ? हर ब्राहमण अपने शोषण की प्रतीक्षा में हिन्दुत्व का झूठा वजन ढो रहा है। जबकि ब्राहमण खत्म हिन्दू खत्म’

क्या है हकीकत? पड़ताल में हमने सम्बन्धित कीवर्ड्स को गूगल सर्च किया तो अमर उजाला और हिंदुस्तान की वेबसाइट पर प्रकाशित रिपोर्ट मिली। रिपोर्ट के मुताबिक राध कृष्ण मंदिर पुजारी शत्रुहन द्विवेदी की हत्या की वारदात को राघवेंद्र तिवारी, मोहित वर्मा और साजन तिवारी ने अंजाम दिया था। 

रिपोर्ट में बताया गया है कि शत्रुहन द्विवेदी का चचेरा भाई विवेक द्विवेदी एक आरोपी साजन तिवारी की बहन को 21 अप्रैल को अपने साथ भाग ले गया था। इस बात को लेकर राघवेंद्र व साजन तिवारी में आक्रोश था। वे विवेक को जान से मारने की नीयत से तलाश कर रहे थे। उसका पता नहीं चला तो उसके चचेरे भाई शत्रुहन द्विवेदी को फोन कर बुला लिया। सुनसान स्थान पर ले जाकर उसकी हत्या कर दी गई। पुलिस ने राघवेंद्र तिवारी, मोहित वर्मा को जेल भेज दिया। 

वहीं दैनिक भास्कर की रिपोर्ट में बताया गया है कि पुलिस ने मुख्य आरोपी साजन तिवारी को मुठभेड़ में गिरफ्तार किया। पुलिस अधीक्षक ने उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।

दावा उत्तर प्रदेश में एक और ब्राह्मण पुजारी शत्रुहन द्विवेदी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह पहली बार नहीं है कि राज्य में किसी पुजारी की हत्या की गई हो।
हकीकतराध कृष्ण मंदिर पुजारी शत्रुहन द्विवेदी की हत्या की वारदात को राघवेंद्र तिवारी, मोहित वर्मा और साजन तिवारी ने अंजाम दिया था। शत्रुहन द्विवेदी का चचेरा भाई विवेक द्विवेदी एक आरोपी साजन तिवारी की बहन को अपने साथ भाग ले गया था। इस बात को लेकर राघवेंद्र व साजन तिवारी में आक्रोश था। घटना में जातिगत एंगल नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *