Breaking
15 Jan 2026, Thu

बुर्कानशी महिला को पीटने का वीडियो भारत नहीं, बांग्लादेश का है

सोशल मीडिया में एक बुर्कानशी महिला के साथ मारपीट का वीडियो वायरल है। इस वीडियो में एक शख्स अपने सिर से महिला पर हमला करता है। लोग दावा कर रहे हैं कि भारत में मुसलमानों पर हमला हो रहा है। कुछ लोग यह भी लिख रहे हैं कि सनातनी लोगों ने मुसलमान महिला को पीटा है।

समाजवादी पार्टी के नेता परमानन्द आजमगढ़ी ने एक्स पर वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा, ‘सनातनी लोग हैं जो दूसरे धर्म पर खास कर मुस्लिम धर्म के महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार कर रहे हैं लोगों पर कोई कार्रवाई नहीं हो रही है  संविधान सबको बराबरी का अधिकार देता है’

सना युसूफजई ने लिखा, ‘भारत में मुसलमान वर्तमान भाजपा/आरएसएस शासन में हर तरह से कष्ट और कठिनाइयों का सामना कर रहे हैं। क्लिप में, एक मुस्लिम महिला को एक हिंदू द्वारा थप्पड़ मारा और पीटा जा रहा है।’

Misvak Caps ने लिखा, ‘जब से मुसलमानों का कोई लीडर नहीं रहा, वे हर इलाके में अनाथ हो गए हैं!  भारत में मुसलमानों के खिलाफ हिंसा लगातार जारी है। एक गाय की पूजा करने वाले गुंडे ने बिना वजह एक मुस्लिम महिला पर हमला किया।  मुसलमानों पर हो रहे ज़ुल्म की वजह से वे पीछे रह रहे हैं, और बदकिस्मती से, वे ऐसे ही रहेंगे!’

Sam subhana ने लिखा, ‘यह वीडियो अप्रैल 2025 का है, जो उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले के मानपुर फाटक इलाके में हुई एक घटना का है। इसमें दिख रही लड़की का नाम फरहीन है, जो मुस्लिम समुदाय से है। वह एक हिंदू युवक से रिलेशन में थी। इस लिए उसके घर वालों ने उसे मारा। अगर लड़की हिन्दू होती तो उसके घर वालों का भी यही रिएक्शन होता।’

शालिनी शुक्ला ने लिखा, ‘मोदी को इस बात पर गर्व होना चाहिए कि उन्होंने नफरत को राष्ट्रीय मनोरंजन में बदल दिया है, जबकि मुस्लिम महिलाएं इससे पीड़ित हैं।’

𝐘𝐮𝐬e𝐧 ने लिखा, ‘भारत में मुस्लिम समुदाय पर हमले लगातार जारी हैं। यह धार्मिक आज़ादी की एक बड़ी नाकामी है। उनका एकमात्र CRIME मुसलमान होना है। हम @UNHumanRights से अपील करते हैं कि वे भारतीय अधिकारियों पर अपने माइनॉरिटी नागरिकों की सुरक्षा के लिए दबाव डालें।’

क्या है हकीकत? पड़ताल में हमे इस वीडियो में एक खम्बे पर होर्डिंग नजर आया। इस वीडियो में  बंगाली भाषा में ‘मदरसतुल एहसान अल-इस्लामिया’ और ‘शैक्षणिक वर्ष 2024 में’ लिखा है। इससे प्रतीत होता है कि यह होर्डिंग छात्रों के मदरसे में प्रवेश को लेकर लगाया गया है।

हमने जब मदरसे का नाम गूगल सर्च किया तो बांग्लादेश के ढाका में इसी नाम का एक शिक्षण संस्थान मिला। इस संस्था के फेसबुक पेज पर ’83/1, रोड-2, कल्याणपुर, मीरपुर, बांग्लादेश’ पता लिखा है।  इससे पता चलता है कि संस्थान बांग्लादेश के ढाका में स्थित है।

पड़ताल में हमने देखा कि वायरल वीडियो में तक ट्रक है, इस पर ‘Energypac JAC’ लिखा हुआ है। असल में JAC Motors चीन की ऑटोमोबाइल निर्माता कंपनी है जो ट्रकों, मिनी ट्रकों, बसों और इलेक्ट्रिक वाहनों सहित कई प्रकार के कमर्शियल वाहन बनाती है। हालांकि यह कंपनी एशिया और अफ्रीका के कई देशों में मौजूद है लेकिन JAC Motors ने अभी तक भारतीय बाज़ार में आधिकारिक प्रवेश नहीं किया है।

वहीं Energypac बांग्लादेश की प्रमुख औद्योगिक और इंजीनियरिंग कंपनी है। कंपनी बिजली, ट्रांसफॉर्मर, जेनरेटर और औद्योगिक मशीनरी के अलावा ऑटोमोबाइल सेगमेंट में भी काम करती है। बांग्लादेश में JAC Motors ने अपने वाहनों की बिक्री और सर्विसिंग के लिए Energypac को exclusive distributor नियुक्त किया हुआ है। इसका अर्थ है कि वहां JAC के वाहनों की बिक्री, मेंटेनेंस, पार्ट्स सप्लाई और वारंटी जैसी सभी सेवाओं की जिम्मेदारी Energypac ही संभालती है।

दावाभारत में मुसलमानों पर हमला हो रहा है। सनातनी लोगों ने मुसलमान महिला को पीटा है।
हकीकतबुर्कानशी महिला के साथ मारपीट का यह वीडियो भारत नहीं, बांग्लादेश का है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *