Breaking
8 Apr 2026, Wed

न्यूज डिबेट में चित्रा त्रिपाठी का मेकअप को लेकर मजाक उड़ाते हुए पाकिस्तानी पैनलिस्ट का यह वीडियो एडिटेड है

सोशल मीडिया में न्यूज एंकर चित्रा त्रिपाठी का एक वीडियो वायरल है। इस वीडियो के साथ दावा है कि एक शो के दौरान पाकिस्तानी पैनलिस्ट ने चित्रा त्रिपाठी के मेकअप का मजाक उड़ाया। पाकिस्तानी पैनलिस्ट ने यह भी कहा कि आपने अपने चेहरे पर 50 किलो मेकअप गलाया है, आपके मेकअप का खर्चा मोदी उठाते हैं।

कार्टूनिस्ट मंजुल ने एक्स पर वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा, ‘पाकिस्तानी पैनलिस्ट हद पार करते जा रहे हैं। चित्रा जी के तमाम उकसावे के बावजूद किसी भारतीय ने आजतक उनपर ऐसी भद्दी टिप्पणी नहीं की। आखिर कौन जिम्मेदार है टीवी बहसों को इस स्तर पर ले जाने का।’ 

कांग्रेस नेता अनुमा आचार्य ने लिखा, ‘सत्तावंदना में ख़ुद को आप इस स्तर पर कब ले आईं कि पाकिस्तानी पैनलिस्ट इतनी ओछी व्यक्तिगत टिप्पणी कर गया और आपने उसे निकाल बाहर नहीं किया ? बुलाते ही क्यों हो पाकिस्तानियों को ? अपनी अस्मिता और सम्मान सबसे पहले है, क्या ये भी बताना पड़ेगा’

कांग्रेस नेता विजय सिंह ने लिखा, ‘पाकिस्तानी पैनलिस्ट ने लाइव टीवी पर चित्रा त्रिपाठी के मेकअप पर तंज कसा कहा, “जनरल आसिम मुनीर तो बलूचिस्तान संभाल लेंगे… लेकिन आपके 50 किलो मेकअप का खर्चा भी क्या मोदी जी ही उठाते हैं’

सपा समर्थक शिवम यादव ने लिखा, ‘अगर बिना REPORT किए गए तो दोस्ती खत्म ,  पाकिस्तान का पैनलिस्ट चित्रा आंटी के शो में बैठकर पूरी इज्जत उतार कर चला गया ,  ये TRP के लिए दुश्मन देश के लोगों को बैठाती थी अगर कोई विपक्ष का नेता इतना बोल देता तो उछली-उछली घूमती।’

कविश अजीज ने भी इस वीडियो को पोस्ट किया।

इसके अलावा पारुल, दिनेश चौहान, आलोक यादव, राजेश बेनीवाल, अहमद, एके स्टालिन, सरल व्यंग्या ने भी वीडियो पोस्ट किया है।

क्या है हकीकत? पड़ताल में हमने देखा कि वायरल वीडियो पर ‘पहलगाम के पापी नहीं बचेंगे, आज नहीं तो कल मरेंगे’ जैसी ब्रेकिंग चलाई जा रही है। इससे ऐसा लगता है कि यह वीडियो जम्मू कश्मीर के पहलगाम में आतंकी हमले के आसपास का है। घाटी में अप्रैल 2025 में आतंकी हमला हुआ था जिसमे 26 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में ज्यादातर पर्यटक थे।

हमने इस सम्बन्ध में सर्च किया तो चित्रा त्रिपाठी के महादंगल शो का यह वीडियो एबीपी न्यूज के यूट्यूब चैनल पर मिला। इस शो में चित्रा त्रिपाठी के साथ लेफ्टिनेंट जनरल शंकर प्रसाद, मेजर जनरल अश्विनी सिवाच शामिल हुए थे इसके अलावा पाकिस्तान से पत्रकार हैदर हयात खान और मुकीम अहमद ने भी इस डिबेट में हिस्सा लिया था।

इस वीडियो में 18 मिनट से वायरल वीडियो वाले हिस्से को देखा जा सकता है। चित्रा त्रिपाठी कहती, ‘अपने बलूचिस्तान को देखिए, खैबरपख्तून को देखिए, पीओके को देखिए… इस बार कटेंगे तो चार टुकड़ों में बटेंगे। आप चिंता मत कीजिए……..।’ वायरल वीडियो में इसी हिस्से को एडिट कर चित्रा त्रिपाठी का मेकअप को लेकर मजाक बनाया गया है।

पड़ताल में हमे वायरल वीडियो एक पाकिस्तानी फेसबुक यूजर ‘Atta Muhammad Mari’ के अकाउंट पर मिली। इस वीडियो को 6 अप्रैल 2026 को अपलोड किया गया है।

पड़ताल में यह भी पता चला कि ‘Atta Muhammad Mari’ के फेसबुक पेज पर इसी तरह के कई वीडियो हैं जिसमे वो भारतीय मीडिया चैनल की टीवी डिबेट को एडिट कर अपलोड करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *