अमित शाह ने नहीं कहा कि UGC पूरे देश में लागू होगा, वायरल अखबार की कटिंग फर्जी है
सोशल मीडिया पर दैनिक जागरण अखबार की एक कथित कटिंग वायरल हो रही है। इस कटिंग में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की तस्वीर के साथ एक खबर प्रकाशित है कि UGC कानून पूरे भारत में हर हाल में लागू होगा। कटिंग में अमित शाह के हवाले से इसे शिक्षा व्यवस्था में ऐतिहासिक बदलाव बताया गया है।
क्या लिख रहे हैं लोग?
अजय सनातनी ने एक्स पर लिखा, ‘जब नाश मनुष्य पर छाता है,, पहले विवेक मर जाता है!! लगता है अगले चुनाव में ये लोग बीजेपी को ले डूबेंगे क्योंकि अब इन लोगों की बुद्धि काम नहीं कर रही है??’
जब नाश मनुष्य पर छाता है,, पहले विवेक मर जाता है!! लगता है अगले चुनाव में ये लोग बीजेपी को ले डूबेंगे क्योंकि अब इन लोगों की बुद्धि काम नहीं कर रही है?? #UGC_ROLL_BACK https://t.co/d9Vj9uXZdQ
— ajay sanatani (@AJAYKUM95107739) November 16, 2026
विष्णु पाठक आजाद ने लिखा, ‘अगर ये सच है तो भाजपा की सामान्य वर्ग के प्रति कितनी घृणित सोच है।’
अगर ये सच है तो भाजपा की सामान्य वर्ग के प्रति कितनी घृणित सोच है। #सवर्ण_विरोधी_भाजपा_RSS https://t.co/SoUPfKddQf
— विष्णु पाठक आजाद (@VPP_IND) November 17, 2026
फेसबुक यूजर JP Singh ने पोस्ट कर लिखा, ‘सच्ची बातें हिमाचल प्रदेश के सवर्णों, सुन रहे हो, देख रहे हो कितनी गुलामी करोगे, बीजेपी कांग्रेस की, अभी तो खड़े हो जाओ अपने बच्चों के लिए जय भवानी।’

इसके अलावा प्रखर भारत, आरएन मिश्रा, आरक्षण हटाओ आंदोलन 15k, कश्यपाचार्य, पारुल सिंह, करणी सेना, कृष्ण कांत तिवारी, आर एन मिश्रा, विष्णु पाठक आजाद,विनय द्विवेदी राष्ट्रवादी, ने भी इस कटिंग को शेयर किया है।
क्या है हकीकत?
पड़ताल के दौरान दैनिक जागरण के नाम पर सोशल मीडिया पर वायरल हो रही इस कथित अखबारी कटिंग में कई गलतियां और विसंगतियां नजर आईं। कटिंग में 4 नवंबर 2026 के साथ मंगलवार लिखा है जबकि 4 नवंबर 2026 को बुधवार था। इस तरह की गलतियाँ किसी वास्तविक राष्ट्रीय अखबार की प्रकाशित खबर के बजाय AI से तैयार की गई तस्वीर की ओर इशारा करती हैं।

हमने दैनिक जागरण के नाम से वायरल इस कथित फ्रंट पेज की जांच AI डिटेक्शन टूल्स की मदद से शुरू की। सबसे पहले हमने इसे गूगल के ‘SynthID’ टूल पर अपलोड किया। टूल के एनालिसिस में इस तस्वीर में OpenAI की मदद से तैयार किए गए कंटेंट या AI के जरिए उसमें किए गए बदलावों के संकेत मिले।

पड़ताल में हमने देखा कि अमित शाह के बयान वाली इस वायरल कटिंग के शीर्ष पर 4 नवंबर 2026 की तारीख दर्ज है और इसे दैनिक जागरण का नई दिल्ली संस्करण बताया गया है। इसलिए हमने 4 नवंबर 2026 का दैनिक जागरण अखबार भी खंगाला। हालांकि, उस दिन के अखबार में भी हमें ऐसी कोई खबर प्रकाशित नहीं मिली, जैसी वायरल कटिंग में दिखाई गई है।

| दावा | अमित शाह ने कहा कि UGC कानून पूरे देश में लागू होगा और इससे शिक्षा व्यवस्था में ऐतिहासिक बदलाव आएगा। |
| हकीकत | दैनिक जागरण के नाम से वायरल यह कटिंग AI जनरेटेड है। पड़ताल में कटिंग की तारीख और दिन में विसंगति मिली। AI डिटेक्शन टूल SynthID के विश्लेषण में भी AI से तैयार किए गए कंटेंट या उसमें AI के जरिए बदलाव किए जाने के संकेत मिले। दैनिक जागरण ने ऐसी खबर प्रकाशित नहीं की है। |



No Comment! Be the first one.