यूपी के नोएडा के कई औद्योगिक क्षेत्रों में वेतन वृद्धि की मांग को लेकर श्रमिकों का प्रदर्शन सोमवार, 13 अप्रैल को हिंसक हो गया। इस दौरान पथराव, आगजनी और तोड़फोड़ की घटनाएं सामने आईं, वाहनों को आग के हवाले कर दिया गया और संपत्ति को नुकसान पहुंचाया गया। इस बीच सोशल मीडिया में एक वीडियो वायरल है। इस वीडियो में पुलिस एक युवक को लात मारकर वाहन में बैठाती हुई नजर आ रही है। लोग इस वीडियो को नोएडा का बता रहे हैं।
आरजेडी प्रवक्ता प्रियंका भारती ने एक्स पर वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा, ‘नोएडा में कर्मचारी हड़ताल पर है, उनकी न्यायसंगत मांगों को सरकार इस बेदर्दी से कुचलती हुई! नोएडा DM हमारे ज्ञानेश जी की बिटिया है, क्या ऐसे पुलिसकर्मियों पर कोई कार्रवाई होगी?’
नोएडा में कर्मचारी हड़ताल पर है, उनकी न्यायसंगत मांगों को सरकार इस बेदर्दी से कुचलती हुई!
— Priyanka Bharti (@priyanka2bharti) April 14, 2026
नोएडा DM हमारे ज्ञानेश जी की बिटिया है, क्या ऐसे पुलिसकर्मियों पर कोई कार्रवाई होगी?
pic.twitter.com/eHG6vYOjy1
डॉ. कंचन यादव ने लिखा, ‘गोदी मीडिया मजदूरों का पाकिस्तान कनेक्शन बता रही है, तो नोएडा पुलिस लात मारकर सैलरी बढ़ा रही है। इसी बीच मोदी जी ने पश्चिम बंगाल में कसम खाई है कि वे उन्हीं के लिए जिएंगे और उन्हीं के लिए मरेंगे, क्योंकि वहां चुनाव जो है।’
गोदी मीडिया मजदूरों का पाकिस्तान कनेक्शन बता रही है, तो नोएडा पुलिस लात मारकर सैलरी बढ़ा रही है।
— Dr. Kanchana Yadav (@Kanchanyadav000) April 14, 2026
इसी बीच मोदी जी ने पश्चिम बंगाल में कसम खाई है कि वे उन्हीं के लिए जिएंगे और उन्हीं के लिए मरेंगे, क्योंकि वहां चुनाव जो है। pic.twitter.com/QSRR95nDBl
इसके अलावा विजय सिंह, खुरपेंच, मुकेश माथुर, योगेश मीणा और आनंद प्रकाश विश्वकर्मा ने भी इस वीडियो को शेयर किया है।
क्या है हकीकत? पड़ताल में यह वीडियो हमे यूट्यूब पर ‘VIRAT 24 NEWS’ चैनल पर मिला। इस वीडियो को 11 अप्रैल को अपलोड किया गया था। इस रिपोर्ट के मुताबिक मध्यप्रदेश के शहडोल जिले में एक नशेड़ी युवक ने इलेक्ट्रॉनिक दुकान पर तोड़फोड़ की। दुकानदार ने जब इसका विरोध जताया तो युवक ने गाली गालौच की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक को काबू किया और उसे अपने साथ ले गयी।
इस सम्बन्ध में हमे दैनिक भास्कर की वेबसाइट पर प्रकाशित रिपोर्ट भी मिली। रिपोर्ट के मुताबिक शहडोल जिले के बुढार थाना क्षेत्र में जैतपुर तिराहे के पास स्थित विक्की गुप्ता की इलेक्ट्रॉनिक दुकान में हुई। जानकारी के अनुसार, सुनील कुमार शुक्ला नामक युवक नशे की हालत में दुकान में घुस गया और सामान की तोड़फोड़ शुरू कर दी। जब दुकानदार ने इसका विरोध किया, तो आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए हंगामा किया, जिससे मौके पर भीड़ जमा हो गई और स्थिति तनावपूर्ण हो गई। घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 और बुढार थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर भी युवक शांत नहीं हुआ, बल्कि और उग्र हो गया। उसने पुलिसकर्मियों से बहस की और वाहन में बैठने से इनकार कर दिया। युवक को काबू में करने के दौरान पुलिस और उसके बीच धक्का-मुक्की भी हुई।

बुढार थाना प्रभारी विनय सिंह ने बताया कि युवक नशे में था और लगातार हंगामा कर रहा था। भीड़ बढ़ने से स्थिति बिगड़ने का खतरा था इसलिए उसे तुरंत हिरासत में लेना आवश्यक था। पुलिस ने दुकानदार विक्की गुप्ता की शिकायत पर आरोपी सुनील कुमार शुक्ला के खिलाफ गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी सहित कई धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।

