Breaking
30 Aug 2026, Sun

ब्राह्मण-ठाकुरों द्वारा भाजपा नेता को पीटने का दावा भ्रामक है

UGC के नए नियमों और आरक्षण व्यवस्था के विरोध में देश के अलग-अलग हिस्सों में सवर्ण संगठन अपना विरोध प्रदर्शन का रहे हैं। इसी बीच सोशल मीडिया में एक वीडियो वायरल हुआ है जिसमे दो पक्षों में मारपीट हो रही है। वीडियो के साथ दावा है कि एक गाँव में प्रवेश के दौरान ब्राह्मण-ठाकुरों ने भाजपा नेता को पीटा है।

क्या लिख रहे हैं लोग?

ऋतू ने एक्स पर वीडियो पोस्ट कर लिखा, ‘वो दिन आ गया है… जैसा अनुमान था, हिंदुओं ने ‘भाजी-पाव’ संघी नेताओं की धुलाई शुरू कर दी है!!  खबरों के मुताबिक, जब एक BJP नेता गाँव में घुसा तो ब्राह्मणों और ठाकुरों ने मिलकर उसकी पिटाई कर दी। गाड़ी के नंबर से पता चलता है कि यह ‘डबल इंजन’ वाली सरकार का मामला है – यह घटना UP में हुई है BJP नेता की ज़बरदस्त धुलाई हुई है यह तो बस शुरुआत है।’

एक यूजर Reservation Hatao Andolan ने लिखा, ‘गांव में घुसते ही भाजपा नेता पर ब्राह्मण और ठाकुरों (General) का हमला’

राजपूत सोनू सिंह ने लिखा, ‘राष्ट्रीय सह संयोजक शिवानंद द्विवेदी जी का स्वागत सवर्ण समाज द्वारा  अब ऐसा ही स्वागत किया जाना चाहिए क्योंकि इनको भी पता चल जाएगा कि बीजेपी सरकार में तुम्हारा सामान्य वर्ग ही स्वागत कर सकता है अच्छे से ज्यादा अच्छा स्वागत करना चाहिए’

श्रीकांत उपाध्याय ने लिखा, ‘गांव में घुसते ही भाजपा नेताओं पर सवर्णों का हमला सवर्णों ने कहा। जब सवर्ण नेता UGC रेगुलेशन, SCST एक्ट और जातिगत आरक्षण पर चुप है। तो वोट मांगने और प्रचार करने भी न आए।’

इसके अलावा बेटी महाकाल की, अमित पंडित, सवर्ण समाज, सुशील चौहान, कीर्ति प्रताप सिंह ने भी इसी तरह का दावा किया है

क्या है हकीकत? 

पड़ताल में हमे यह वीडियो ‘देवरिया लाइव’ के फेसबुक पेज पर मिला। पोस्ट में लिखा है, ‘भाजपा के राष्ट्रीय सोशल मीडिया सहसंयोजक शिवानंद द्विवेदी के स्वागत कार्यक्रम के दौरान देवरिया में पार्टी के दो गुट जिलाध्यक्ष की उपस्थिति में आपस में ही भिड़ गए। गौरी बाजार थाना क्षेत्र के खरोह चौराहे पर आयोजित इस कार्यक्रम में किसी बात को लेकर शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते हिंसक मारपीट में बदल गई। दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले और एक युवक को टारगेट कर गंभीर रूप से पीटा गया। जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कई लोग घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया गया।’

इन कीवर्ड्स की मदद से हमने गूगल सर्च किया तो दैनिक भास्कर, अमर उजाला की वेबसाइट पर प्रकाशित रिपोर्ट मिली। रिपोर्ट के मुताबिक भाजपा के राष्ट्रीय सोशल मीडिया सह संयोजक शिवानंद द्विवेदी गोरखपुर एयरपोर्ट से लौट रहे थे। उनके स्वागत के लिए पार्टी कार्यकर्ता सड़क किनारे जुटे थे। इसी दौरान वाहनों को आगे निकालने और ओवरटेक करने को लेकर दो पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया। 

मामला मारपीट तक पहुंचने के बाद गौरीबाजार पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर मुकदमे दर्ज किए हैं। एक पक्ष से सलेमपुर के पूर्व सांसद रविंद्र कुशवाहा के चालक इंद्रेश यादव समेत नौ लोगों को नामजद किया गया है। दूसरे पक्ष की तहरीर पर लार ब्लॉक प्रमुख के पति अमित सिंह बबलू, शुभम जायसवाल समेत अन्य के खिलाफ केस दर्ज हुआ है।

बता दें कि देवरिया जिले के लार विकास खंड के निवासी शिवानंद द्विवेदी को भारतीय जनता पार्टी का राष्ट्रीय सोशल मीडिया सह-संयोजक बनाया गया है। इस उपलब्धि पर गांव व जनपद में खुशी का माहौल है। वे लंबे समय से पार्टी से जुड़े हैं और चुनावी रणनीति और सोशल मीडिया में सक्रिय रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *