Breaking
13 Feb 2026, Fri

जौनपुर में घंटा चोरी के आरोपी ब्रजेश और प्यारेलाल ब्राह्मण नही हैं

बीते दिनों से सोशल मीडिया में एक वीडियो वायरल है, इस वीडियो के साथ दावा है मंदिरों से घंटे चोरी की घटना में पुलिस ने तीन ब्राह्मणों को पकड़ा है।

रवि परमार ने एक्स पर वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा, ‘भगवान की आंखो में धूल झोंककर मंदिर से चोरी करने के जुर्म में ब्रजेश मिश्रा, प्यारेलाल मिश्रा, रिंकु पंडित गिरफ्तार, एक दिन ऐसा नहीं बीतता जब मनुवादी कोई क्राइम नहीं करता हो’

कांग्रेस नेता अरुणेश यादव ने लिखा, ‘मंदिरों से घंटा चुराने वाले…. मनुवादी ब्रजेश मिश्रा, प्यारेलाल मिश्रा, रिंकु पंडित, को पुलिस ने गिरफ्तार किया’

श्रीराज ने लिखा, ‘मंदिरों से घंटा चुराने वाले…. ब्रजेश मिश्र प्यारेलाल मिश्रा रिंकु पंडित गिरफ्तार दान पेटी तो सदियों से चुराते ही थे अब मंदिर का घंटा भी चुराने लगे बड़ी नीच प्रजाति है’

इसके अलावा प्रियांशु कुमार, मौर्यवंश की बेटी, राजेन्द्र चौधरी, अनिल कुमार, रवि शंकर, आनन्द ने भी पोस्ट किया है।

क्या है हकीकत? पड़ताल हमने वायरल वीडियो के स्क्रीनशॉट को गूगल सर्च किया तो अमर उजाला की वेबसाइट पर प्रकाशित रिपोर्ट मिली। 9 जुलाई 2025 को प्रकाशित इस रिपोर्ट के मुताबिक जौनपुर पुलिस ने मंदिरों को निशाना बनाकर चोरी करने वाले गिरोह को पकड़ा। उनके पास से मंदिरों से चोरी हुए पीतल के 85 घंटे बरामद हुए। पुलिस ने बृजेश गौतम, पप्पू उर्फ प्यारे लाल, हरि श्याम अग्रहरि उर्फ भोला उर्फ देव को गिरफ्तार किया है। जबकि इनके दो साथी रिंकू पण्डित उर्फ भीम दूबे उर्फ दीपक, अरुन उर्फ लल्लू उर्फ खलीफा फरार हो गए।

हमे इस सम्बन्ध में जौनपुर पुलिस का प्रेस नोट भी मिला जिसमे आरोपियों के नाम व पता बताए गये हैं।

  • बृजेश गौतम पुत्र फूलचन्द गौतम निवासी ग्राम कोटिला मुरादपुर थाना बदलापुर जौनपुर 
  • पप्पू उर्फ प्यारे लाल पुत्र गिरधारी लाल निवासी नरवारी थाना आसपुर देवसरा जनपद प्रतापगढ़
  • हरि श्याम अग्रहरि उर्फ भोला उर्फ देव पुत्र श्याम नारायण अग्रहरि निवासी कोईरीपुर थाना चांदा सुल्तानपुर 
  • रिंकू पण्डित उर्फ भीम दूबे उर्फ दीपक पुत्र राम प्रकाश दूबे निवासी ग्राम पिलकिछा थाना खुटहन जनपद जौनपुर 
  • अरुन उर्फ लल्लू उर्फ खलीफा पुत्र छोटे लाल निवासी बरचौली थाना आसपुर देवसरा जनपद प्रतापगढ़

इसके बाद हमने जौनपुर के बदलापुर थाना क्षेत्र के कोटिला मुरादपुर गाँव के प्रधान सुनील पाल से सम्पर्क किया। उन्होंने बताया कि बृजेश गौतम अनुसूचित जाति वर्ग की जाटव जाति से आता है। पिछले साल जुलाई में चोरी की घटना के मामले में पुलिस ने पकड़कर जेल भेज दिया था।

हमने प्रतापगढ़ के थाना आसपुर देवसरा क्षेत्र के नरवारी गाँव प्रधान सुरेन्द्र यादव से भी बात की। उन्होंने स्पष्ट किया कि पप्पू उर्फ प्यारे लाल अनुसूचित जाति वर्ग की जाटव जाति से आता है। वो पंडित नहीं है। इसके बाद हमारी बात सुल्तानपुर के थाना चांदा की नगर पंचायत कोईरीपुर के सभासद पन्नालाल अग्रहरि से हुई। उन्होंने बताया कि हरि श्याम अग्रहरि बनिया जाति से हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *