Breaking
18 Apr 2026, Sat

धुरंधर फिल्म के बाद पाकिस्तान में जासूसों की तलाशी के नाम पर वायरल वीडियो फर्जी हैं

आदित्य धर द्वारा निर्देशित जासूसी एक्शन थ्रिलर फिल्म ‘धुरंधर: द रिवेंज’ (Dhurandhar: The Revenge) 19 मार्च 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज़ हुई है। इससे पहले ‘धुरंधर’ 5 दिसंबर 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। फिल्म में रणवीर सिंह ने इंडियन स्पाई हमजा का किरदार निभाया है। वह ल्यारी में रहमान डकैत और उजैर बलोच के गैंग में घुसकर भारत के कई बड़े दुश्मनों का सफाया करता है। फिल्म रिलीज होने के बाद सोशल मीडिया में कई वीडियो वायरल हैं। इन वीडियो के साथ दावा है कि फिल्म की रिलीज से पाकिस्तान में हडकंप मच गया है, पुलिस अब भारतीय जासूसों को तलाशकर पकड रही है।

एक एक्स यूजर ‘Cyber Huntss’ उर्फ़ संजय सोनी ने लिखा, ‘… धुरंधर 2 के बाद पाकिस्तानियों की फटी पड़ी हैं। ल्यारी के हर कोने में भारत के जासूसों को ढूंढा जा रहा हैं। अब इन गधों को कौन समझाये की ल्यारी में बिजी करके वो लाहौर या कहीं और लंका लगाने वाले हैं।’

एक यूजर Kreately ने लिखा, ‘कराची पुलिस हमजा की तलाश कर रही है। पूरा देश किसी न किसी नशे की लत में डूबा हुआ है।’

एक यूजर ocean jain ने लिखा, ‘धुरंधर 2 के बाद पाकिस्तान में ख़ौफ़ का माहौल है। अब पुलिस और स्थानीय लोग पाकिस्तान की हर गली में भारतीय जासूसों की तलाश कर रहे हैं।’ 

किकी सिंह ने लिखा, ‘धुरंधर 2 के बाद पाकिस्तान पुलिस ल्यारी कराची के हर सड़क और चौराहे पर भारतीय जासूस हम्ज़ा अली मनजारी की तलाश करते‌‌ हुए’

दीपक शर्मा ने लिखा, ‘धुरंधर 2 से पाकिस्तान में फैला इन्फेक्शन पाकिस्तान के ल्यारी छेत्र में पाकिस्तानी भारतीय Raw एजेंट्स को ढूंढ़ने के चक़्कर में वहां के लोकल मुस्लिमों को ढूंढ ढूंढ कर मार रहे अब तक़ शक के आधार पर 7 मुस्लिम मारे जा चुके हैं लेकिन वहां का मीडिया इन खबरों को नहीं दिखा रहा’

इसके अलावा दिव्या गंदोत्रा, अनिल यादव, प्रियांशु कुमार ने भी वीडियो पोस्ट किया।

क्या है हकीकत? पड़ताल में हमने वीडियो के अलग अलग स्क्रीनशॉट को गूगल रिवर्स सर्च किया तो एक वीडियो हमे पाकिस्तानी यूजर ‘Kawish Parekh’ की इन्स्टाग्राम प्रोफाइल पर मिला। इस वीडियो को धुरंधर फिल्म की रिलीज से पहले 2 अगस्त 2025 को पोस्ट किया गया था।  

इस वीडियो में एक कैप लगाए दाढ़ी वाला शख्स है। यह शख्स पुलिस के साथ कुछ लोगों को पकड़ता हुआ नजर आ रहा है। वो कहता है, ‘.. बड़ा ऑपरेशन। सपने देख रहे थे, सारे सपने पुलिस ने तोड़ दिए। किसकी बाईक चुरानी है, किसकी बैट्री चुरानी है।’

वहीं दूसरा वीडियो हमे ‘Kawish Parekh’ के फेसबुक पेज पर मिला। इस वीडियो को भी धुरंधर फिल्म की रिलीज से पहले 29 नवम्बर 2025 को पोस्ट किया गया था। इस वीडियो में भी वहीं कैप लगाए दाढ़ी वाला शख्स है। वीडियो में वो एक बुजुर्ग बाबा से खाने के लिए पूछ रहा है।

पड़ताल में हमे कैप लगाए दाढ़ी वाला शख्स का फेसबुक पेजGrand Operation भी मिला। उनका एक इन्स्टाग्राम अकाउंट भी है जिस पर अपना नाम यूनिस अमिन बताया है। यूनिस अमिन ने फेसबुक पर 27 दिसम्बर 2025 को एक वीडियो पोस्ट किया था। इस वीडियो में बताया जा रहा है कि लोगों की तलाशी में साईकल का सामान मिला है। यह वीडियो भी फिल्म की रिलीज से पहले का है। जिसे अब धुरंधर को लेकर जासूसों की तलाशी से जोड़ा गया है।

दरअसल Kawish Parekh और ‘Grand Operation‘ की फेसबुक प्रोफाइल में ऐसे कई वीडियो हैं। जिनमे फुटपाथ पर सोने, कूड़ा जमा करने वालों को पुलिस की मदद से चोरी, नशा जैसे अपराध के आरोप में पकड़ा जा रहा है।

Grand Operation के फेसबुक के कवर पर एंटी नारकोटिक्स एंड क्राइम कंट्रोल का लोगो लगा हुआ है। एंटी नारकोटिक्स एंड क्राइम कंट्रोल की वेबसाइट के मुताबिक Anti Narcotics & Crime Control (ANCC) पकिस्तान की एक NGO है जो पुलिस और सरकार की मदद से नशे के आदी लोगों की पहचान कर उन्हें पकड़ता है। ANCC का उद्देश्य नशे की लत से जूझ रहे लोगों को एक सुरक्षित और सहयोगपूर्ण वातावरण प्रदान करना है, ताकि वे ठीक होकर समाज में दोबारा शामिल हो सकें।

वायरल वीडियो वाले यूनुस अमिन ANCC के ऑपरेशनल डायरेक्टर हैं। यूनुस कराची में पुलिस के साथ मिलकर सुरक्षा सुधारने और मानवाधिकारों को बनाए रखने का काम करते हैं।

दावाधुरंधर फिल्म के बाद पाकिस्तान में जासूसों की तलाशी चल रही है।
हकीकतयह वीडियो धुरंधर फिल्म की रिलीज से पहले से ऑनलाइन मौजूद हैं। वीडियो में पाकिस्तानी कंटेंट क्रियेटर यूनिस अमिन पुलिस के सहयोग से चोर, नशेड़ियों को पकड़ता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *