ओवैसी और चंद्रशेखर की BJP से 1000 करोड़ की डील? वायरल अखबार की कटिंग AI जेनरेटेड है
बीते गुरुवार को लखनऊ में एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी और आज़ाद समाज पार्टी (कांशीराम) के अध्यक्ष चंद्रशेखर आज़ाद ने उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए गठबंधन का एलान किया। सामाजिक परिवर्तन मोर्चा गठबंधन से मुख्य विपक्षी दल समाजवादी पार्टी (सपा) को सबसे ज्यादा नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है। माना जा रहा है कि यह गठबंधन सपा के वोटों में सेंध लगा सकता है। इसी बीच सोशल मीडिया में अखवार की एक कटिंग वायरल है। दावा है कि भारतीय जनता पार्टी ने असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आज़ाद के साथ एक हजार करोड़ रुपये की डील की है। जिसके तहत दोनों राजनेता दूसरे विपक्षी दलों को नुकसान पहुचाएंगे।
क्या लिख रहे हैं लोग?
रवि आर्या ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा, ‘कह दो कि यह झूठ है? 1000 करोड़ की डील है जो बीजेपी प्रचार में 7000 करोड़ खर्च कर सकती है उसके लिए 1000 कौन सी बड़ी बात है?’
कह दो कि यह झूठ है? 1000 करोड़ की डील है जो बीजेपी प्रचार में 7000 करोड़ खर्च कर सकती है उसके लिए 1000 कौन सी बड़ी बात है? @BhimArmyChief @asadowaisi https://t.co/sii1j23jV2
— Ravi Arya (@raviadi7793) November 15, 2026
मुरली लाल भारती ने लिखा, ‘दाढ़ी और मूँछ – निकली भाजपा की पूँछ अब अंधभक्त किधर करेंगे कूँच?’
दाढ़ी और मूँछ – निकली भाजपा की पूँछ अब अंधभक्त किधर करेंगे कूँच? https://t.co/srXrspXx0T
— Murari Lal Bharti (@MurariLalBharti) November 14, 2026
विष्णु पाठक आजाद ने लिखा, ‘ये लो अब तो मीडिया भी खुलकर दिखा रही है।’
ये लो अब तो मीडिया भी खुलकर दिखा रही है। https://t.co/TUvQzO277b
— विष्णु पाठक आजाद (@VPP_IND) November 16, 2026
कामेश कुमार ने लिखा, ‘बीजेपी से 1000 करोड़ की डील हुई है चंद्रशेखर और ओवैसी की। ये लोग समाज के हितैषी बने फिरते हैं दर असल ये लोग केवल पैसे कमाने आय है इन लोगों को जनता से कोई मतलब नहीं है।’
बीजेपी से 1000 करोड़ की डील हुई है चंद्रशेखर और ओवैसी की। ये लोग समाज के हितैषी बने फिरते हैं दर असल ये लोग केवल पैसे कमाने आय है इन लोगों को जनता से कोई मतलब नहीं है। https://t.co/G8g4fPT9l9
— कामेश कुमार (@KAMESHKUMAR96) November 15, 2026
इसके अलावा खुशी बीएसपी, डी.एस. सिरवालिया ने भी इस तस्वीर को शेयर किया।
क्या है हकीकत?
पड़ताल में हमने ‘BJP Owaisi Chandrashekhar Azad 1000 crore deal’ और ‘चंद्रशेखर ओवैसी बीजेपी 1000 करोड़ डील’ जैसे की-वर्ड्स को गूगल सर्च किया। हमें दोनों नेताओं के गठबंधन से जुड़ी कई समाचार रिपोर्टें मिलीं, लेकिन किसी भी विश्वसनीय समाचार रिपोर्ट में भाजपा के साथ 1,000 करोड़ रुपये की डील होने की पुष्टि नहीं मिली। पड़ताल के दौरान हमने वायरल अखबार की कटिंग को भी बारीकी से देखा। इसमें कई गंभीर खामियां नजर आईं। लेख में भाजपा और दोनों नेताओं के बीच कथित 1,000 करोड़ रुपये की डील का दावा किया गया है, लेकिन इसके समर्थन में कोई ठोस सबूत या सत्यापन योग्य जानकारी नहीं दी गई है। इसके लिए महज ‘सूत्रों’ का हवाला दिया गया है।
इसके अलावा, कटिंग में कई जगह वर्तनी और मुद्रण संबंधी गलतियां भी दिखाई देती हैं। उदाहरण के तौर पर, ‘विधानसभा’ को ‘विधानसथा’, ‘विपक्ष’ को ‘विषक्ष’, ‘पहले’ को ‘पहुले’, ‘बंगलों’ को ‘बागले’ और ‘विशेषज्ञों’ को ‘विशेषझों’ लिखा गया है। इतनी अधिक गलतियां किसी प्रकाशित अखबार की प्रामाणिकता पर सवाल खड़े करती हैं।

इसके बाद हमने हमने वायरल अखबार की कटिंग को गूगल के AI डिटेक्शन टूल ‘SynthID’ पर अपलोड करके जांच की। जांच के दौरान टूल ने ‘SynthID was detected’ का परिणाम दिया। यानि इस कटिंग में OpenAI का SynthID वॉटरमार्क मौजूद है। टूल ने स्पष्ट किया कि यह मीडिया OpenAI की मदद से बनाया गया है या इसमें OpenAI के जरिए एडिटिंग की गई है।

| दावा | भाजपा ने असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद के साथ उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 के लिए 1,000 करोड़ रुपये की डील की है, जिसके तहत दोनों नेता विपक्षी दलों के वोट काटकर भाजपा को फायदा पहुंचाएंगे। |
| हकीकत | भाजपा और दोनों नेताओं के बीच 1,000 करोड़ रुपये की डील होने का कोई विश्वसनीय प्रमाण नहीं मिला। वायरल अखबार की कटिंग में कई वर्तनी संबंधी गलतियां हैं और Google के SynthID टूल ने इसमें OpenAI से जुड़ा वॉटरमार्क भी डिटेक्ट किया है। इसलिए वायरल कटिंग के आधार पर किया जा रहा दावा भ्रामक है। |



No Comment! Be the first one.