Breaking
7 Apr 2026, Tue

पीएम मोदी द्वारा भगवान गणेश की मूर्ति स्वीकार न करने का झूठा दावा वायरल

सोशल मीडिया में एक वीडियो वायरल है, इस वीडियो में पीएम मोदी किसी मंच पर नजर आ रहे हैं, जहां एक शख्स उन्हें भगवान गणेश की मूर्ति देने की कोशिश करता है। इस बीच पीएम मोदी उस शख्स से सामने से हटने का इशारा करते हैं और सामने की तरफ हाथ जोड़ते हैं। उधर मंच पर खड़े और लोग भी उस शख्स को मोदी के सामने से अलग हटने का इशारा करते दिख रहे हैं। दावा किया जा रहा है कि मोदी ने मंच पर गणेश की मूर्ति लेने से इनकार कर दिया।

ब्रजेश मिश्र ने लिखा, ‘ये मोदी जी गणेश भगवान की मूर्ति को क्यों नहीं लिया? क्या भीमराव आंबेडकर के 22 प्रतिज्ञाओं का पालन कर रहे हैं।’

आरजेडी प्रवक्ता प्रियंका भारती ने एक्स पर वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा, ‘महामानव के सामने ईश्वर भी नहीं आने चाहिए’

कांग्रेस नेता अतुल पाटिल ने लिखा, ‘हटाओ गणेश जी को अपुन खुद अवतार है’

कांग्रेस नेता विजय सिंह ने लिखा, ‘कैमरा ऑन होते ही भगवान भी किनारे कर दिए जाते हैं, क्योंकि फ्रेम में अब सिर्फ “महामानव” ही रहने चाहिए।’

सौरभ दास ने लिखा, ‘जब तस्वीरों की बात आती है तो भगवान को भी पीछे हटने के लिए कहा जाता है!’

पवन तिवारी ने लिखा, ‘अब भगवान गणेश से भी इस तथाकथित महामानव को आपत्ति होने लगी है। यही है इसकी वास्तविकता। हमसे अत्यंत बड़ी भूल हुई कि हमने इसे ‘हिंदू हृदय सम्राट’ समझ लिया। आज इसे वोट देने पर गहरा पछतावा हो रहा है।’

इसके अलावा विक्रम, दे भचीड़, ने भी इस वीडियो को पोस्ट किया है।

क्या है हकीकत? वायरल वीडियो के कीफ्रेम को गूगल पर रिवर्स इमेज सर्च किया। हमें कन्नड़ न्यूज चैनल ‘विजयवाणी’ के यूट्यूूब चैनल पर 3 मई 2023 को अपलोड किया गया फुल वीडियो मिला। यह वीडियो 2023 में हुए कर्नाटक विधानसभा चुनाव के दौरान अंकोला में पीएम मोदी की एक जनसभा का है।

इसमें 8 सेकेंड्स से नजर आता है कि पीएम मोदी को स्टेज पर खड़े लोग अलग-अलग चीजें भेंट कर रहे हैं, इसके लिए सभी एक कतार में अपनी अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं। उन्हें एक मुकुट पहनाया गया है, अंगवस्त्र और शॉल भी पहनाई गई है। इस दौरान भगवान गणेश की मूर्ति थामे एक शख्स कतार से निकलकर आगे आ जाता है, उस वक्त पीएम को शॉल पहनाई जा रही थी। तब मुकुट और माला पहना रहे लोग उसे थोड़ा सा साइड होने का इशारा करते हैं। इसके बाद फिर पीएम मोदी उस व्यक्ति द्वारा भेंट की जा रही मूर्ति को स्वीकार करते हैं और उसके साथ तस्वीर भी खिंचाते है। इसके बाद पीएम मोदी अन्य लोगों से भी उपहार स्वीकार दिखाई देते हैं। इस पूरे वीडियो से स्पष्ट है कि PM नरेंद्र मोदी ने भगवान गणेश की मूर्ति को अस्वीकार नहीं किया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *