चित्रकूट में विस्फोटक बरामदगी को लेकर आतंकी साजिश का दावा भ्रामक है
सोशल मीडिया पर दावा किया जा रहा है कि उत्तर प्रदेश के चित्रकूट में पुलिस ने 200 किलो अवैध बारूद के साथ एक भाजपा नेता को गिरफ्तार किया है। इस घटना को सोशल मीडिया पर बेहद सनसनीखेज तरीके से पेश किया जा रहा है। कई पोस्ट में ऐसा नैरेटिव बनाने की कोशिश की जा रही है कि गिरफ्तार आरोपी किसी बड़ी आतंकी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे और उनके पास बरामद बारूद का इस्तेमाल किसी गंभीर हमले के लिए किया जा सकता था। इस दावे के जरिए घटना को आतंकवाद से जोड़कर देखा जा रहा है।
क्या लिख रहे हैं लोग?
आम आदमी पार्टी उत्तर प्रदेश ने एक्स हैंडल पर पोस्ट कर लिखा, ‘चित्रकूट में BJP नेता 200 किलो अवैध बारूद और विस्फोटक सामग्री सहित पकड़ा गया। क्या ‘डबल इंजन’ सरकार अब यूपी को बारूद के ढेर पर देखना चाहती है?
चित्रकूट में BJP नेता 200 किलो अवैध बारूद और विस्फोटक सामग्री सहित पकड़ा गया। क्या ‘डबल इंजन’ सरकार अब यूपी को बारूद के ढेर पर देखना चाहती है? https://t.co/8SRJHm3W8X
— Aam Aadmi Party- Uttar Pradesh (@AAPUttarPradesh) November 6, 2026
समाजवादी पार्टी के नेता आईपी सिंह ने लिखा, ‘चित्रकूट यूपी में, भाजपा/RSS नेता 200 किलो अवैध बारूद और विस्फोटक सामग्री के साथ सहित गिरफ्तार हुआ है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इसपर प्रेसवार्ता कब करेंगे?
चित्रकूट यूपी में, भाजपा/RSS नेता 200 किलो अवैध बारूद और विस्फोटक सामग्री के साथ सहित गिरफ्तार हुआ है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इसपर प्रेसवार्ता कब करेंगे? @myogiadityanath https://t.co/hpDxQECbUv
— I.P. Singh (@IPSinghSp) November 6, 2026
राष्ट्रीय जन संचार पार्टी ने लिखा, ‘चित्रकूट में भाजपा नेता 200 किलो अवैध बारूद और विस्फोटक सामग्री सहित गिरफ्तार किया गया हैदेश की जनता भाजपायों से सावधान हो !
चित्रकूट में भाजपा नेता 200 किलो अवैध बारूद और विस्फोटक सामग्री सहित गिरफ्तार किया गया है देश की जनता भाजपायों से सावधान हो !👍🚨 https://t.co/2RLfWbW5cO
— rastriy jan sanchar party (@rastrijans19021) November 5, 2026
Voice Of Rangrez ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा, ‘चित्रकूट में 200 किलो अवैध बारूद के साथ BJP नेता गिरफ्तार; पुलिस पूछताछ का वायरल वीडियो! उत्तर प्रदेश के चित्रकूट से बड़ी खबर सामने आ रही है। पुलिस ने भारी मात्रा में अवैध बारूद और विस्फोटक सामग्री के साथ एक भाजपा नेता को धर दबोचा है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने खुद कबूला कि उसके पास कोई लाइसेंस नहीं था और वह बारूद का इस्तेमाल ब्लास्ट करने के लिए कर रहा था। . . . .’
चित्रकूट में 200 किलो अवैध बारूद के साथ BJP नेता गिरफ्तार; पुलिस पूछताछ का वायरल वीडियो! उत्तर प्रदेश के चित्रकूट से बड़ी खबर सामने आ रही है। पुलिस ने भारी मात्रा में अवैध बारूद और विस्फोटक सामग्री के साथ एक भाजपा नेता को धर दबोचा है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने खुद कबूला कि उसके पास कोई लाइसेंस नहीं था और वह बारूद का इस्तेमाल ब्लास्ट करने के लिए कर रहा था। . . . .
— Voice Of Rangrez (@Rangrez001) November 5, 2026
सलोनी चौहान ने इन्स्टाग्राम वीडियो में बताया है कि उत्तर प्रदेश में बम ब्लास्ट हो सकता है, पुलवामा जैसी आतंकी घटना हो सकती है…।’
इसके अलावा मनोज यादव ने भी यही दावा किया।
क्या है हकीकत?
दावे की पड़ताल के लिए संबंधित कीवर्ड की मदद से गूगल सर्च करने पर हमें 4 नवंबर, 2026 को प्रकाशित दैनिक भास्कर की एक रिपोर्ट मिली। रिपोर्ट के मुताबिक, यह मामला चित्रकूट जिले के मारकुंडी थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने चेकिंग के दौरान दो युवकों को पकड़ा था। उनके पास से करीब दो क्विंटल विस्फोटक सामग्री बरामद हुई थी। युवकों की पहचान हरि गोपाल मिश्रा और पप्पू तिवारी के रूप में हुई है।
दैनिक भास्कर की रिपोर्ट में पुलिस के हवाले से बताया गया था कि मामले और बरामद विस्फोटक सामग्री के संबंध में विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। जांच के बाद ही आरोपियों के मकसद का पता चल सकेगा। हालांकि, रिपोर्ट में हरि गोपाल मिश्रा के हवाले से बताया गया कि वे कुएं में विस्फोट करने जा रहे थे।
इसके बाद 5 नवंबर, 2026 को प्रकाशित अमर उजाला की रिपोर्ट में इस मामले से जुड़ी कुछ और जानकारियां सामने आईं। रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे इस विस्फोटक सामग्री का इस्तेमाल पटाखे बनाने में करने वाले थे। एसपी अरुण कुमार सिंह के हवाले से रिपोर्ट में बताया गया आरोपी मध्य प्रदेश के मझगवां से कुआं खोदने के लिए विस्फोटक सामग्री लेकर आ रहे थे। एसपी ने यह भी बताया कि बरामद विस्फोटक पत्थर की खदानों में चट्टानें तोड़ने के लिए इस्तेमाल होने वाला प्रतीत होता है।
इस मामले की अधिक जानकारी के लिए हमने चित्रकूट के एसपी अरुण कुमार सिंह से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि आरोपियों के पास से बरामद विस्फोटक सामग्री का इस्तेमाल कुआं खोदने के लिए किया जाना था। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह मामला किसी आतंकवादी गतिविधि या बड़ी साजिश से जुड़ा नहीं है। साथ ही, दोनों आरोपियों का कोई पुराना आपराधिक इतिहास भी सामने नहीं आया है।
| दावा | उत्तर प्रदेश के चित्रकूट में पुलिस ने 200 किलो अवैध बारूद के साथ भाजपा नेता को गिरफ्तार किया है। आरोपी बड़ी आतंकी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे। |
| हकीकत | चित्रकूट में करीब 199 किलो विस्फोटक सामग्री के साथ दो युवकों की गिरफ्तारी की घटना को आतंकी वारदात या किसी बड़ी साजिश से जोड़कर पेश करने का दावा भ्रामक है। विस्फोटक सामग्री कुआं खोदने के लिए ले जाई जा रही थी और मामले में किसी आतंकी साजिश की बात सामने नहीं आई है। |



No Comment! Be the first one.