बीजेपी ने सोशल मीडिया हैंडल से पीएम मोदी की 10वीं की फर्जी मार्कशीट शेयर नहीं की
सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 10वीं कक्षा की एक कथित मार्कशीट वायरल हो रही है। इस दस्तावेज में छात्र का नाम ‘नरेंद्र दामोदरदास मोदी’ दर्ज है। मार्कशीट के मुताबिक, नरेंद्र मोदी ने वर्ष 1967-68 में गुजरात के वडनगर स्थित माध्यमिक विद्यालय से कक्षा 10वीं की परीक्षा पास की थी। लोगों का दावा है कि यह दस्तावेज वर्ष 1967 का है, इसमें प्रधानमंत्री मोदी की मां का नाम भी दर्ज है जबकि मार्कशीट में मां का नाम दर्ज करने की व्यवस्था वर्ष 1998 के बाद शुरू हुई थी। इसके अलावा, मार्कशीट में कुल छह विषय दर्ज हैं, लेकिन अधिकतम अंकों का योग 600 के बजाय 500 दिया गया है। दावा किया जा रहा है कि इस मार्कशीट को भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट से साझा किया था। यानी भाजपा पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पढ़ा-लिखा नेता साबित करने के लिए फर्जी मार्कशीट प्रचारित करने का आरोप लगाया जा रहा है।
क्या लिख रहे हैं लोग?
इंस्टाग्राम यूजर लूसी मोहपात्रा ने अपने एक वीडियो में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की इस कथित मार्कशीट को दिखाते हुए इसकी प्रामाणिकता पर सवाल खड़े किए। वीडियो में कहा कि भाजपा ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम हैंडल से यह मार्कशीट साझा की है। उन्होंने मार्कशीट में दिखाई देने वाली कमियों के आधार पर इसे फर्जी बताया। इस तरह भाजपा पर प्रधानमंत्री मोदी की फर्जी मार्कशीट प्रसारित करने का आरोप लगाया गया।

कांग्रेस नेता ऋतू चौधरी ने इसी वीडियो को एक्स पर शेयर कर लिखा, ‘और उस समय स्टूडेंट का फ़ोटो नहीं लगाया जाता था बिल्कुल नकल करने के लिए भी अक्ल की जरूरत होती है’
और उस समय स्टूडेंट का फ़ोटो नहीं लगाया जाता था🤔😄 बिल्कुल नकल करने के लिए भी अक्ल की जरूरत होती है 🤣 https://t.co/yiS5CmDQwo
— Ritu Choudhary (@RituChoudhryINC) November 18, 2026
इसके अलावा कार्तिक शर्मा, 4PM न्यूज़ नेटवर्क, संजीव, राम बहादुर सिंह, राहुल गुप्ता, अक्षय शर्मा, पिंकी मौर्या, ममता पटेल, विकास गुड़गांव, आकाश यादव,गौरव सेठी, विकास बंसल ने भी इस तस्वीर को शेयर किया।
क्या है हकीकत?
भाजपा द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 10वीं कक्षा की कथित फर्जी मार्कशीट अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल से पोस्ट किए जाने के दावे की पड़ताल के लिए हमने सबसे पहले भाजपा के प्रमुख आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट्स की जांच की। हमने इंस्टाग्राम पर भाजपा के आधिकारिक हैंडल, फेसबुक पेज और एक्स अकाउंट को खंगाला। इन अकाउंट्स पर हमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की इस कथित 10वीं की मार्कशीट साझा किए जाने से जुड़ी कोई पोस्ट नहीं मिली।
इसके बाद हमने इस दावे के संबंध में मीडिया रिपोर्ट्स और समाचार वेबसाइटों पर प्रकाशित खबरों की भी तलाश की। हमने यह पता लगाने की कोशिश की कि क्या किसी विश्वसनीय समाचार संस्थान ने भाजपा के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट से इस मार्कशीट को पोस्ट किए जाने की पुष्टि की है। हालांकि, हमारी पड़ताल में ऐसी कोई विश्वसनीय न्यूज रिपोर्ट नहीं मिली, जिसमें भाजपा के आधिकारिक हैंडल से इस कथित मार्कशीट को साझा किए जाने की पुष्टि होती हो।
हमारी पड़ताल में यह भी पता चला कि इस मार्कशीट में गड़बड़ियां सिर्फ कुल अंकों तक सीमित नहीं हैं। इस पर दो अलग-अलग मुहरें लगी हुई हैं और दोनों में अंतर है। एक मुहर पर ‘वडनगर’ लिखा है, जबकि दूसरी पर नाम की स्पेलिंग ‘विडनगभ’ दिखाई देती है।

वायरल मार्कशीट पर स्कूल का नाम ‘माध्यमिक विद्यालय वडनगर’ भी गलत दर्ज है। अमर उजाला की एक रिपोर्ट के मुताबिक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वडनगर स्थित ‘महाराज श्री भगवताचार्य नारायणाचार्य हाईस्कूल’ में पढ़ाई की थी। इसके अलावा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की स्कूली शिक्षा की अवधि भी वायरल मार्कशीट से मेल नहीं खाती। इंडियन एक्सप्रेस की एक रिपोर्ट में उनके स्कूल के पूर्व प्रधानाचार्य के हवाले से बताया गया है कि नरेंद्र मोदी ने इस स्कूल में 1963 से 1967 तक पढ़ाई की थी। जबकि वायरल मार्कशीट में कक्षा 10वीं के सत्र को 1967-68 बताया गया है।

वायरल मार्कशीट की तस्वीर को देखकर शुरुआत में ही हमें इसके AI की मदद से तैयार किए जाने की आशंका हुई। इस आशंका की जांच के लिए हमने गूगल के SynthID Detector टूल की मदद ली। तस्वीर को इस टूल पर अपलोड करने पर इसमें OpenAI का AI वॉटरमार्क डिटेक्ट हुआ। इससे तस्वीर के AI की मदद से तैयार किए जाने या उसमें AI के जरिए बदलाव किए जाने के संकेत मिले।

बता दें कि इस वायरल 10वीं की मार्कशीट को लेकर हमने अगस्त माह में भी रिपोर्ट प्रकाशित की थी। उस दौरान भी इस मार्कशीट को भारतीय जनता पार्टी या नरेंद्र मोदी के आलोचक सोशल मीडिया अकाउन्ट्स ने पोस्ट किया था।
अपनी पड़ताल में हमने यह भी पाया कि भाजपा ने वर्ष 2016 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की BA और MA की डिग्रियों की प्रतियां सार्वजनिक की थीं। भाजपा ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट से इन डिग्रियों की प्रतियां साझा की थीं, जो आज भी उसके सोशल मीडिया अकाउंट पर उपलब्ध हैं।

| दावा | सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 10वीं कक्षा की एक कथित मार्कशीट को फर्जी बताते हुए दावा किया जा रहा है कि भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने इसे अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट से साझा किया था, ताकि नरेंद्र मोदी को पढ़ा-लिखा नेता साबित किया जा सके। |
| हकीकत | भाजपा के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट्स पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 10वीं की मार्कशीट साझा किए जाने का कोई प्रमाण नहीं मिला। भाजपा ने वर्ष 2016 में उनकी BA और MA की डिग्रियों की प्रतियां जरूर सार्वजनिक की थीं। |



No Comment! Be the first one.