आरएसएस की यूनिफॉर्म में आजाद समाज पार्टी के नेता चंद्रशेखर आजाद की वायरल तस्वीर AI जेनरेटेड है
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद और एआईएमआईएम (AIMIM) प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने ‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’ नामक गठबंधन की घोषणा की है, जिसमें चंद्रशेखर आजाद मुख्यमंत्री पद के चेहरे होंगे। इसके बाद अब सोशल मीडिया पर एक तस्वीर वायरल हो रही है, जिसे शेयर कर दावा किया जा रहा है कि चंद्रशेखर आजाद का संबंध RSS से रहा है। वायरल तस्वीर में चंद्रशेखर आजाद को RSS की यूनिफॉर्म में दिखाया गया है।
क्या लिख रहे हैं लोग?
रिस्की यादव ने एक्स पर तस्वीर शेयर कर लिखा, ‘चंद्रशेखर आजाद रावण ने अपना राजनीतिक जीवन ABVP से शुरू किया था वो RSS के गुप्त उत्पाद है। स्वाति चतुर्वेदी पत्रकार भाई RSS तो मोसाद से भी तगड़ी फील्डिंग लगाती है 13 साल बाद चंदू भाई को खड़ा करके पहले बसपा खत्म करवाई। अब ओवैसी के साथ मिलवाकर मुस्लिम नेताओं को खत्म करवाने भेजा है।’

शिवम यादव ने लिखा, ‘छात्र करियर में चंद्रशेखर आजाद RSS से जुड़े छात्र संगठन ABVP का पदाधिकारी रहा ~ स्वाति चतुर्वेदी पत्रकार लोग सही कहते ये सांसद बना नहीं बीजेपी ने EVM से बनवाया है , अमित शाह ने सुरक्षा भी दे दी। और अब बीजेपी के एहसानों का कर्ज रावण सपा के दलित वोट काटकर उतरेगा।’

इसके अलावा बिट्टू शर्मा, मृत्युंजय कुमार, प्रज्ज्वल कुमार यादव, कामेश कुमार, वेद प्रकाश विद्रोही, शिल्पी तिवारी, अभिषेक एस नंदन, मिस्टर अभिषेक, सतीश यादव, मोहम्मद अरमान, Save Democracy, दीपक बासेर – इक्वालिटी लाइव, सूर्य बुलेटिन, अनुज अग्निहोत्री स्वतंत्र ने भी इस तस्वीर को शेयर किया।
क्या है हकीकत?
वायरल दावे की जांच के लिए हमने तस्वीर का बारीकी से विश्लेषण किया। इसमें कुछ ‘स्वयंसेवकों’ के चेहरे एक जैसे नजर आते हैं। वहीं, एक युवक के दोनों हाथ पीछे की ओर हैं, लेकिन उसके सामने लाठी पकड़े हुए एक तीसरा हाथ दिखाई देता है। इसी तरह, कुछ अन्य कार्यकर्ताओं के हाथ भी पीछे हैं, जबकि उनके सामने लाठियां नजर आ रही हैं। तस्वीर में मौजूद इन विसंगतियों से हमें इसके AI जनरेटेड होने का संदेह हुआ।

इसके बाद हमने तस्वीर की AI डिटेक्शन टूल्स के जरिए भी जांच की। गूगल के ‘SynthID’ डिटेक्शन टूल पर वायरल तस्वीर अपलोड करने पर ऐसे संकेत मिले, जो इसके OpenAI के AI टूल से जनरेट होने की ओर इशारा करते हैं।

| दावा | आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद आरएसएस की यूनिफॉर्म में हैं। |
| हकीकत | चंद्रशेखर आजाद की वायरल तस्वीर AI जनरेटेड है। तस्वीर में कई लोगों के चेहरे एक जैसे हैं और कुछ के हाथ पीछे होने के बावजूद सामने लाठियां दिखाई दे रही हैं। Google के SynthID टूल की जांच में भी तस्वीर के OpenAI के AI टूल से बनाए जाने के संकेत मिले। |



No Comment! Be the first one.