नरेंद्र मोदी की सरकार में दो साल में 13 लाख लड़कियों और महिलाओं के लापता होने का दावा भ्रामक है
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक पोस्ट वायरल हो रही है जिसमें दावा किया जा रहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल में दो साल में करीबन 13 लाख महिलाएं लापता हो गई हैं।
क्या लिख रहे हैं लोग?
कुमार तालुकदार ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा, ‘विश्वगुरु के कुशल नेतृत्व में यह शर्मनाक बात है कि देशभर में 13 लाख युवतियां लापता हैं, और मध्य प्रदेश में इनकी संख्या सबसे अधिक है। क्या महिलाओं की तस्करी जारी है? लापता महिलाओं/लड़कियों का पता लगाने के लिए सरकार क्या कदम उठा रही है?’
विश्वगुरु के कुशल नेतृत्व में यह शर्मनाक बात है कि देशभर में 13 लाख युवतियां लापता हैं, और मध्य प्रदेश में इनकी संख्या सबसे अधिक है। क्या महिलाओं की तस्करी जारी है? लापता महिलाओं/लड़कियों का पता लगाने के लिए सरकार क्या कदम उठा रही है? https://t.co/pBcAozEGUw
— KUMAR TALUKDAR (@kumar_talukdar1) November 26, 2026
सुभाष चन्द्र त्रिपाठी ने लिखा, ‘2 साल में 13 लाख से ज्यादा लड़कियां और महिलाएं हुई लापता, मध्य प्रदेश में सबसे ज्यादा केस’
इसके अलावा प्रमोद भारद्वाज ने भी यही दावा किया।
क्या है हकीकत?
पड़ताल के दौरान हमें इस दावे से संबंधित 20 जुलाई 2023 को प्रकाशित The Hindu की एक रिपोर्ट मिली। इस रिपोर्ट में संसद में केंद्रीय गृह मंत्रालय की ओर से पेश किए गए राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (NCRB) के आंकड़ों का हवाला दिया गया था। रिपोर्ट के मुताबिक, वर्ष 2019 से 2021 के बीच देशभर में कुल 13,13,078 महिलाओं और लड़कियों के लापता होने के मामले दर्ज किए गए थे। इनमें 18 वर्ष से अधिक उम्र की 10,61,648 महिलाएं और 18 वर्ष से कम उम्र की 2,51,430 लड़कियां शामिल थीं। आंकड़ों के मुताबिक, मध्य प्रदेश में महिलाओं और लड़कियों के लापता होने के सबसे अधिक मामले दर्ज किए गए थे। इसके बाद पश्चिम बंगाल का स्थान था।
इसकी पुष्टि के लिए हमने 26 जुलाई 2023 को गृह राज्यमंत्री अजय कुमार मिश्रा द्वारा राज्यसभा में दिए गए जवाब और उसके साथ संलग्न आधिकारिक आंकड़ों की भी जांच की। यह जवाब राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) की सांसद फौजिया खान द्वारा महिलाओं और लड़कियों के लापता होने के संबंध में पूछे गए सवाल के जवाब में दिया गया था। गृह मंत्रालय ने अपने जवाब में स्पष्ट किया था कि ये आंकड़े राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (NCRB) की रिपोर्ट ‘Crime in India’ से संकलित किए गए हैं। सरकार ने वर्ष 2019, 2020 और 2021 के दौरान राज्यवार लापता हुई महिलाओं और लड़कियों का अलग-अलग विवरण भी सदन के पटल पर रखा था।

यानि अभी तक यह दावा सही है कि 13 लाख लड़कियां/महिलाएं लापता हुई थीं हालांकि, इन आंकड़ों से यह स्पष्ट है कि आंकड़े दो साल के नहीं, बल्कि 2019, 2020 और 2021 यानी तीन वर्षों के हैं। जबकि वायरल पोस्ट में दो साल का जिक्र है।
2019 में क्या आंकड़े थे? वर्ष 2019 में 2,48,397 महिलाओं और लड़कियों की नई गुमशुदगी दर्ज हुई। इनमें से 1,62,939 का पता उसी साल लगा लिया गया, जबकि 85,458 का पता नहीं चल पाया। इसके अलावा, पिछले वर्षों से लापता 1,74,042 महिलाओं और लड़कियों में से 60,010 को 2019 में खोज लिया गया। इस तरह वर्ष के अंत तक पिछले वर्षों और 2019 के मामलों को मिलाकर कुल 1,99,490 महिलाएं और लड़कियां लापता थीं।

2020 में क्या आंकड़े थे? वर्ष 2020 में 2,22,395 महिलाओं और लड़कियों की नई गुमशुदगी दर्ज हुई। इनमें से 1,52,020 का पता उसी साल लगा लिया गया, जबकि 70,375 का पता नहीं चल पाया। इसके अलावा, पिछले वर्षों से लापता 2,01,260 महिलाओं और लड़कियों में से 72,023 को 2020 में खोज लिया गया। इस तरह वर्ष के अंत तक पिछले वर्षों और 2020 के मामलों को मिलाकर कुल 1,99,612 महिलाएं और लड़कियां लापता थीं।

2021 में क्या आंकड़े थे? वर्ष 2021 में 2,65,481 महिलाओं और लड़कियों की नई गुमशुदगी दर्ज हुई। इनमें से 1,90,421 का पता उसी साल लगा लिया गया, जबकि 75,060 का पता नहीं चल पाया। इसके अलावा, पिछले वर्षों से लापता 1,99,690 महिलाओं और लड़कियों में से 70,857 को 2021 में खोज लिया गया। इस तरह वर्ष के अंत तक पिछले वर्षों और 2021 के मामलों को मिलाकर कुल 2,03,893 महिलाएं और लड़कियां लापता थीं।

इन आंकड़ों को समझने के लिए एनसीआरबी की रिपोर्ट में इस्तेमाल किए गए आंकड़ों की प्रकृति को समझना जरूरी है। ये आंकड़े किसी एक वर्ष के दौरान लापता हुई नई महिलाओं और लड़कियों की संख्या नहीं बताते, बल्कि संबंधित वर्ष तक की संचयी स्थिति दर्शाते हैं। यानी इनमें पिछले वर्षों से लापता चल रही महिलाओं और लड़कियों के मामले भी शामिल होते हैं।
जाहिर है कि NCRB की रिपोर्ट के मुताबिक वर्ष 2019 से 2021 के दौरान कुल 7,36,273 महिलाओं और लड़कियों की नई गुमशुदगी दर्ज हुई। इनमें से 5,05,380 का पता संबंधित वर्ष में ही लगा लिया गया। इन तीन वर्षों के आंकड़ों में पिछले वर्षों से लापता महिलाओं और लड़कियों के मामले भी शामिल हैं इसीलिए यह संख्या करीबन 13 लाख पहुंची हालाँकि इन वर्षों में इनका भी पता चलता गया। यह महत्वपूर्ण तथ्य वायरल पोस्ट में नहीं बताया जा रहा है। इसके अलावा, वर्ष 2021 के अंत तक कुल 2,03,893 महिलाएं और लड़कियां ऐसी थीं, जिनका पता नहीं चल पाया था।
| दावा | हकीकत |
| प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार के कार्यकाल में महज दो साल में देशभर में 13 लाख से अधिक महिलाएं और लड़कियां लापता हो गईं। | वायरल दावा भ्रामक है। लापता होने का 13.13 लाख आंकड़ा सिर्फ 2019 से 2021 यानी दो वर्षों का नहीं। इस आंकड़े में पिछले वर्षों से लापता महिलाओं और लड़कियों के मामले भी शामिल हैं। NCRB के अनुसार, इन तीन वर्षों में 7,36,273 महिलाओं और लड़कियों की नई गुमशुदगी दर्ज हुई, जिनमें से 5,05,380 का पता संबंधित वर्ष में ही लगा लिया गया। वहीं, वर्ष 2021 के अंत तक 2,03,893 महिलाओं और लड़कियों का पता नहीं चल पाया था। |



No Comment! Be the first one.