पीएम मोदी द्वारा विजिटर बुक पर लिखने का नाटक करने का दावा भ्रामक है
प्रधानमंत्री मोदी द्वारा 2019 का लोकसभा चुनाव लड़ने के लिए दाखिल किये गए हलफनामे के अनुसार, उन्होंने अहमदाबाद स्थित गुजरात यूनिवर्सिटी से 1983 में Master Of Arts (MA) की डिग्री हासिल की है। हालांकि, उनकी शिक्षा को लेकर अक्सर तमाम तरह के सवाल खड़े किये जाते हैं। इसी बीच सोशल मीडिया में पीएम मोदी का एक वीडियो वायरल है, इस वीडियो में पीएम एक पेन का उपयोग प्वाइंटर के रूप में करते हुए उन्हें एक नोटबुक से कुछ पढ़ते हुए देखा जा सकता है। फिर वीडियो में थोड़ी देर में वो कुछ लिखते हुए भी नजर आते है। दावा किया जा रहा है कि पीएम मोदी अनपढ़ हैं और उन्होंने विजिटर बुक में लिखने का नाटक किया।
क्या लिख रहे हैं लोग?
इंस्टाग्राम इन्फ्लुएंसर Voice_Of_Musarraf ने वीडियो शेयर करते हुए लिखा कि किताब में पेन हवा में चलाकर पढ़ाई का ऐसा प्रदर्शन किया गया कि कैमरा भी सोच में पड़ गया होगा कि यह पढ़ाई है या किसी फिल्म की शूटिंग। उन्होंने आगे तंज कसते हुए लिखा कि मोदी जी, एक्टिंग में नंबर 1 होने से कोई ज्ञानी नहीं हो जाता। असली हुनर कैमरे के बाहर दिखाई देता है, कैमरे के सामने नहीं।
मुरलीधरन गोपाल ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा, ‘हवा में तैरता पेन। ब्लूटूथ वाली स्याही। पन्ने से कोई संपर्क नहीं। फिर भी, क्या हमें यह मान लेना चाहिए कि उसने एक किताब लिखी है?
Floating pen. Bluetooth ink. Zero contact with the page. Yet we’re supposed to believe he wrote a book? https://t.co/qFEJ5oQmSp
— Muralidharan Gopal (@muralitwit) November 14, 2026
रोहित मिश्रा, ‘मोदी के पेन पर नज़र रखिए, वे दुनिया के सामने बार-बार खुद को शर्मिंदा क्यों करते रहते हैं?’
🤡 Keep your eyes on Modi’s pen, why does he keep on embarrassing himself like this in front of the world? https://t.co/9fFhkSH9q7
— Rohit Mishra (@RohitMishra2024) November 24, 2026
इसके अलावा The voice of MK, बलूच ने भी यही दावा किया।
क्या है हकीकत?
पड़ताल के दौरान हमें The Indian Express की 16 फरवरी 2022 की एक रिपोर्ट मिली। रिपोर्ट के मुताबिक, रविदास जयंती के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिल्ली के करोल बाग स्थित श्री गुरु रविदास विश्राम धाम मंदिर पहुंचे थे। यहां उन्होंने पूजा-अर्चना की और मंदिर की विजिटर बुक में हस्ताक्षर किए।

इसके बाद हमे पीएम मोदी के आधिकारिक यूट्यूब चैनल को खंगालना शुरू किया। इस दौरान हमें असली वीडियो 16 फरवरी 2022 को अपलोड मिला। असली वीडियो में 7 मिनट 43 सेकंड पर वायरल वीडियो वाले हिस्से को देखा जा सकता है। वीडियो में देखा जा सकता है कि पीएम मोदी विजिटर बुक में पहले से लिखे कुछ संदेशों को पढ़ते हैं, फिर बुक में कुछ लिखकर साइन करते हैं।
इसके बाद हमें India Today की एक रिपोर्ट मिली। रिपोर्ट में बताया गया है कि प्रधानमंत्री की टीम के एक सदस्य ने उनके मंदिर दौरे से जुड़ा संदेश विजिटर बुक में पहले ही लिख दिया था। उस दिन मंदिर में मौजूद एक रिपोर्टर के मुताबिक, प्रधानमंत्री ने हस्ताक्षर करने से पहले विजिटर बुक में लिखा संदेश पढ़ा और फिर उसके नीचे अपने हस्ताक्षर किए।

इसके अलावा, हमें विभिन्न मीडिया संस्थानों और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर प्रकाशित कई अन्य वीडियो भी मिले। इनमें से कुछ वीडियो में प्रधानमंत्री मोदी विजिटर बुक (आगंतुक पुस्तिका) में संदेश लिखते हुए दिखाई देते हैं, जबकि कुछ अन्य वीडियो में वे विजिटर बुक में पहले से लिखे गए संदेश पर केवल हस्ताक्षर करते नजर आते हैं।
हमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर 17 सितंबर 2015 को अपलोड किया गया एक वीडियो मिला। वीडियो के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘शौर्यांजलि’ प्रदर्शनी का दौरा किया था। यह प्रदर्शनी 1965 के भारत-पाकिस्तान युद्ध के वीर जवानों को श्रद्धांजलि देने के उद्देश्य से आयोजित की गई थी। इसमें युद्ध के दौरान भारतीय सैनिकों के शौर्य, साहस और बलिदान को प्रदर्शित किया गया था। इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने प्रदर्शनी की विजिटर बुक में अपने विचार भी दर्ज किए थे।
हमें एबीपी न्यूज़ के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर 14 मई 2015 का एक वीडियो भी मिला। इसके मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चीन यात्रा के दौरान शियान स्थित ‘जायंट वाइल्ड गूज पैगोडा’ (Giant Wild Goose Pagoda) का दौरा किया था। वे यहां करीब आधे घंटे तक रुके थे और इस दौरान उन्होंने वहां रखी विजिटर बुक में अपना संदेश भी लिखा था।
इसके अलावा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर 17 अप्रैल 2017 को अपलोड किया गया एक वीडियो भी मिला। यह वीडियो गुजरात के सूरत में किरण मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल के उद्घाटन का है। वीडियो में प्रधानमंत्री मोदी अस्पताल के विजिटर बुक (आगंतुक पुस्तिका) में अपना संदेश लिखते हुए दिखाई देते हैं।
डीडी न्यूज़ के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर 14 नवंबर 2015 के वीडियो में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ब्रिटेन के सोलिहल स्थित जगुआर लैंड रोवर (Jaguar Land Rover) के प्लांट का दौरा करते नजर आते हैं। इस दौरान प्रधानमंत्री ने वहां रखी विजिटर बुक में अपने हस्ताक्षर भी किए थे।
हमें प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर 25 सितंबर 2021 को प्रकाशित एक वीडियो भी मिला। इसका शीर्षक ‘PM Modi signs visitors’ book in Roosevelt Room of White House’ है। वीडियो में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अमेरिका यात्रा के दौरान व्हाइट हाउस के रूजवेल्ट रूम में रखी विजिटर बुक में पहले से लिखे संदेश पर हस्ताक्षर करते हुए दिखाई देते हैं।
इसके अलावा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर 16 दिसंबर 2021 को प्रकाशित एक वीडियो भी मिला। यह वीडियो राष्ट्रीय युद्ध स्मारक में स्वर्णिम विजय मशालों के सम्मान एवं स्वागत समारोह का है। वीडियो में प्रधानमंत्री मोदी विजिटर बुक में पहले से लिखे गए संदेश को पढ़कर उस पर अपने हस्ताक्षर करते हुए दिखाई देते हैं।
| दावा | हकीकत |
| अनपढ़ होने की वजह से वीडियो में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विजिटर बुक में लिखने का नाटक करते हैं। | पड़ताल में स्पष्ट है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अनपढ़ बताकर विजिटर बुक में लिखने का नाटक करने का दावा भ्रामक है। वायरल वीडियो में प्रधानमंत्री पहले से लिखे गए संदेश को पढ़कर उस पर अपने हस्ताक्षर कर रहे थे, न कि लिखने का नाटक। गौरतलब है कि इससे पहले भी प्रधानमंत्री मोदी कई मौकों पर विजिटर बुक में स्वयं अपना संदेश लिख चुके हैं, जबकि कुछ मौकों पर उन्होंने पहले से लिखे संदेश पर केवल हस्ताक्षर किए हैं। |



No Comment! Be the first one.