Breaking
30 Apr 2025, Wed

पाकिस्तान ने भारतीय सेना की चौकियां नष्ट की? भ्रामक दावे के साथ पुराने वीडियो-तस्वीर वायरल

बीते 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर में पहलगाम की बैसारन घाटी में हिंदू पर्यटकों के नरसंहार के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच जंग जैसे हालात बन गए हैं। भारत ने स्पष्ट कहा है कि वह किसी भी कीमत पर इस हमले के गुनहगारों और साजिशकर्ताओं को सजा देकर रहेगा। इसी बीच सोशल मीडिया में दो वीडियो और एक तस्वीर वायरल हैं। इनके साथ लोग दावा कर रहे हैं कि पाकिस्तानी सेना ने भारतीय चौकियों को नष्ट कर दिया है।

पाकिस्तान नाम के एक्स हैंडल ने एक तस्वीर पोस्ट कर लिखा, ‘पाकिस्तानी सेना ने लिपा क्षेत्र में दो भारतीय चौकियों को नष्ट कर दिया।’

मॉस्को न्यूज़ ने लिखा, ‘पाकिस्तानी सेना द्वारा निशाना बनाए जाने के बाद भारतीय घाटी लीपा में एक सैन्य गोला-बारूद डिपो में भीषण विस्फोट हुआ।’

पाकिस्तानी सेना ने लिखा, ‘पाकिस्तानी सेना द्वारा निशाना बनाए जाने के बाद भारत की लीपा घाटी में सैन्य गोला-बारूद डिपो पर बड़े पैमाने पर विस्फोट हुए।’

साउथ एशियन ने लिखा, ‘पाकिस्तानी सेना ने नियंत्रण रेखा पर मोर्टार और गोलीबारी का इस्तेमाल कर भारतीय सेना की दो चौकियों को नष्ट कर दिया है, जिससे भारी क्षति हुई है।’

वाहिद मलिक ने लिखा, ‘नियंत्रण रेखा पर लक्षित कार्रवाई में दो भारतीय सैन्य चौकियां नष्ट कर दी गईं – भारतीय सैन्य बलों में भी हताहत होने की संभावना है।’

इसके आलावा War Analyt, Iranian event, नवेद मलिक ने भी इन वीडियो-तस्वीर को पोस्ट किया है।

क्या है हकीकत? पड़ताल में हमने आगजनी की तस्वीर को गूगल रिवर्स सर्च किया। इस दौरान यह तस्वीर हमें फेसबुक यूजर ‘Barra Best‘ के अकाउंट पर मिली। इस तस्वीर को 18 मार्च 2025 को पोस्ट किया गया था। यूजर ने बताया है कि यह तस्वीर उत्तरी आयरलैंड में कैसलवेलन शहर में काउंटी डाउन के मोर्ने क्षेत्र में लगी आग की हैं।

वहीं 18 मार्च को belfastlive वेबसाइट पर प्रकाशित एक रिपोर्ट में यह तस्वीर इस्तेमाल की गयी है। रिपोर्ट के मुताबिक उत्तरी आयरलैंड अग्निशमन एवं बचाव सेवा ने मोर्ने पर्वतों में लगी आग पर काबू पा लिया है। आगजनी की इस तस्वीर को बीबीसी की रिपोर्ट में भी देखा जा सकता है।

वहीं पड़ताल में हमे दूसरा वीडियो 20 मार्च 2022 को एक्स पर The Daily Milap के पोस्ट में मिला। पोस्ट का अनुवाद करने पर पता चला कि वीडियो पाकिस्तान का है। उत्तरी पाकिस्तान में एक सैन्य अड्डे पर कई विस्फोट। शुरुआती संकेत हैं कि यह गोला-बारूद भंडारण क्षेत्र है। एक बड़ी आग जल रही है।

इस सम्बन्ध में हमें 20 मार्च 2022 को ABP न्यूज़ की रिपोर्ट में इस वीडियो के अंश नजर आए। वीडियो में बताया गया है कि उत्तरी पाकिस्तानी शहर सियालकोट में एक जबरदस्त विस्फोट हुआ। पंजाब प्रांत के छावनी क्षेत्र के पास बम की आवाज़ सुनी गई।

इसके बाद हमे तीसरा वीडियो फेसबुक पर @jani.masood.12 के अकाउंट पर मिला। इस वीडियो को 23 नवंबर 2024 को पोस्ट करते हुए लिखा गया था कि बागान बाज़ार पूरी तरह से नष्ट हो गया, पाराचिनार में स्थिति नियंत्रण से बाहर हो गई 
(गूगल द्वारा उर्दू से अनुवादित)। लगभग 1:34 मिनट पर वायरल वीडियो का हिस्सा देखा जा सकता है।

इसी वीडियो को एक पाकिस्तानी यूजर फैज परवेज ने 23 नवंबर 2024 को पोस्ट करते हुए लिखा था कि सांप्रदायिक दंगे, सशस्त्र शिया चरमपंथी जनजातियों ने सुन्नी चरमपंथी आदिवासियों द्वारा शिया तुरी और बंगश जनजातियों के 110 नागरिकों की हत्या के जवाब में खैबर पख्तूनख्वा के कुर्रम जिले के सुन्नी बहुल शहर बागान में बाजार में आग लगा दी।




दावा हकीकत
पाकिस्तान ने भारतीय सेना की चौकियां नष्ट कर दी हैं।पड़ताल से स्पष्ट है कि दो वीडियो और तस्वीर पुरानी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *