Breaking
22 Jun 2025, Sun

इजराइल के गृह मंत्रालय पर ईरानी हमले का दावा गलत, आगजनी का यह वीडियो ताजिकिस्तान है

13 जून 2025 से ईरान और इजरायल के बीच में भीषण युद्ध जारी है, इस जंग में कई लोगों की जान चुकी है, फिर भी हर बीतते दिन के साथ स्थिति और ज्यादा विस्फोटक बनती जा रही है। इस बीच सोशल मीडिया में एक वीडियो वायरल है, इस वीडियो में आगजनी के द्रश्य हैं। वीडियो के साथ लोग दावा कर रहे हैं कि ईरान ने इजराइल के गृहमंत्रालय पर हमला कर दिया है हालाँकि हमारी पड़ताल में पता चलता है कि यह वीडियो ताजिकिस्तान में एक रेस्टोरेंट में आग का है।

करिश्मा अजीज ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, ‘ईरान ने आज सुबह सुबह इजरायल के गृह मंत्रालय की बिल्डिंग उड़ा दी है। उन्मीद है वो लोग मातम नहीं मनायें गे जिन्हें पता होगा की इजराइल के अचानक हमले में ईरान के कितने सैन्य अधिकारी और वैज्ञानिक मारे गये हैं। अमेरिका ने नाला बोल कर तालाब में कुदा दिया है।’

सदफ आफरीन ने लिखा, ‘ईरान ने इसराइल के गृह मंत्रालय पर मिसाइल दाग कर धुआं धुआं कर दिया!’

सपा नेता आईपी सिंह ने लिखा, ‘ईरान ने आज इजरायल के गृह मंत्रालय की बिल्डिंग को मिसाइल से उड़ा दिया। ईरान खेत की मूली नहीं है।’

अनस पाठक ने लिखा, ‘सुबह सुबह कितनी खुशी मिलती है ये देख कर कि एक एक दिन इजराइल को खात्मे की ओर ले जा रहा है.. ख़बर है सुबह सुबह ईरान ने इजराइल के गृहमंत्रालय पर सीधा हमला किया और उसकी बिल्डिंग को तबाह कर दिया .. अब मिट के रहेगा इजराइल इंशा अल्लाह’

इसके अलावा कृष्णकान्त ने भी इस वीडियो को पोस्ट किया है।

क्या है हकीकत? पड़ताल में हमने सबसे पहले इस वीडियो के अलग अलग स्क्रीनशॉट को गूगल रिवर्स सर्च किया तो यह वीडियो हमे टिकटोक पर मिला। इस वीडियो को ‘खुजंद ‘ नाम के एक यूजर ने पोस्ट किया था। इस पोस्ट में बताया गया है कि खुजंद शहर के तेमूरमालिक रेस्तरां में आग लगने की घटना के दौरान दर्जनों युवाओं ने अंदर से मेज़, कुर्सियाँ और अन्य कीमती सामान निकालने में मदद की। अफसोस की बात है कि रेस्तरां पूरी तरह आग की लपटों में समा गया। यहाँ बता दें कि खुजंद ताजिकिस्तान का शहर है।

Tiktok वीडियो का स्क्रीनशॉट

हमे इसी वीडियो से मिलता जुलता एक वीडियो इन्स्टाग्राम पर भी मिला। इस पोस्ट को ताजिक भाषा में लिखा गया है, जिसका हमने अनुवाद किया। पोस्ट में लिखा है कि आज दोपहर करीब 2 बजे ताजिकिस्तान के खुजंद शहर की रहमान नबिएव स्ट्रीट पर स्थित ‘Yakasaroy VIP’ रेस्टोरेंट में भीषण आग लग गई। आग अभी तक पूरी तरह बुझाई नहीं जा सकी है। यह रेस्टोरेंट सीर दरिया के बाएँ किनारे पर ‘सुगदियॉन होटल’ के पास स्थित है। इस रेस्टोरेंट का पुराना नाम तैमूरमलिक था।

इन्स्टाग्राम पोस्ट का स्क्रीनशॉट

पड़ताल में हमने गूगल मैप की भी मदद ली। जिसमे पता चला कि तैमूरमलिक रेस्टोरेंट ताजिकिस्तान के खुजंद शहर में स्थित है। नीचे तस्वीर में वायरल वीडियो और गूगल इमेज में समानताएं देखी जा सकती हैं।

दावा ईरान ने हमला कर इजराइल का गृह मंत्रालय उड़ा दिया है।
निष्कर्षयह वीडियो ताजिकिस्तान के खुजंद शहर की रहमान नबिएव स्ट्रीट पर स्थित ‘Yakasaroy VIP’ रेस्टोरेंट में आगजनी का है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *