रविशंकर प्रसाद का अपनी ही सरकार के खिलाफ बगावत का दावा भ्रामक, 14 साल पुराना है वीडियो
दिल्ली में मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफ़े की मांग को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी, कांग्रेस के नेतृत्व वाला इंडिया गठबंधन और वामपंथी छात्र...
दिल्ली में मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफ़े की मांग को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी, कांग्रेस के नेतृत्व वाला इंडिया गठबंधन और वामपंथी छात्र संगठन का विरोध प्रदर्शन जारी है। इसी बीच सोशल मीडिया में केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने एक वीडियो वायरल हुआ है। इस वीडियो में रविशंकर कहते हैं, ‘देश के प्रधानमंत्री क्यों खामोश हैं, कुछ बोलिए। बच्चों को आश्वस्त करें। पूरे देश में लोगों के गुस्सा है।’ वीडियो के साथ दावा है कि रविशंकर प्रसाद ने अपनी ही सरकार के खिलाफ बगावत कर दी है।
क्या लिख रहे हैं लोग?
कांग्रेस नेता सौरभ राय ने एक्स पर वीडियो पोस्ट कर लिखा, ‘भक्तों के नाराज़ फूफा’
भक्तों के नाराज़ Phoon-Pha @rsprasad https://t.co/x8nFClYMjc
— 𝐒𝐚𝐮𝐫𝐚𝐛𝐡 𝐑𝐚𝐢 • सौरभ राय 🇮🇳 (@SaurabhRaii_) October 19, 2026
सियासत संवाद ने लिखा, ‘प्रधानमंत्री कुछ तो बोलो’
प्रधानमंत्री कुछ तो बोलो !! https://t.co/Fdn5mMhfUj
— Siyasat Samvad (@SiyasatSamvad) October 19, 2026
क्या है हकीकत?
पड़ताल में हमने सम्बंधित कीवर्ड्स को गूगल सर्च किया तो रविशंकर प्रसाद का यही वीडियो समाचार चैनल आजतक की 23 दिसम्बर 2012 की रिपोर्ट में मिला। इससे स्पष्ट होता है कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा वीडियो मौजूदा राजनीतिक घटनाक्रम का नहीं, बल्कि करीब 14 साल पुराना है। (21:15 मिनट से रविशंकर का बयान देखिए)
दरअसल, दिल्ली में 16 दिसंबर 2012 को चलती बस में एक छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना के बाद देशभर में विरोध प्रदर्शन हो रहे थे। लोग महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे थे। उस समय केंद्र में कांग्रेस के नेतृत्व वाली यूपीए सरकार थी और डॉ. मनमोहन सिंह प्रधानमंत्री थे। उस दौरान भाजपा नेता रविशंकर प्रसाद ने प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह से इस मामले पर बोलने और देश की जनता, खासकर बच्चों और बच्चियों को सुरक्षा का भरोसा दिलाने की मांग की थी।
इस सम्बन्ध में webdunia की 22 दिसम्बर 2022 को प्रकाशित रिपोर्ट में भी बताया गया है कि भाजपा ने चलती बस में छात्रा के साथ बलात्कार के विरोध में गुस्से और आक्रोश में सड़कों पर उतरे दिल्लीवासियों के प्रति प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की चुप्पी पर सवाल उठाते हुए कहा कि उन्हें लोगों को सुरक्षा के प्रति आश्वस्त करना चाहिए।
भाजपा के मुख्य राष्ट्रीय प्रवक्ता रविशंकर प्रसाद ने कहा कि दिल्ली के हर कोने में महिलाओं की सुरक्षा के लिए विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। लोगों में गुस्सा और रोष है इसके बावजूद डॉ. सिंह और कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने इस बारे में चुप्पी साध रखी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री क्यों खामोश हैं, कुछ बोलिए। बच्चों और लोगों को आश्वस्त करें। भय के माहौल को खत्म करें। पीड़ित छात्रा को बेहतर उपचार दिया जाए और जरूरत पड़े तो उसे विदेश भेजने की व्यवस्था की जानी चाहिए।
| दावा | केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने अपनी ही सरकार के खिलाफ बगावत कर दी। |
| हकीकत | वायरल वीडियो करीब 14 साल पुराना है। इसमें रविशंकर प्रसाद दिसंबर 2012 में दिल्ली सामूहिक दुष्कर्म मामले के बाद तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह से सवाल कर रहे थे। वीडियो का मौजूदा SIR विरोध प्रदर्शन से कोई संबंध नहीं है। |



No Comment! Be the first one.