यूपीएससी परीक्षा के इंटरव्यू में आरक्षित वर्ग को सामान्य वर्ग से कम नम्बर देने का झूठ फैलाया गया है
संघ लोक सेवा आयोग यूपीएससी के अभ्यर्थियों की एक सूची सोशल मीडिया में वायरल है। इस सूची को दो हिस्सों में बांटा गया है, दावा है कि अनुसूचित जाति-जनजाति के अभ्यर्थियों को इंटरव्यू में कम नम्बर दिए जाते...
संघ लोक सेवा आयोग यूपीएससी के अभ्यर्थियों की एक सूची सोशल मीडिया में वायरल है। इस सूची को दो हिस्सों में बांटा गया है, दावा है कि अनुसूचित जाति-जनजाति के अभ्यर्थियों को इंटरव्यू में कम नम्बर दिए जाते हैं। इंटरव्यू में उन्हें औसतन 142 अंक दिए गए हैं। दूसरी ओर जनरल केटेगरी के प्रतियोगियों को लिखित परीक्षा में औसतन 705 अंक मिले हैं और इंटरव्यू में औसतन 204 अंक दिए गए हैं। उदाहरण के लिए विजय कुमार मीणा को लिखित परीक्षा में 766 और इंटरव्यू में 112 अंक मिले हैं। इनका टोटल 878 हुआ जबकि जनरल केटेगरी के नाजुक कुमार शर्मा को लिखित में 732 और इंटरव्यू में 209 अंक मिले हैं। इनका टोटल 941 होता है। इस तरह एससी एसटी और ओबीसी के साथ हर सरकारी भर्ती में यह बेइमानी की जाती है।
समाजवादी पार्टी नेता राजकुमार भाटी ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, ‘ये बेइमानी आखि़र कौन करता है? यह तो मुझे नही मालूम। लेकिन इतना मालूम है कि SC, ST, OBC के साथ हर सरकारी भर्ती में यह बेइमानी की जाती है। और हां, यह बेइमानी धर्म देखकर नहीं जाति देखकर की जाती है।’
संघ लोक सेवा आयोग अर्थात UPSC के परिणाम हाल ही में घोषित हुए हैं। एक अखबार ने नमूने के तौर पर अनुसूचित जनजाति (ST) और सामान्य वर्ग (General) के कुछ प्रतियोगियों को लिखित परीक्षा और इंटरव्यू में मिले अंकों की सूची छापी है।
— Rajkumar Bhati (@rajkumarbhatisp) May 4, 2025
इन दोनों सूचियों को गौर से देखिए। एसटी के… pic.twitter.com/jOA2Y801yd
ओबीसी महासभा ने लिखा, ‘ये अन्याय धर्म नहीं, जाति देखकर किया जाता है। हर सरकारी भर्ती में SC, ST, OBC के साथ यही व्यवस्थित बेइमानी दोहराई जाती है। अब वक़्त है सवाल पूछने का — क्या UPSC मेरिट का मंदिर है या मनुवाद का किला?’
संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) के नतीजे एक बार फिर सिस्टम की सच्चाई बयां कर रहे हैं —
— ओबीसी महासभा रजि. (@ObcMahasabha_) October 29, 2025
जब टैलेंट जाति देखकर तोला जाए, तो मेरिट मनुवाद की गुलाम बन जाती है।
ST वर्ग के छात्रों को लिखित परीक्षा में औसतन 726 अंक, लेकिन इंटरव्यू में केवल 142 अंक!
वहीं जनरल केटेगरी वालों को लिखित में 705… pic.twitter.com/5ERGjhuMqT
इसी तरह का दावा फेसबुक पर भूपेन्द्र यादव, दिलशाद खान, कमलेन्द्र सिंह, प्रेम प्रकाश, आरोही, जय भीम ने पोस्ट किया है।
क्या है हकीकत? पड़ताल में हमने इन नामों को गूगल सर्च किया तो पता चला कि यह सूची यूपीएससी 2015 बैच के अभ्यर्थियों की है। हमे सभी अभ्यर्थियों के लिखित और इंटरव्यू में मिले नम्बर की सूची मिली, साथ ही एक दूसरी सूची भी मिली जहाँ सभी अभ्यर्थियों की कैटेगिरी और उनके अंक का उल्लेख किया गया है।
क्या है दावा?
- अनुसूचित जाति-जनजाति के अभ्यर्थियों को लिखित परीक्षा में औसतन 705 अंक मिले हैं और इंटरव्यू में सबसे ज्यादा 160 अंक दिए गए हैं।
- जनरल केटेगरी के प्रतियोगियों को लिखित परीक्षा में औसतन 705 अंक मिले हैं और इंटरव्यू में औसतन 200 अंक दिए गए हैं।
- विजय कुमार मीणा को इंटरव्यू में 112 अंक मिले हैं जबकि जनरल केटेगरी के नाजुक कुमार शर्मा को इंटरव्यू में 209 अंक मिले हैं।
हमे यूपीएससी 2015 बैच के अभ्यर्थियों की सूची पहला नाम अनुसूचित जाति वर्ग की टीना डाबी का है। टीना को लिखित परीक्षा में 868 और इंटरव्यू में 195 अंक प्राप्त किए।

अपनी पड़ताल में हमे यह भी पता चला कि जिस अभ्यर्थी नाजुक कुमार शर्मा को जनरल कैटेगरी का बताया गया है, वो असल में सामान्य नहीं अनुसूचित जाति वर्ग से आती हैं। उनका नाम नाजुक कुमार शर्मा नहीं, नाजुक कुमार है।

हमने आईएएस अधिकारी नाजुक कुमार के सोशल मीडिया प्रोफाइल भी देखे। यहाँ Linkedin, फेसबुक, इन्स्टाग्राम पर उनका नाम नाजुक कुमार शर्मा, नाजुक कुमार है।

स्पष्ट है कि वायरल सूची में नाजुक कुमार के नाम में शर्मा जोड़कर लोगों को भ्रमित किया गया है। यानि एक आरक्षित अभ्यर्थी को इंटरव्यू में 209 नम्बर मिले हैं। साथ ही यह नम्बर साल 2015 के यूपीएससी बैच की सूची के सभी अभ्यर्थियों में सबसे ज्यादा हैं।
इसके बाद हमने यूपीएससी 2015 बैच की सूची में से आरक्षित वर्ग (एससी-एसटी) के उन अभ्यर्थियों के नाम छांटे जिन्होंने साक्षात्कार परीक्षा में 180 से ज़्यादा अंक प्राप्त किए थे। कुल मिलाकर हमें ऐसे 24 उम्मीदवारों के नाम मिले। ये नाम नीचे दिए गए हैं।
| आरक्षित श्रेणी के उम्मीदवार | लिखित परीक्षा के अंक | साक्षात्कार परीक्षा के अंक |
| नाज़ुक कुमार (एससी) | 732 | 209 |
| आकृति सागर (SC) | 711 | 193 |
| अमित आसरी (SC) | 701 | 182 |
| इंद्रजीत सिंह (एससी) | 681 | 198 |
| विशाल सागर (एससी) | 696 | 182 |
| बधावथ चंद्रकांत राठौड़ (एससी) | 680 | 187 |
| शरत चंद्र पवार (एससी) | 687 | 182 |
| कुणाल दुदावत (एसटी) | 675 | 182 |
| अभिषेक वर्मा (SC) | 668 | 195 |
| अमित रेणु (एससी) | 652 | 195 |
| अमित कुमार आनंद (SC) | 657 | 190 |
| सुंदरवथानम ई (एससी) | 660 | 185 |
| नीतिका विलास (SC) | 659 | 184 |
| पुष्पलता (एससी) | 642 | 198 |
| एम थांगसुआंगंग ज़ू (एसटी) | 641 | 192 |
| गीथ बडोलिया (एससी) | 650 | 182 |
| एस. व्यासक (एससी) | 638 | 193 |
| नवनीत कुमार कंवत (एसटी) | 683 | 187 |
| शिवम दत्तात्रेय धमानीकर (एससी) | 641 | 187 |
| डोंडापति वेंकट हरीश (एससी) | 628 | 182 |
| दुयु कम्पू (एसटी) | 628 | 182 |
| सुषमा नेगी (एसटी) | 627 | 184 |
| अजय सोयल (एससी) | 632 | 182 |
| मिंगा शेरपा (एसटी) | 632 | 182 |
हमने पाया कि अनुसूचित जाति-जनजाति वर्ग की नाजुक कुमार ने साक्षात्कार परीक्षा में 209 अंक प्राप्त किए। उनके बाद, इंद्रजीत सिंह, अभिषेक वर्मा, अमित रेणु और पुष्पलता जैसे कई अन्य आरक्षित वर्ग के उम्मीदवार हैं। जिन्होंने 190 से ज्यादा अंक प्राप्त किए हैं।
इसके बाद हमने सामान्य श्रेणी के उन अभ्यर्थियों के नाम भी मिले जिन्होंने आरक्षित वर्ग से कम या बराबर नम्बर हासिल किए हैं।
| सामान्य श्रेणी के उम्मीदवार | लिखित परीक्षा के अंक | साक्षात्कार परीक्षा के अंक |
| अजीत रॉय तोगरे | 694 | 132 |
| विजय सिंह | 705 | 138 |
| मनोज कुमार पांडे | 687 | 157 |
| गोल्डी शर्मा | 693 | 154 |
| उत्कर्ष मिश्रा | 725 | 154 |
| सुमित कुमार अग्रवाल | 733 | 154 |
| अभिनव अग्निहोत्री | 760 | 138 |
| रिमझिम पांडे | 751 | 150 |
| अमिताभ मिश्रा | 745 | 157 |
| अनंत द्विवेदी | 757 | 151 |
| कांतेश कुमार मिश्रा | 763 | 157 |
| विनीत अग्रवाल | 765 | 157 |
| अशोक मिश्रा | 772 | 151 |
| अतुल शर्मा | 780 | 146 |
| इंद्रजीत पांडा | 563 | 149 |
| अतुल कृष्ण रे | 584 | 138 |
| सीमा चौधरी | 582 | 154 |
ध्यान दीजिए कि सोशल मीडिया में यह दावा किया गया था कि अनुसूचित जाति-जनजाति के अभ्यर्थियों को लिखित परीक्षा में बेहतर अंक मिलने के बावजूद उन्हें साक्षात्कार में औसतन कम नम्बर दिए। औसतन उन्हें 142 अंक मिले जबकि सच यह है कि सामान्य श्रेणी के उम्मीदवारों में अजीत रॉय तोगरे, विजय सिंह, अतुल शर्मा और अतुल कृष्ण रे जैसे अभ्यर्थियों को साक्षात्कार में 142 से कम या लगभग बराबर अंक मिले हैं। साथ ही, इंटरव्यू में सबसे ज्यादा अंक हासिल करने वाले टॉप टू अभ्यर्थी नाज़ुक कुमार और टीना डाबी अनुसूचित जाति-जनजाति से आते हैं।



No Comment! Be the first one.