Breaking
31 Mar 2026, Tue

दिल्ली में सुभान की हत्या हिंदुओ ने नहीं, मृतक के मुस्लिम दोस्तों ने की थी

राजधानी दिल्ली में उत्तर पूर्वी जिले के दयालपुर इलाके में बीते दिनों 16 साल के मोहम्मद सुभान की हत्या कर दी गयी। इस घटना को लेकर सोशल मीडिया में दावा किया जा रहा है कि हत्यारोपी हिंदू समुदाय से हैं। हालाँकि पड़ताल में पता चलता है कि इस प्रकरण में सांप्रदायिक एंगल नहीं है, मृतक और आरोपी मुस्लिम समुदाय से हैं।

कविश अजीज ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, ‘दयालपुर दिल्ली में 16 साल के हाफ़िज़-ए-कुरान सुभान मलिक को उसके ही कुछ हिंदू दोस्तों ने घर से बहला-फुसलाकर बाहर निकाला और चाकू मारकर उसकी हत्या कर दी। कहा जा रहा है कि इस झगड़े की वजह ‘बिरयानी पार्टी’ थी। आरोप है कि दोस्तों ने सुभान से पार्टी मांगी थी, और जब उसने मना कर दिया, तो उनके बीच हाथापाई हो गई। इसके बाद, बदला लेने के लिए आरोपियों ने उस पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे युवा हाफ़िज़-ए-कुरान, सुभान मलिक की मौत हो गई।’

मोहम्मद राफेह ने लिखा, ‘भयानक अपराध: हिंदू कट्टरपंथियों ने कुरान कंठस्थ करने वाले मुस्लिम बच्चे की बेरहमी से हत्या कर दी भारत की राजधानी नॉर्थ दिल्ली में, कुरान कंठस्थ करने वाले सुभान मलिक (16 साल) को उसके कुछ दोस्त घर से फुसलाकर ले गए, जहाँ उसकी चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई। एक क्रूर अपराध जिसमें एक मासूम मुस्लिम बच्चे की जान चली गई।’

इसके अलावा करिश्मा अजीज, निखत अली, साहिर खान, शेख जावेद, Isma Times ने भी घटना को सांप्रदायिक रंग दिया है।

क्या है हकीकत? पड़ताल में हमे इस सम्बन्ध में अमर उजाला और पंजाब केसरी की वेबसाइट पर प्रकाशित रिपोर्ट मिली।  रिपोर्ट के मुताबिक उत्तर पूर्वी जिले के दयालपुर इलाके में बुधवार देर रात ताना मारने और धमकाने का आरोप लगाकर दोस्तों ने सोलह साल के किशोर की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। मृतक की शिनाख्त 16 साल के मोहम्मद सुभान के रूप में हुई है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर तीन नाबालिगों को पकड़ा है। इनके पास से पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल चाकू बरामद किया है।

इस सम्बन्ध में एक एक यूट्यूब चैनल पर मृतक सुभान के पिता दिलशाद मलिक का बयान भी मिला।  उन्होंने बताया कि चांद मस्जिद के पास करीब 10-12 लड़कों के एक ग्रुप ने सुभान को पीटा था। दिलशाद ने कहा कि तीन लड़कों ने सुभान का मर्डर कर दिया। वीडियो में दिलशाद ने दो आरोपियों उमर और शाज़िम का जिक्र किया।

दिल्ली के एक पत्रकार Farhan Yahiya से बातचीत में दिलशाद मलिक ने बताया कि आरोपियों के नाम जुबैर, उमैर, शजिम और अयान है। उन्होंने आगे कहा कि उमैर से मेरे बेटे का झगडा हुआ था, उसी ने मेरे बेटे को पीटा था।

इस सम्बन्ध में हमने दयालपुर एसएचओ परमवीर दहिया से कॉल पर भी बात की। उन्होंने बातचीत में स्पष्ट किया कि आरोपी और मृतक एक ही धर्म के हैं और इस घटना में कोई सांप्रदायिक पहलू नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *