राहुल गांधी की छात्रों की गूंज पहल कोटा, देहरादून और प्रयागराज से शुरू होते हुए पुणे पहुंच गई है। कार्यक्रम को शनिवार को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने महिलाओं के मुद्दे पर इस इवेंट को संबोधित किया। इसी बीच सोशल मीडिया में एक वीडियो वायरल है, वीडियो के साथ दावा है कि यह वीडियो राहुल गाँधी के पुणे कार्यक्रम का है।
क्या लिख रहे हैं लोग?
संजय राउत ने एक्स पर वीडियो पोस्ट कर लिखा, ‘आज पुणे @AmitShah हिम्मत है तो रोको इस तुफान को’

प्रिया पुरोहित ने लिखा, ‘मोदी को आज रात नींद नहीं आ रही…छतरों की गूंज, पुणे में अगले प्रधानमंत्री राहुल गांधी का स्वैग’
Modi can't sleep tonight…🥵
— Priya Purohit (@Priyaa_Purohit) August 22, 2026
SWAG OF Next PM Rahul Gandhi at Chatro Ki Goonj, Pune. 😎🔥 pic.twitter.com/UVVeomKssg
इसके अलावा कबीर अंसारी, दत्ता चौधरी, Youth against silence, संकेत नारायण, किरण गायकवाड, सुमित नेहरा, सतवीर चौधरी, भारतीय ओबीसी महासभा ने भी इस वीडियो को शेयर किया है।
क्या है हकीकत?
पड़ताल में हमने वायरल वीडियो के अलग अलग स्क्रीनशॉट को गूगल रिवर्स सर्च किया तो यही वीडियो हमे एक पत्रकार Carlota Vizmanos के इन्स्टाग्राम अकाउंट पर मिला। उन्होंने इस वीडियो को एक जुलाई 2026 को ‘मेक्सिको के दूसरे गोल के बाद ज़ोकालो में ज़बरदस्त उत्साह’ कैप्शन के साथ अपलोड किया था।
इस सम्बन्ध में हमे ‘EL TIEMPO’ की वेबसाइट पर प्रकाशित रिपोर्ट भी मिली। रिपोर्ट के मुताबिक 30 जून को मेक्सिको ने एज़्टेका स्टेडियम में इक्वाडोर पर 2-0 से शानदार जीत हासिल करके अपनी ताकत साबित की। इस जीत के साथ ही टीम 2026 वर्ल्ड कप के राउंड ऑफ़ 16 में पहुँच गई और टूर्नामेंट में नॉकआउट-स्टेज का मैच न जीत पाने का चार दशक पुराना सूखा भी खत्म कर दिया।
बता दें कि FIFA वर्ल्ड कप 2026 का आयोजन 11 जून से 19 जुलाई (भारतीय समयानुसार 12 जून से 20 जुलाई) तक अमेरिका, कनाडा और मेक्सिको में किया गया था, इस टूर्नामेंट में 48 टीमें शामिल हुई थीं।
| दावा | राहुल गांधी के पुणे में आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम का वीडियो। |
| हकीकत | वायरल वीडियो राहुल गांधी के पुणे कार्यक्रम का नहीं, बल्कि मेक्सिको में फुटबॉल मैच के बाद जश्न का वीडियो है। यह वीडियो पत्रकार Carlota Vizmanos ने 1 जुलाई 2026 को पोस्ट किया था। |

