KBC में अमिताभ बच्चन ने पंजाब की कानून-व्यवस्था पर नहीं पूछा सवाल, एडिटेड वीडियो वायरल
सोशल मीडिया पर ‘कौन बनेगा करोड़पति’ (KBC) का एक वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो में अमिताभ बच्चन को एक कंटेस्टेंट से 12 लाख 50 हजार रुपये के लिए 12वां सवाल पूछते हुए दिखाया गया है। सवाल है कि हाल ही में किस राज्य में अपराधी पुलिस थानों में बम ब्लास्ट करने से डर नहीं रहे हैं? इस वीडियो में अमिताभ बच्चन कहते कि पंजाब में कानून-व्यवस्था इतनी खराब हो चुकी है कि अब पुलिस थानों में भी बम धमाके होने लगे हैं। वीडियो में आगे पंजाब की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा जा रहा है कि आम आदमी पार्टी की सरकार इसे सुधारने में विफल रही है।
क्या लिख रहे हैं लोग?
इंस्टाग्राम इन्फ्लुएंसर राहुल गुप्ता ने वायरल वीडियो शेयर करते हुए लिखा, ‘पंजाब को बदनाम करने का मौका मिले तो तुरंत मैदान में आ जाते हैं, लेकिन उत्तर प्रदेश में अपराध की घटनाओं पर बात करने की बारी आए तो खामोशी क्यों? मुंबई में अपनी सुरक्षा को लेकर उठे सवालों पर भी चर्चा क्यों नहीं? सवाल पंजाब से नहीं, सवाल इस चुनिंदा नैरेटिव से है! अगर चिंता सच में देश की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था की है, तो हर राज्य के मुद्दे पर एक ही पैमाना क्यों नहीं? पंजाब को बदनाम करने से पहले बाकी राज्यों के सवालों का जवाब भी दीजिए!
एक्स पर Times Yug Cinema ने वीडियो शेयर कर लिखा, ‘पंजाब में हुए बम धमाकों से जुड़े KBC-18 के एक सवाल को लेकर अमिताभ बच्चन और सोनी TV को कानूनी नोटिस भेजा गया है!▪️ वकील इंद्रजीत अरोड़ा का कहना है कि इस सवाल से पंजाब और AAP सरकार की बदनामी होती है। ▪️ उन्होंने इस क्लिप को हटाने और अगर यह प्रसारित हो चुकी है, तो बिना शर्त माफी मांगने की मांग की है। अरोड़ा ने कहा, “मुझे नहीं लगा कि यह सामान्य ज्ञान (जनरल नॉलेज) का कोई सवाल था; यह सीधे तौर पर एक राज्य को बदनाम करने की कोशिश है।’
🚨 Amitabh Bachchan & Sony TV served a legal notice over a KBC‑18 question on Punjab bomb blasts! ▪️ Advocate Indrajeet Arora says the query defames Punjab & the AAP government. ▪️ He demands the clip’s removal & an unconditional apology if it aired. 🗣️ “I did not feel this was a general‑knowledge question; it’s a direct attempt to defame a state,” Arora said.
— Times Yug Cinema (@TimesYugCinema) November 22, 2026
आरपी सिंह ने वीडियो शेयर कर लिखा, ‘हा हा हा ! पंजाब में बदलाव के झूठे सपने दिखाने वालों! कौन बनेगा करोड़पति में अमिताभ बच्चन ने सवाल पूछ लिया— भारत के किस राज्य में पुलिस थानों में बम ब्लास्ट होना आम बात हो गई है? जवाब है – पंजाब!’
हा हा हा ! पंजाब में बदलाव के झूठे सपने दिखाने वालों! कौन बनेगा करोड़पति में अमिताभ बच्चन ने सवाल पूछ लिया— भारत के किस राज्य में पुलिस थानों में बम ब्लास्ट होना आम बात हो गई है? जवाब है – पंजाब! https://t.co/ZOX0KyejUN
— RP Singh National Spokesperson BJP (@rpsinghkhalsa) November 19, 2026
क्या है हकीकत?
पड़ताल के दौरान हमें 26 अक्टूबर 2022 को प्रकाशित इंडिया टुडे की एक रिपोर्ट मिली। इस रिपोर्ट में वायरल वीडियो में दिखाई दे रहे कंटेस्टेंट को देखा जा सकता है। रिपोर्ट के मुताबिक, वायरल क्लिप का संबंध ‘कौन बनेगा करोड़पति’ के 14वें सीजन के 58वें एपिसोड से है, जिसका प्रसारण अक्टूबर 2022 में दिवाली सप्ताह के दौरान हुआ था। इस एपिसोड में हॉट सीट पर डॉ. समित सेन बैठे थे। वह अंडमान और निकोबार द्वीप समूह से आने वाले पहले ऐसे कंटेस्टेंट थे, जिन्होंने 22 साल के इतिहास में इस शो की हॉट सीट पर जगह बनाई थी।

आगे की पड़ताल में हमें KBC के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर इस एपिसोड का पूरा वीडियो मिला। यह वीडियो 5 मार्च 2023 को चैनल पर अपलोड किया गया था। मूल एपिसोड देखने पर पता चला कि अमिताभ बच्चन ने डॉ. समित सेन से 12 लाख 50 हजार रुपये के लिए पंजाब में पुलिस थानों पर बम धमाकों से जुड़ा कोई सवाल नहीं पूछा था। दरअसल, 12 लाख 50 हजार रुपये के लिए उनसे पूछा गया असली सवाल था कि इनमें से किस कलाकार का जन्म बुडापेस्ट में एक हंगेरियन मां और भारतीय पिता के घर हुआ था? इस सवाल के लिए चार विकल्प दिए गए थे। डॉ. समित सेन ने इसका गलत जवाब एफएन सूजा चुना था, जबकि इसका सही जवाब मशहूर भारतीय चित्रकार अमृता शेरगिल था। अमृता शेरगिल का जन्म 30 जनवरी 1913 को हंगरी की राजधानी बुडापेस्ट में हुआ था। उनके पिता उमराव सिंह शेरगिल मजीठिया भारतीय पंजाबी जाट सिख थे, जबकि उनकी मां मैरी एंटोनेट गोटेसमैन हंगरी की ओपेरा गायिका थीं।
| दावा | हकीकत |
| KBC में अमिताभ बच्चन ने 12 लाख 50 हजार रुपये के लिए सवाल पूछा कि किस राज्य में अपराधी पुलिस थानों में बम धमाके करने से नहीं डरते? जवाब पंजाब था। | KBC में अमिताभ बच्चन द्वारा पंजाब में पुलिस थानों पर बम धमाकों से जुड़ा सवाल पूछने का दावा फर्जी है। वायरल वीडियो KBC-14 के अक्टूबर 2022 के एक वास्तविक एपिसोड के फुटेज को एडिट करके तैयार किया गया है। असली एपिसोड में 12.5 लाख रुपये के लिए अमृता शेरगिल से जुड़ा सवाल पूछा गया था। |



No Comment! Be the first one.