सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ लड़कों का समूह पेड़ से बंधे एक व्यक्ति के साथ मारपीट करता दिखाई दे रहा है। वीडियो को भारत का बताते हुए दावा किया जा रहा है कि यहां एक मुस्लिम व्यक्ति को पेड़ से बांधकर उसके साथ दुर्व्यवहार किया गया।
क्या लिख रहे हैं लोग?
एक्स यूजर Al sarii ने वीडियो शेयर करते हुए लिखा, ‘हिंदुओं के लिए रोने वाले सभी लोगों से: देखिए— उन्होंने एक मुसलमान को पेड़ से बांध दिया और आने-जाने वालों से उसे पिटवाया।’
إلى كل من يبكي على الهندوس
— عبدالوهاب (@a_alsarii90) August 31, 2026
أنظر
ربطوا مُسلماً بشجرة وجعلوا المارّة يضربونه 💔 pic.twitter.com/uayuyItd8c
Davam Gazze ने वीडियो शेयर करते हुए लिखा, ‘भारत में मुसलमानों को “बर्बर हिंदुओं” द्वारा उत्पीड़न और अत्याचार का शिकार बनाया जा रहा है और लोगों से इस संदेश को फैलाने की अपील की।’
Ey insanlık uyan! Hindistan'da vahşi Hindular tarafından, Müslümanlara zulüm ve işkence yapılıyor. Bu insanlık dışı vahşete dur demek için paylaşarak sesimizi dünyaya duyuralım.
— 🇵🇸🇵🇸 🇹🇷 🇵🇸🇵🇸 (@Davam_Gazze) September 3, 2026
#India #IndianMuslimsUnderAttack #Haber pic.twitter.com/NOndnTiRrk
क्या है हकीकत?
पड़ताल के दौरान हमें वायरल क्लिप के एक हिस्से पर ‘md.soimul’ नाम का इंस्टाग्राम वॉटरमार्क दिखाई दिया। इस सुराग के आधार पर हमने इंस्टाग्राम पर md.soimul अकाउंट को खोजा। यहां हमें वायरल वीडियो का एक लंबा वर्जन मिला। इस अकाउंट ने यह वीडियो 15 जुलाई को पोस्ट किया था।

साथ ही अकाउंट की प्रोफाइल से यह भी स्पष्ट हुआ कि वह बांग्लादेश में स्थित है।

इसके बाद हमने वीडियो में दिखाई दे रहे स्थान की पहचान करने की कोशिश की। वीडियो में एक इमारत पर बांग्ला भाषा में ‘দক্ষিণ বিংলাবাড়ী কেন্দ্রীয় জামে মসজিদ’ लिखा दिखाई देता है, जिसका अर्थ ‘दक्षिण विंगलाबाड़ी केंद्रीय जामे मस्जिद’ है।

इस नाम से कीवर्ड सर्च में पता चला कि विंगलाबाड़ी बांग्लादेश के कुमिल्ला जिले में स्थित एक गांव है। इसके बाद हमने Google Maps पर संबंधित स्थान को खोजा। हमें बांग्लादेश के चटगांव डिवीजन के देबिदवार इलाके में एक ऐसा स्थान मिला, जहां वीडियो में दिखाई दे रही इमारत और आसपास का इलाका मौजूद है।

हमने Google Maps पर उपलब्ध स्ट्रीट व्यू/इमेजरी में दिखाई देने वाले स्थान की तुलना वायरल वीडियो के दृश्यों से की। इमारत की बनावट, सड़क और आसपास मौजूद अन्य संरचनाओं समेत कई दृश्य संकेत वीडियो से मेल खाते हैं।

| दावा | भारत में मुस्लिम युवक को पेड़ से बांधकर पीटा जा रहा है। |
| हकीकत | भारत में मुस्लिम व्यक्ति के साथ दुर्व्यवहार का दावा गलत है। वायरल वीडियो भारत का नहीं है। वीडियो बांग्लादेश के कुमिल्ला जिले के देबिदवार इलाके का है। |

