Breaking
13 Jun 2026, Sat

अमिताभ बच्चन ने राहुल गांधी को चुनने की बात नहीं कही, वायरल पोस्टकार्ड फर्जी है

सोशल मीडिया पर अभिनेता अमिताभ बच्चन के नाम से एक कथित बयान वाला पोस्टकार्ड वायरल हो रहा है। जिसके अनुसार अमिताभ बच्चन ने कहा है, ‘अब राहुल गांधी को चुनने का समय आ चुका है, उन जैसे नेता को न चुनना देश की सबसे बड़ी भूल साबित हो सकती है। पिछले 12-15 साल में हुए नुकसान की भरपाई में वर्षों लगेंगे, आगे आज बदलाव नहीं किया तो हमारे बच्चों का भविष्य खतरे में पड़ जाएगा।

अविनाश ने एक्स पर पोस्टकार्ड को शेयर कर लिखा, ‘अब राहुल गांधी को चुनने का समय आ चुका है। उन जैसे नेता को न चुनना देश की सबसे बड़ी भूल साबित हो सकती है। पिछले 12–15 साल में हुए नुकसान की भरपाई में वर्षों लगेंगे, अगर आज बदलाव नहीं किया तो हमारे बच्चों का भविष्य खतरे में पड़ जाएगा।’

वहीं जनता एक्सप्रेस ने लिखा, ‘देश बदलाव चाहता है, युवा रोजगार चाहता है, किसान सम्मान चाहता है, और जनता जवाबदेही चाहती है।अब समय आ गया है कि देश की कमान ऐसे नेता के हाथों में हो जो जनता के मुद्दों पर खुलकर बात करे।क्या 2029 में राहुल गांधी को प्रधानमंत्री बनना चाहिए?अगर आप सहमत हैं, तो पोस्ट को लाइक, शेयर और अपनी राय कमेंट में जरूर दें।’

एक यूजर कॉकरोच जनता पार्टी ने एक्स पर पोस्टकार्ड पोस्ट कर लिखा, ‘अब राहुल गांधी जी को चुनने का समय आ गया है।’

इसके अलावा सुशील मिश्रा ने भी यही दावा किया है।

क्या है हकीकत? पड़ताल में संबंधित कीवर्ड्स की मदद से गूगल सर्च करने पर हमें अमिताभ बच्चन द्वारा दिया गया ऐसा कोई बयान नहीं मिला। अमिताभ बच्चन अक्सर अपने विचार एक्स पर पोस्ट करते हैं, लेकिन अमिताभ बच्चन के एक्स अकाउंट को खंगालने पर भी हमें राहुल गांधी को लेकर इस तरह का कोई भी बयान नहीं मिला।

पड़ताल में आगे हमें दैनिक जागरण की वेबसाइट पर 23 फरवरी 2024 को प्रकाशित एक रिपोर्ट मिली। रिपोर्ट के अनुसार राहुल गांधी ने भारत जोड़ो न्याय यात्रा के दौरान एक रैली में अमिताभ बच्चन और ऐश्वर्या राय बच्चन का जिक्र कर कहा था, “अमीरों के लिए कालीन बिछी है और गरीबों के लिए कुछ नहीं। टीवी में ऐश्वर्या राय डांस करते हुए और अमिताभ बच्चन बल्ले बल्ले करते दिखेंगे।” राहुल ने यह भी कहा कि राम मंदिर आयोजन में कोई गरीब या मजदूर नहीं, बल्कि अमिताभ, ऐश्वर्या, अडानी और अंबानी दिखाई दिए।

इसके बाद अमिताभ बच्चन के एक्स अकाउंट पर एक पोस्ट किया, “वर्क आउट करने का समय आ गया…, शरीर की गतिशीलता…, मन का लचीलापन…, बाकी सब इंतजार कर सकते हैं।” अमिताभ बच्चन के इस पोस्ट को कुछ लोगों ने राहुल गांधी के बयान से जोड़कर देखा था।हालांकि अमिताभ बच्चन ने अपने पोस्ट में न तो राहुल गांधी का नाम लिया था और न ही किसी राजनीतिक दल का जिक्र किया था।

निष्कर्ष: पड़ताल में हमें अमिताभ बच्चन द्वारा राहुल गांधी के समर्थन में दिया गया ऐसा कोई भी बयान नहीं मिला, न तो उनके आधिकारिक एक्स अकाउंट पर ऐसा कोई पोस्ट मौजूद है और न ही किसी विश्वसनीय समाचार रिपोर्ट में इसका उल्लेख है। हमारी पड़ताल में अमिताभ बच्चन के नाम से वायरल बयान फर्जी निकला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *