अमित शाह के तेलंगाना दौरे में विरोध का दावा भ्रामक, वायरल वीडियो राहुल गांधी की रैली का है
सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर कर दावा किया जा रहा है कि 2 नवंबर 2026 को तेलंगाना में बीजेपी की महापदयात्रा के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का लोगों ने विरोध किया और उन्हें वहां से जाने पर मजबूर कर दिया। हालाँकि पड़ताल में सामने आया कि वायरल वीडियो अमित शाह के दौरे का नहीं, बल्कि जुलाई 2023 में तेलंगाना के खम्मम में हुई कांग्रेस की एक जनसभा का है।
क्या लिख रहे हैं लोग?
कांग्रेस नेता ऋतू चौधरी ने एक्स पर वीडियो पोस्ट कर लिखा, ‘अमित शाह तेलंगाना में राहुल गांधी का विरोध करने पहुंचे थे, लेकिन बाजी उल्टी पड़ गई। लोगो ने ऐसा भगाया की गुजरात याद आ गया होगा।’
अमित शाह तेलंगाना में राहुल गांधी का विरोध करने पहुंचे थे, लेकिन बाजी उल्टी पड़ गई। लोगो ने ऐसा भगाया की गुजरात याद आ गया होगा। https://t.co/kjnj2Bhid3
— Ritu Choudhary (@RituChoudhryINC) November 4, 2026
कांग्रेस की सेना ने लिखा, ‘अमित शाह तेलंगाना में राहुल गांधी का विरोध करने गए थे, लेकिन भीड़ ने उल्टा कर दिया। जहां भी जाते हैं, राहुल गांधी का नाम और मुद्दा ही छा जाता है। प्रचार खुद ही हो गया!’
अमित शाह तेलंगाना में राहुल गांधी का विरोध करने गए थे, लेकिन भीड़ ने उल्टा कर दिया। जहां भी जाते हैं, राहुल गांधी का नाम और मुद्दा ही छा जाता है। प्रचार खुद ही हो गया! https://t.co/bTNE58E1N8
— Congress Ki Sena (@CongresskiSena) November 4, 2026
सौरभ ने लिखा, ‘सुना है अमित शाह, तेलंगाना में जाकर राहुल गांधी जी का प्रचार करके आ गया’
सुना है अमित शाह, तेलंगाना में जाकर राहुल गांधी जी का प्रचार करके आ गया✍🏻😂🔥 #RahulGandhi 🇮🇳 RaGa 🔱 https://t.co/EUXbZyVoPx
— Sorabh INC 🇮🇳 (@SorabhInc) November 3, 2026
इसके अलावा सियाराम सोनी लावत ने भी यही दावा किया।
क्या है हकीकत?
वायरल वीडियो की सच्चाई जानने के लिए हमने इसके कीफ्रेम निकालकर Google Lens की मदद से रिवर्स इमेज सर्च किया। सर्च के दौरान हमें यही वीडियो एक्स पर 4 जुलाई 2023 को शेयर किया हुआ मिला। कांग्रेस नेता ‘Shantanu’ ने इस वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा था, “खम्माम में राहुल गांधी भाषण के बाद जब वहां से जा रहे थे, तब तेलुगू लोगों का उत्साह देखिए। तेलंगाना में कांग्रेस की लहर।”
Look at the enthusiasm of Telugu people in Khammam when Rahul Gandhi Ji was leaving after his address. Congress wave in Telangana 🔥 https://t.co/vfvTDTFZL0
— Shantanu (@shaandelhite) July 4, 2023
हमे राहुल गांधी के यूट्यूब चैनल पर 2 जुलाई 2023 को खम्माम में हुई ‘तेलंगाना जन गर्जना सभा’ का वीडियो भी मिला। इससे पता चलता है कि वायरल वीडियो तेलंगाना के खम्माम में जुलाई 2023 में हुई कांग्रेस की जनसभा का है।
बता दें कि 2 जुलाई 2023 को अमित शाह का हैदराबाद या तेलंगाना में कोई कार्यक्रम नहीं था। उस दिन पहले उन्होंने गुजरात के अहमदाबाद में ‘अक्षर रिवर क्रूज’ का वर्चुअल उद्घाटन किया था, इसके बाद अमित शाह ने उत्तर प्रदेश के लखनऊ में एक कार्यक्रम में हिस्सा लिया था। इस तरह 2 जुलाई 2023 के जिस वीडियो को अमित शाह के जोड़ा जा रहा है, उस वक्त का आधिकारिक कार्यक्रमों का रिकॉर्ड गुजरात और उत्तर प्रदेश में अमित शाह की मौजूदगी की पुष्टि करता है। तेलंगाना में उस दिन उनके किसी कार्यक्रम का उल्लेख नहीं मिलता।
| दावा | तेलंगाना में बीजेपी की महापदयात्रा के दौरान लोगों ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का विरोध किया और उन्हें वहां से जाने पर मजबूर कर दिया। |
| हकीकत | वायरल वीडियो अमित शाह के विरोध का नहीं, बल्कि 2 जुलाई 2023 को तेलंगाना के खम्मम में आयोजित कांग्रेस की जनसभा का है। इस कार्यक्रम में राहुल गांधी शामिल हुए थे। इसके अलावा, 2 जुलाई 2023 को अमित शाह के आधिकारिक कार्यक्रम गुजरात के अहमदाबाद और उत्तर प्रदेश के लखनऊ में थे। इसलिए वायरल दावा भ्रामक है। |



No Comment! Be the first one.