कनाडा में इमारत में लगी आग को दिवाली से जोड़कर फैलाया भ्रामक दावा
दिवाली भारत ही नहीं, बल्कि दुनिया के कई देशों में मनाया जाने वाला प्रमुख त्योहार है। दिवाली के उत्सव में पटाखे और आतिशबाजी भी लंबे समय से शामिल रहे हैं। इस बीच कनाडा के ओंटारियो प्रांत के मिल्टन शहर में एक इमारत में भीषण आग लगने की घटना सामने आई। आग की लपटों में घिरी इमारत का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इसके बाद कई सोशल मीडिया अकाउंट्स ने दावा करना शुरू कर दिया कि यह आग दिवाली के दौरान छोड़े गए पटाखों की वजह से लगी।
क्या लिख रहे हैं लोग?
कन्सर्न्ड कनेडियन ने एक्स पर वीडियो पोस्ट कर लिखा, ‘ओंटारियो के मिल्टन में दिवाली के जश्न के कारण भीषण आग लग गई। इसे कहते हैं सांस्कृतिक संवर्धन!’
A massive fire in Milton Ontario resulting from the Diwali celebrations So much for cultural enrichment! https://t.co/A6YaXZxIFg
— Concerned Canadian (@Concern70732755) November 9, 2026
ERIC ने लिखा, ‘कनाडा के ओंटारियो स्थित मिल्टन में हिंदू त्योहार दिवाली के कारण भीषण आग लग गई।’
🕉 🇮🇳 Hindu festival Diwali caused huge fire in Milton Ontario Canada 🇨🇦 https://t.co/XnoigWsY0K
— ᴇʀɪᴄ (@1px1j_) November 9, 2026
Buzz.info ने लिखा, ‘कनाडा के ओंटारियो स्थित मिल्टन में दिवाली समारोह के दौरान भीषण आग लग गई, जिसके बाद बड़े पैमाने पर आपातकालीन कार्रवाई शुरू की गई। एहतियात के तौर पर आस-पास रहने वाले लोगों को वहां से सुरक्षित निकाल लिया गया, जबकि दमकलकर्मी आग पर काबू पाने में जुटे रहे।’
A massive fire reportedly broke out in Milton, Ontario, Canada, during Diwali celebrations, prompting a major emergency response. Nearby residents were evacuated as a precaution while firefighters worked to control the blaze. https://t.co/PB7w7KuTg3
— Buzz.info (@buzzpostpk) November 9, 2026
क्या है हकीकत?
पड़ताल में हमे मिल्टन शहर प्रशासन की 9 नवंबर की फेसबुक पोस्ट मिली। जिसके मुताबिक 8 नवंबर की शाम 700 Main Street पर आग लगी थी। आग पास की एक इमारत तक फैलने के खतरे को देखते हुए नजदीकी अपार्टमेंट बिल्डिंग को खाली कराया गया था। प्रशासन के मुताबिक, दमकलकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। 9 नवंबर की रात करीब 1:30 बजे से कुछ समय पहले आग बुझा दी गई। इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं मिली।
इसके बाद हमे कनाडा के ओंटारियो (Ontario) प्रांत के हैमिल्टन (Hamilton) शहर की एक स्थानीय टेलीविजन समाचार सेवा CHCH News की रिपोर्ट मिली। रिपोर्ट के मुताबिक आग मिल्टन के 700 Main Street स्थित पूर्व Habitat ReStore और Rona की खाली पड़ी इमारत में लगी थी। पुलिस ने मिल्टन इलाके के तीन 14 वर्षीय किशोरों को गिरफ्तार किया। तीनों पर आगजनी और इमारत में गैरकानूनी प्रवेश के आरोप हैं।
वहीं Halton Regional Police Service ने 9 नवंबर को जारी आधिकारिक प्रेस रिलीज में बताया कि 8 नवंबर 2026 को शाम करीब 6:30 बजे पुलिस और दमकल विभाग को 700 Main Street East पर आग लगने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचने के बाद अधिकारियों ने इमारत में आग लगी हुई देखी। पुलिस ने आग लगने की परिस्थितियों को संदिग्ध मानते हुए जांच शुरू की। जांच के बाद पुलिस ने मिल्टन के तीन 14 वर्षीय किशोरों को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, तीनों किशोरों पर आगजनी और गैरकानूनी तरीके से इमारत में प्रवेश करने के आरोप लगाए गए हैं। गिरफ्तार किए गए तीनों किशोरों की उम्र 14 वर्ष है।
इसके अलावा The Canadian Press को एक ईमेल के जवाब में हॉल्टन पुलिस के कांस्टेबल जेफ डिलन ने कहा, “ऐसी कोई जानकारी नहीं है जिससे यह संकेत मिले कि आग दिवाली पर आतिशबाजी के कारण लगी थी।”
| दावा | कनाडा के ओंटारियो स्थित मिल्टन में एक इमारत में लगी भीषण आग दिवाली के दौरान छोड़े गए पटाखों की वजह से लगी। |
| हकीकत | कनाडा की Halton Regional Police के मुताबिक आग का दिवाली के पटाखों से संबंध होने की कोई जानकारी नहीं है। पुलिस ने इस मामले में तीन 14 वर्षीय किशोरों को आगजनी के आरोप में गिरफ्तार किया है। सोशल मीडिया पर किया जा रहा दावा भ्रामक है। |



No Comment! Be the first one.