नेपाल के दशैं उत्सव का वीडियो अरुणाचल में चीनी सैनिकों की घुसपैठ बताकर वायरल
आईटीबीपी के डीजी शत्रुजीत कपूर ने भारत-चीन बॉर्डर पर हाल ही में बयान दिया था। उन्होंने कहा था कि दोनों देशों के बीच अरुणाचल प्रदेश बॉर्डर पर टकराव की स्थिति कई बार बनी है। शत्रुजीत कपूर ने यह भी कहा...
आईटीबीपी के डीजी शत्रुजीत कपूर ने भारत-चीन बॉर्डर पर हाल ही में बयान दिया था। उन्होंने कहा था कि दोनों देशों के बीच अरुणाचल प्रदेश बॉर्डर पर टकराव की स्थिति कई बार बनी है। शत्रुजीत कपूर ने यह भी कहा कि टकराव की स्थिति में भारतीय जवानों ने मजबूत से काम किया और अपनी जिम्मेदारी निभाई। इसी बीच सोशल मीडिया में एक वीडियो के साथ दावा किया जा रहा है कि चीनी आर्मी अरुणाचल प्रदेश में दाखिल हो गयी और स्थानीय लोग उसे भगा रहे हैं।
क्या लिख रहे हैं लोग?
Clash fire ने एक्स पर वीडियो पोस्ट कर लिखा, ‘रिपोर्टों के अनुसार, चीनी सैनिक अरुणाचल प्रदेश में घुस आए थे, लेकिन स्थानीय निवासियों ने उन्हें वापस खदेड़ दिया। अगर आम नागरिकों को ही अपने इलाके की रक्षा करनी पड़ी, तो जब उनकी सबसे ज़्यादा ज़रूरत थी, तब भारतीय सेना और प्रशासन कहाँ थे?’

India Genz ने लिखा, ‘कथित तौर पर चीनी सैनिक अरुणाचल प्रदेश में घुस आए थे, और अब खबरें हैं कि स्थानीय लोगों ने उन्हें वापस खदेड़ दिया। अगर आम नागरिकों को ही आगे आना पड़ा, तो फिर अधिकारी कहाँ थे?’

पप्पू पासवान ने लिखा, ‘खबर आ रही हैं कि अरुणाचल में घुसपैठ कर रहे चीन आर्मी को वहां के लोकल लोगों ने खदेड़ दिया है’
खबर आ रही हैं किअरुणाचल में घुसपैठ कर रहे चीन आर्मी को वहां के लोकल लोगों ने खदेड़ दिया है अरे @grok क्या ये खबर सही है, आखिर क्या हुआ है https://t.co/nZ7dAPrIDs
— Pappu Kr Paswan (@Pappu_kumavya) October 27, 2026
इसके अलावा अंकित यादव, आशीष राय, अरुण कुमार सिंह, Bhoopesh_Govt_aspirants, आनंद यादव ने भी यही दावा किया।
क्या है हकीकत?
पड़ताल में हमने वायरल वीडियो के अलग अलग स्क्रीनशॉट को गूगल रिवर्स सर्च किया तो यह वीडियो हमे एक नेपाली इन्स्टाग्राम यूजर ‘Sunil Kunwar’ की प्रोफाइल पर मिला।

हमे इसी तरह का एक वीडियो एक अन्य नेपाली इन्स्टाग्राम यूजर दिलीप धामी की प्रोफाइल पर मिला। इस वीडियो में लोग एक भैंस के पीछे दौड़ते हुए नजर आते हैं। वीडियो को ‘Dashain special Achham’ कैप्शन के साथ पोस्ट किया गया है।

इसके बाद हमने Dashain के सम्बन्ध में गूगल सर्च किया तो TV9 की एक रिपोर्ट मिली। रिपोर्ट के मुताबिक नेपाल का दशैन त्योहार सबसे लंबा और सबसे महत्वपूर्ण हिंदू त्योहार है, जो हर साल सितंबर या अक्टूबर में 15 दिनों तक मनाया जाता है। इसे बडादशैँ या मोहनी और दशईं के नाम से भी जाना जाता है। यह पर्व बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है, जिसमें राक्षस महिषासुर पर देवी दुर्गा की जीत का जश्न मनाया जाता है। इस दौरान नेपाल के लोग अपने परिवारों के साथ इकट्ठा होते हैं, देवी दुर्गा की पूजा करते हैं और बड़ों से आशीर्वाद प्राप्त करते हैं। साथ ही, यह फसल कटाई का भी प्रतीक है और पूरे देश में खुशी और समृद्धि लाता है। दशईं उत्सव के दौरान महाष्टमी और महा नवमी के दिन हनुमान ढोका के तलेजु मंदिर में जानवरों की बलि दी जाती है।
| दावा | अरुणाचल प्रदेश में घुसे चीनी सैनिकों को स्थानीय लोगों ने खदेड़कर वापस भेज दिया। |
| हकीकत | यह वीडियो नेपाल में दशैं उत्सव के दौरान भैंस के पीछे दौड़ते हुए लोगों का है। |



No Comment! Be the first one.