Breaking
19 Apr 2026, Sun

चित्रकूट में दलित बच्ची से दुष्कर्म के तीनों आरोपी ब्राह्मण नहीं हैं

उत्तर प्रदेश के चित्रकूट जिले में कथित रूप से अपने साथ हुए सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पुलिस द्वारा कोई कार्रवाई नहीं किये जाने से परेशान 17 साल की एक दलित किशोरी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने इस मामले में तीन नाबालिग आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। इस बीच सोशल मीडिया में दावा किया जा रहा है कि इस प्रकरण में तीनों आरोपी ब्राह्मण समाज से हैं।

न्यूज 24 ने अपने यूट्यूब चैनल पर ‘Chitrakoot: Dalit बच्ची का ब्राह्मणों ने किया रेप, ‘Police ने नहीं लिखी FIR’, ली जान‘ शीर्षक के साथ वीडियो अपलोड करते किया। इस वीडियो के ‘Thumbnail’ में भी यह लिखा गया, ‘दलित बच्ची का ब्राह्मणों ने किया रेप…..‘ हालाँकि बाद में न्यूज24 ने वीडियो का ‘Thumbnail’ और टाईटल दोनों बदल लिया।

रवि परमार ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा, ‘ब्राह्मण जाति होने का प्रिविलेज कैसे मिलता है इस केस से समझिए, चित्रकूट में एक नाबालिक लड़की कुएं पर पानी भरने जाती है, तीन ब्राह्मण युवक आते हैं और उसका किडनैप करके सुनसान जगह पर ले जाकर उसका सामूहिक बलात्कार करते है…..’

क्या है हकीकत? पड़ताल में हमने गूगल सर्च किया तो हिंदी अख़बार हिंदुस्तान की वेबसाइट पर प्रकाशित रिपोर्ट मिली। रिपोर्ट के मुताबिक चित्रकूट के पहाड़ी थाना क्षेत्र में कक्षा 11 में पढ़ने वाली 17 वर्षीया छात्रा ने मंगलवार की शाम को घर में फांसी लगा जान दे दी थी। मृतका के पिता का आरोप था कि चार मार्च को गांव के ही तीन लड़कों ने बेटी को पकड़कर खेत में ले जाकर सामूहिक दुष्कर्म किया था। थाने में शिकायत करने पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। जिसकी वजह से बेटी ने खुदकुशी की है। दलित छात्रा की खुदकुशी के बाद पिता की तहरीर पर गैंगरेप के दर्ज किए गए मामले में दो नामजद बाल अपचारियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। जबकि फरार चल रहे तीसरे आरोपित की तलाश में पुलिस की तीन टीमें लगी है।

वहीं 15 अप्रैल को प्रकाशित न्यूज़ 18 की रिपोर्ट के मुताबिक परिजनों ने गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि बीते 4 मार्च को उनकी 17 वर्षीय बेटी होली वाले दिन घर से कुछ दूर पानी भरने के लिए गई हुई थी। गांव के तीन लड़के भूषण प्रजापति ,शीतल प्रजापति और बोधि शुक्ला ने उसके साथ दुष्कर्म किया था।

इस सम्बन्ध में पीडिता के पिता से भी सम्पर्क किया गया तो उन्होंने बताया है कि दो आरोपी प्रजापति और एक ब्राह्मण समाज से है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *