Breaking
26 Jul 2026, Sun

सुल्तानपुर में दलित युवक नवनीत कोरी की हत्या में जातिगत एंगल नहीं है

उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गयी। इस घटना को जातिगत एंगल देते हुए दावा किया जा रहा है कि सुल्तानपुर में दलित युवक नवनीत कोरी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पीडीए समाज पर अत्याचार बढ़ता जा रहा है।

सूर्य समाजवादी ने एक्स पर लिखा, ‘सुल्तानपुर में दलित युवक नवनीत कोरी की गोली मारकर हत्या कर दी गई इस सरकार में पीडीए समाज पर अत्याचार बढ़ता जा रहा’

राजन यादव ने लिखा, ‘दलित युवक नवनीत कोरी की गोली मारकर हत्या कर दी गई, घटना सुल्तानपुर की बताई जा रही !! उत्तर प्रदेश में PDA समाज की हत्याएं दिन प्रतिदिन बढ़ती जा रही हैं!!’

शिवम यादव ने लिखा, ‘उत्तर प्रदेश में PDA समाज के लोगों की हत्याएं हो रही , दलित युवक नवनीत कोरी की गोली मारकर हत्या कर दी गई ,घटना सुल्तानपुर की बताई जा रही।’

क्या है हकीकत? पड़ताल के लिए हमने संबंधित कीवर्ड की मदद से गूगल सर्च किया। इस दौरान हमें 10 अगस्त 2025 को प्रकाशित दैनिक भास्कर की रिपोर्ट मिली। रिपोर्ट के मुताबिक, यह मामला सुल्तानपुर के कुड़वार थाना क्षेत्र के भंडरा परशुरामपुर गांव का है। जहाँ रविवार की सुबह नवनीत कोरी नाम के एक युवक की सिर में गोली मारकर हत्या कर दी गई। दरअसल, नवनीत कोरी ने 2 महीने पहले ही गांव की शिवानी नाम की लड़की के साथ लव मैरिज की थी। शिवानी का भाई इस शादी के खिलाफ था। घरवालों के मुताबिक उसने शिवानी को धमकाया था कि उसके पति की हत्या कर देगा।

नवनीत कोरी की बहन बिनू ने बताया कि जुलाई महीने में बांसी गांव के मेले में रजनीश ने शिवानी को धमकी दी थी कि नवनीत को गोली मार देगा। शनिवार को 5-6 लोग बुलेट लेकर घर के सामने काफी देर तक खड़े रहे थे, जिनमें रजनीश भी था। आज सुबह उसने वारदात को अंजाम दे दिया। वहीं नवनीत की पत्नी शिवानी ने बताया कि, ‘हम दोनों ने 2 महीने पहले लव-मैरिज की थी, इसलिए मेरे भाई ने दुश्मनी ठान ली थी। आज सुबह उसने नवनीत को मार दिया।’

ASP अखंड प्रताप सिंह ने बताया कि मृतक और आरोपी दोनों एक ही जाति के हैं और पहले दोस्त भी थे। रजनीश की बहन और नवनीत ने 2 महीने पहले लव मैरिज कर ली थी। घरवालों के मुताबिक इसी रंजिश में बेटे की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। आरोपी फरार है। पुलिस उसकी तलाश में दबिश दे रही है और जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

अपडेट: 26 सितम्बर 2025 को प्रकाशित हिंदुस्तान की रिपोर्ट के मुताबिक पुलिस ने मृतक नवनीत कोरी के भाई आनंद की तहरीर पर बाप-बेटे के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया था। मुकदमा दर्ज होने के बाद हत्या की धमकी देने व साजिश करने के आरोप में पुलिस ने आरोपी के पिता शिवलाल को जेल भेज दिया था जबकि मुख्य आरोपी रजनीश कोरी पुलिस की पकड़ से दूर रहा है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस हलकान थी लेकिन सफलता नहीं मिली। शुक्रवार को मुख्य आरोपी रजनीश कोरी ने पुलिस को चकमा देते हुए मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट नवनीत सिंह की अदालत में आत्म समर्पण कर दिया। जहां से उसे नौ अक्टूबर तक न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *