सोशल मीडिया पर भाजपा सांसद और अभिनेता रवि किशन को लेकर एक बयान वायरल है। इस पोस्ट के साथ दावा किया जा रहा है कि रवि किशन ने कहा, ‘सनातन धर्म और हिंदू धर्म खतरे में थे, इसलिए भगवान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धरती पर भेजा है।’ हालाँकि पड़ताल में पता चलता है कि रवि किशन ने ऐसा कोई बयान नही दिया।
क्या लिख रहे हैं लोग?
एक इन्स्टाग्राम यूजर कालेर_वार्ता ने पोस्ट कर लिखा, ‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ़ करते हुए भड़काऊ बयान देने के बाद बीजेपी सांसद और एक्टर रवि किशन एक बड़ी राजनीतिक बहस का केंद्र बन गए हैं। लोगों से बातचीत के दौरान किशन ने कहा कि “सनातन धर्म—हिंदू धर्म—खतरे में है; इसीलिए भगवान ने मोदी जी को धरती पर भेजा है”। क्या आपको लगता है कि ऐसे बयानों से किसी नेता का अपने समर्थकों के साथ जुड़ाव मज़बूत होता है, या फिर ये सार्वजनिक शासन के धर्मनिरपेक्ष सिद्धांतों को कमज़ोर करते हैं?
indian.now ने लिखा, ‘बीजेपी सांसद और एक्टर के इस बयान ने नई राजनीतिक बहस छेड़ दी कि सनातन धर्म खतरे में था, इसीलिए भगवान ने उन्हें धरती पर भेजा। एक राजनीतिक सभा के दौरान दिए गए इस बयान ने सोशल मीडिया पर तेज़ी से ज़ोर पकड़ा और पूरे भारत में समर्थकों और आलोचकों की ओर से तीखी प्रतिक्रियाएँ आईं।’
दलित न्यूज़ ने फेसबुक पर पोस्ट कर लिखा, ‘सनातन धर्म, हिंदू धर्म खतरे में है इसलिए प्रभु (भगवान) ने मोदीजी को धरती पर भेजा है!’

क्या है हकीकत?
पड़ताल में हमने इस बयान से सम्बंधित कीवर्ड्स को गूगल सर्च किया लेकिन इससे जुड़ा हमें कोई भी बयान नही मिला, साथ ही हमने सांसद रवि किशन के सोशल मीडिया अकाउंट को भी खंगाला वहां भी ऐसा कोई बयान नही है।
इसके बाद हमने उनके हालिया बयानों को तलाशा तो हमे दैनिक भास्कर की वेबसाइट पर प्रकाशित एक रिपोर्ट मिली। रिपोर्ट के मुताबिक गोरखपुर के प्राचीन बुढ़िया माता मंदिर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 साल पूरे होने पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर सांसद रवि किशन शुक्ल ने मंदिर पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और देश की सुख-समृद्धि, शांति और निरंतर विकास की कामना की।

कार्यक्रम के दौरान सांसद रवि किशन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 साल देश के विकास और बदलाव के साल रहे हैं। केंद्र सरकार ने गरीबों, युवाओं, महिलाओं और किसानों के हित में लगातार काम किया है। उन्होंने कहा कि देश ने सुरक्षा, बुनियादी सुविधाओं, आत्मनिर्भरता और वैश्विक पहचान के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धियां हासिल की हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने की दिशा में लगातार प्रयास हो रहे हैं। सरकार की योजनाएं हर वर्ग तक पहुंच रही हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे जनकल्याण की योजनाओं की जानकारी ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचाएं और देश के विकास में अपनी भूमिका निभाएं।
इसके बाद हमने वायरल बयान की पुष्टि के लिए सांसद रवि किशन से सम्पर्क किया। रवि किशन ने कॉल पर बात कर बताया, ‘मैंने ऐसा कोई बयान नहीं दिया है। मेरी और हमारी पार्टी छवि खराब करने के मकसद से इस तरह के फर्जी बयान वायरल किए जाते हैं। इससे पहले भी इस तरह के मामले सामने आए हैं।’
| दावा | रवि किशन ने अपने एक बयान में कहा है कि सनातन धर्म, हिंदू धर्म खतरे में है इसलिए प्रभु (भगवान) ने मोदीजी को धरती पर भेजा है। |
| हकीकत | रवि किशन ने ऐसा कोई बयान नहीं दिया, उनके नाम पर वायरल बयान फर्जी है। |

