Breaking
22 Jun 2026, Mon

दुकान में मुस्लिम लड़की के साथ मारपीट का यह वीडियो भारत नहीं, बांग्लादेश का है

सोशल मीडिया में एक वीडियो वायरल है, इस वीडियो में एक बुर्कानशी लड़की नजर आ रही है, साथ ही ‘जय श्री राम’ के नारें की आवाजें हैं। वीडियो के साथ दावा है कि हिंदू कट्टरपंथी एक मुस्लिम लड़की पर हमलाकर उसे ‘जय श्री राम’ के नारे लगाने को बोल रहे हैं।

क्या लिख रहे हैं लोग?

नसरीन खान ने एक्स पर वीडियो पोस्ट कर लिखा, ‘एक परेशान करने वाले वीडियो में कुछ हिंदू कट्टरपंथी एक युवा मुस्लिम लड़की पर हमला करते और उसे “JSR” का नारा लगाने के लिए मजबूर करते दिख रहे हैं।  इसे कैसे बर्दाश्त किया जा सकता है? किसी की बेटी की उम्र की लड़की को इस तरह पीटा जा रहा है, फिर भी कोई कार्रवाई नहीं हो रही, कोई मीडिया कवरेज नहीं हो रही, और किसी भी नेता का एक भी ट्वीट नहीं हो रहा।  क्या अब इस देश में मुस्लिम लड़कियों को बीच सड़क पर ऐसी भीड़ रोककर बिना किसी नतीजे के उन पर हमला करेगी?’ 

अवी डांडिया ने लिखा, ‘यकीन मानो यह कुत्ते है हिंदू नहीं’

एक पाकिस्तानी प्रोपेगेंडा अकाउंट जोत्ती वर्मा ने लिखा, ‘वह तो बस एक छोटी बच्ची थी। मोदी के भक्त एक बच्ची को डराकर क्या साबित करना चाहते हैं? BJP अपने देश में लोगों को डराकर रखना चाहती है, जबकि विदेश में वह अपने राजनीतिक फायदे के लिए किसी भी हद तक जाने को तैयार दिखती है, यहां तक ​​कि नेतन्याहू के इशारों पर नाचने को भी तैयार दिखती है।’

पत्रकार मुकेश कुमार ने लिखा, ‘मोदी राज को योगा फोगा के लिए नहीं इन सबके लिए याद किया जाएगा। और याद किया जाएगा उन हिंदुओं को जो ऐसे गुंडाधर्मी हिंदुत्व का समर्थन करते रहे या चुप रहे।’

एक पाकिस्तानी यूजर इरम ने लिखा, ‘भारत में RSS के हिंदू चरमपंथियों के ज़ुल्म को देखिए: एक युवा मुस्लिम लड़की को पीटा जा रहा है, डराया-धमकाया जा रहा है और ज़बरदस्ती “जय श्री राम” के नारे लगवाए जा रहे हैं। वह मासूम लड़की डर से कांप रही है और रो रही है भारत में लगभग 28 करोड़ मुसलमान रहते हैं, लेकिन वे इन हिंदू चरमपंथियों के ज़ुल्म से अपनी बेटियों तक की रक्षा करने में असमर्थ हैं। इसका एक बड़ा कारण यह है कि उनके पास पाकिस्तान जैसा कोई स्वतंत्र देश या पाकिस्तान सेना जैसी कोई रक्षा करने वाली फ़ौज नहीं है। अपने देश की कद्र करें और इसकी स्थिरता और मज़बूती में अपनी भूमिका निभाएं।’

इसके अलावा देब ने भी इस वीडियो को पोस्ट किया है।

क्या है हकीकत? 

पड़ताल में हमने इस वीडियो के अलग अलग स्क्रीनशॉट को गूगल रिवर्स सर्च किया। इस दौरान, इस वीडियो का एक स्क्रीनशॉट हमे बांग्लादेश के फेसबुक पेज ‘सबुज अनवर हुसैन बिज़नेस‘ पर मिला। इस स्क्रीनशॉट को 16 सितम्बर 2025 को पोस्ट किया गया था, पोस्ट के कैप्शन के मुताबिक, वीडियो में दिख रही लड़की का नाम अनिका है, जिसे बांग्लादेश के मीरपुर कॉलेज मार्केट में एक दुकान से पैसे चुराते हुए पकड़ा गया था। पोस्ट में यह भी बताया गया है कि वह बारिसल के वज़ीरपुर की रहने वाली है और पहले एक गारमेंट फ़ैक्टरी में काम करती थी।

वहीं ढाका के न्यूज़ मीडिया ‘Bd Tube Master News‘ ने भी यही वीडियो 17 सितम्बर 2025 को शेयर किया था। पोस्ट में ढाका और चट्टोग्राम जैसे हैशटैग शामिल थे, जिनसे साफ़ पता चलता है कि चोरी की आरोपी मुस्लिम लड़की से जुड़ी यह घटना बांग्लादेश में हुई थी। इस वीडियो के किसी भी हिस्से में ‘जय श्री राम’ का नारा नहीं है। यानि वायरल वीडियो में इन नारों को अलग से जोड़ा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *