Breaking
25 Jul 2026, Sat

केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने दिल्ली में प्रदर्शन कर रहे कॉकरोचों को फांसी पर लटकाने की बात नहीं की, वायरल वीडियो AI जेनरेटेड है

इस बीच सोशल मीडिया में केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल का वीडियो वायरल है, इस वीडियो में वो कहते हुए नजर आ रहे हैं कि हमें दो तीन कॉकरोच को सरेआम लटका देना चाहिए जिससे सीजेपी को ये अंदाजा हो सके कि हम कि हमारी ताक़त क्या है और हम किस हद तक जा सकते हैं। मेरी मोदी जी को सलाह है कि उनको वही करना चाहिए, जो उन्होंने गुजरात में किया था। हालाँकि जांच में सामने आया है कि पीयूष गोयल का यह वीडियो AI से बनाया गया है, असल में उन्होंने ऐसा कोई बयान नहीं दिया।

क्या लिख रहे हैं लोग?

समाजवादी पार्टी के नेता आईपी सिंह ने एक्स पर वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा, ‘PM का सगोत्री महा घोटालेबाज स्विस बैंक वाला हमारे बच्चों छात्रों को फांसी पर लटकाने की हिटलरशाही वाली धमकी दे रहा है। इसके भ्र्ष्टाचार के चलते अटल जी ने इसके स्वर्गीय पिता को मंत्रिमंडल से बर्खास्त कर दिया था।  देश का युवा छात्र और मातापिता अवश्य सुनें कि PM मोदी से फांसी पर चढ़ाने को धमकी दे रहा है।’

कांग्रेस नेता हेमसिंह शेखावत ने लिखा, ‘जंतर मंतर पर प्रदर्शन करने वाले छात्रों को सरेआम मारने की धमकी दे रहे केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल। सुनिए। जब सरकार के नुमाइंदे इस प्रकार की बात करते हैं, इस भाषा शैली में जन आंदोलन करने वालों के खिलाफ विरोध जाहिर करते हैं, तो समझ लीजिए लोकतंत्र का अंत करने वाले लोग सत्ता में बैठे हैं। अगर देश का युवा अपना विरोध प्रदर्शन कर रहा है, तो वो कह रहे हैं कि इनको लटका देना चाहिए। किसको लटका रहे? इस देश के भविष्य को? किसको लटका रहे हो? इस देश के लोकतंत्र को?’

पत्रकार वर्षा सिंह ने लिखा, ‘हमें दो तीन कॉकरोच को सरेआम लटका देना चाहिए जिससे cjp को ये अंदाजा हो सके कि हम कि हमारी ताक़त क्या है और हम किस हद तक जा सकते हैं- केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल’

पुनीत कुमार सिंह ने लिखा, ‘कैसी बात कर रहे हैं पीयूष गोयल जी साफ-साफ बोल रहे हैं कि दो-तीन कॉकरोच को लटका देना चाहिए और यह जब अपने दो-तीन कॉकरोच को लटका हुआ देखेंगे तो सारा प्रदर्शन खत्म हो जाएगा.  और सीधा-सीधा आप कह रहे  कि हमको अपनी ताकत दिखानी पड़ेगी यह कैसी धमकी है? उधर रीलबाजी चल रही और इधर धमकी’

शिवम यादव ने लिखा, ‘गुजरात में गोधरा कांड कौन भूला वहां जो नरसंहार हुआ रूह कपा देता और ये मंत्री बोल रहा जो मोदी ने गुजरात में किया वही इन कॉकरोच के साथ करे। शायद तानाशाही इतनी बढ़ गई है जो लोकतांत्रिक मूल्यों को भूल चुके है बीजेपी नेता।’

इसके अलावा चन्द्रदेव यादव, अनीस अहमद, राजा तिवारी, राघवेन्द्र यादव, वृषाली रामदास, सत्या समाजवादी, राजनीति डाटा लेब ने भी इस वीडियो को पोस्ट किया है

क्या है हकीकत?

पड़ताल में हमने वायरल वीडियो से सम्बंधित कीवर्ड्स को गूगल सर्च किया तो इस सम्बन्ध में किसी तरह की कोई मीडिया रिपोर्ट नहीं मिली। 

इसके बाद हमे पीयूष गोयल का असल वीडियो मिला, इसमें उन्होंने कहा है कि आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने, स्पष्ट कर दिया है कि दोषियों के खिलाफ कठोर से कठोर कार्रवाई की जाएगी। फास्ट ट्रैक कोर्ट बनाकर कड़ी सजा दी जाएगी। आगे चलकर भी सरकार कई कदम उठाएगी, जिससे हमारे युवओं की आशाएं-अपेक्षाएं, पूरी की जा सकें। साथ ही उन्होंने कहाकि हमारा कांग्रेस पार्टी और विपक्ष से अनुरोध है कि इस विषय का राजनीतिकरण ना करें। पीयूष गोयल ने विपक्ष पर चर्चा से भागने और मुद्दे का राजनीतिकरण करने का भी आरोप लगाया।

वायरल वीडियो के सन्दर्भ में हमे पीयूष गोयल का एक एक्स पोस्ट भी मिला। उन्होंने लिखा, ‘गलत जानकारी फैलाने की कोशिश में, संसद के बाहर मीडिया से कही गई मेरी बातों का AI का इस्तेमाल करके गलत तरीके से बदलाव किया गया है और एक डीपफेक वीडियो बनाकर फैलाया गया है। मैंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है और 25 जुलाई 2026 को सुबह 4:35 बजे चाणक्यपुरी पुलिस स्टेशन में FIR (नंबर 123/26) दर्ज की गई है। इस नकली वीडियो को बनाने, फैलाने या इसे और आगे बढ़ाने में शामिल सभी लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। लोगों को गुमराह करने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का गैर-जिम्मेदाराना और गलत इस्तेमाल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मैं सभी से अपील करता हूं कि वे जानकारी के लिए केवल वेरिफाइड और भरोसेमंद स्रोतों पर ही भरोसा करें। मुझे पूरा भरोसा है कि भारत के जागरूक और टेक्नोलॉजी की समझ रखने वाले नागरिक, खासकर हमारे युवा, ऐसी गलत जानकारी का शिकार नहीं बनेंगे।’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *