Breaking
18 Aug 2026, Tue

जेपी नड्डा ने पीएम मोदी की कार से उतरकर उनका स्वागत नहीं किया

सोशल मीडिया में एक वीडियो वायरल है। वीडियो में प्रधानमंत्री मोदी कार से पहुंचते हैं, जहां जेपी नड्डा फूलों का गुलदस्ता देकर उनका स्वागत करते नजर आते हैं।  वीडियो को शेयर करते हुए दावा किया जा रहा है कि दोनों एक ही कार में साथ पहुंचे थे, लेकिन कार रुकने के बाद जेपी नड्डा दूसरी तरफ से उतरकर प्रधानमंत्री मोदी का फूल देकर स्वागत करने लगे। इसे लेकर कई सोशल मीडिया यूजर्स इसे ‘नौटंकी’ बता रहे हैं। 

क्या लिख रहे हैं लोग?

समाजवादी पार्टी के आईपी सिंह ने एक्स पर वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा, ‘प्रधानमंत्री जी को इतना नाटकबाजी करने की क्या जरूरत है? गौर से देखिये जेपी नड्डा मोदी जी के साथ कार में बैठे हुए हैं जैसे ही कार रुकती है मोदी जी इन्तेजार करते हैं। नड्डा झट से दूसरी तरफ से उतर कर फूलों का गुलदस्ता लेकर उन्हें रिसीव करने का नाटक करते हैं। कैमरे में सब रिकॉर्ड हो जाता है।’

आम आदमी पार्टी के विधायक कुलदीप कुमार ने लिखा, ‘ये तो गज़ब हो गया वीडियो में एक सुपर तमाशा भी देखिए जेपी नड्डा इसी कार में साथ में बैठे थे पर जैसे ही कार रुकी ,झट से दूसरी तरफ से उतर कर फूलों का गुलदस्ता लेकर साहेब को रिसीव करने का नाटक करने लगे… मतलब साहब की इमेज बनी रहनी चाहिए ऐसी ही पूरे देश को मिलकर ये टोपी पहना रहे है’

साक्षी नरूला ने लिखा, ‘तो मिस्टर नड्डा उसी कार में उनके बगल में बैठे हैं और दूसरी तरफ़ से निकलकर गुलाब का फूल देकर उनका स्वागत करते हैं। वे जहाँ भी जाते हैं, वहाँ स्वागत की ज़रूरत क्यों होती है?’

विक्रम ने लिखा, ‘इनकी नौटंकी देखिए  नड्डा जी और साहेब दोनों एक ही कार में आए हैं   लेकिन साहेब का स्वागत जरूरी है,तो नड्डा जी दूसरी तरफ से उतर कर फुल देने पहुंच गए है  कैमरा को दिखाया गया कि साहेब का स्वागत हुआ  आखिर इस नौटंकी की क्या जरूरत है?’

अल्का मौर्य ने लिखा, ‘क्या लिखूं आप खुद देखिए क्या नौटंकी चल रही है…..JP nadda सहाब साथ में बैठे थे लेकिन महामानव की इज्जत कम ना हों जाए इसलिए दूसरी तरफ से उतर कर आए फूल देने’

इसी तरह का दावा कांग्रेस नेता रश्मि, आवेश तिवारी, कमलेश खंडेलवाल, कॉकरोच आर्मी, डॉ. रंजन, शाहिद, गौतम ठाकुर, The Lie Lama, अभिमन्यु सिंह, मृगाका सिंह, मोहसिन, गुजराती जुमलेबाज, परमानंद आजमगढ़ी, नेताफ्लिक्स, निदेश सूर्यवंशी, सतीश आचार्य, प्रखर, केशव चन्द्र यादव, सत्या समाजवादी, कॉकरोच जनता पार्टी, सीजेपी बिहार ने भी किया है।

क्या है हकीकत?

पड़ताल में हमने वायरल वीडियो के स्क्रीनशॉट को गूगल रिवर्स सर्च किया तो यह वीडियो हमे समाचार एजेंसी ANI के एक्स अकाउंट पर मिला, इस वीडियो को 27 जुलाई 2024 को ‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नई दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय पहुंचे।’ कैप्शन के साथ पोस्ट किया गया था।

दरअसल, लोकसभा चुनाव 2024 के नतीजों के बाद 27 और 28 जुलाई 2024 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और तत्कालीन भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने नई दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों और उपमुख्यमंत्रियों के साथ बैठक की थी। वायरल वीडियो इसी बैठक के दौरान का है।

हमने इन कीवर्ड्स की मदद से इंटरनेट सर्च किया यही वीडियो एक दूसरे एंगल से पीएम मोदी के यूट्यूब चैनल पर मिला। 27 जुलाई 2024 का यह वीडियो लाइव प्रसारित किया गया था। इस वीडियो में 14 सेकेंड्स पर एक शख्स पीएम मोदी की कार से नीचे उतरता है।

जेपी नड्डा की तस्वीर और कार से उतर रहे शख्स की तुलना में दोनों की शारीरिक बनावट, हेयरस्टाइल में स्पष्ट अंतर दिखाई देता है। इससे स्पष्ट होता है कि कार से उतरने वाला व्यक्ति जेपी नड्डा नहीं, बल्कि कोई अन्य व्यक्ति है।

इसके बाद हमे ‘IANS’ के एक्स हैंडल पर भी एक वीडियो मिला। 27 जुलाई 2024 के इस वीडियो में पीएम मोदी के बगल में बैठे शख्स और जेपी नड्डा, दोनों को एक साथ देखा जा सकता है। इस वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि जब पीएम मोदी के बगल में बैठे शख्स फाइलों के साथ जा रहे होते हैं, तब जेपी नड्डा प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए कार के पास खड़े रहते हैं।

आगे की पड़ताल में हमें 27 जुलाई 2024 का समाचार एजेंसी PTI का एक एक्स पोस्ट मिला। इस वीडियो में देखा जा सकता है कि जेपी नड्डा सफेद रंग की स्कॉर्पियो से भाजपा मुख्यालय पहुंचे थे जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपनी आधिकारिक रेंज रोवर से पहुंचे थे। इससे स्पष्ट हो जाता है कि दोनों नेता उस दिन अलग-अलग वाहनों से भाजपा मुख्यालय पहुंचे थे। इसलिए यह दावा गलत है कि जेपी नड्डा प्रधानमंत्री मोदी के साथ एक ही कार में आए थे।

इसके अलावा, समाचार एजेंसी ANI के 27 जुलाई 2024 के एक अन्य वीडियो में भी देखा जा सकता है कि बैठक समाप्त होने के बाद जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भाजपा मुख्यालय से रवाना हो रहे थे, तब भी उनकी कार में वही व्यक्ति उनके साथ मौजूद था।

आगे की पड़ताल में पता चला कि वीडियो में दिखाई देने वाला व्यक्ति संभवतः हार्दिक सतीशचंद्र शाह हैं। साल 2020 में गुजरात कैडर के 2010 बैच के आईएएस अधिकारी हार्दिक सतीशचंद्र शाह को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का निजी सचिव नियुक्त किया गया था।

New Indian Express की एक रिपोर्ट का स्क्रीनशॉट

प्रधानमंत्री मोदी के साथ कार में बैठे व्यक्ति का चेहरा आईएएस अधिकारी हार्दिक सतीशचंद्र शाह से काफी मिलता-जुलता है। ऐसे में उपलब्ध तस्वीरों और वीडियो के आधार पर यह संभव है कि वह हार्दिक सतीशचंद्र शाह हों। हालांकि, हम इसकी स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करते, क्योंकि इस संबंध में कोई आधिकारिक या विश्वसनीय सार्वजनिक जानकारी उपलब्ध नहीं है। हालांकि, हमारी पड़ताल में इतना स्पष्ट हो गया कि प्रधानमंत्री मोदी के साथ कार में जेपी नड्डा नहीं थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *