Breaking
28 Aug 2026, Fri

मुस्लिम बुजुर्ग को हिंदू युवक के चिढ़ाने का वीडियो असली घटना नहीं, स्क्रिप्टेड वीडियो है

सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें एक युवक कुर्सी पर बैठे एक मुस्लिम बुजुर्ग को चिढ़ाते हुए नजर आ रहा है। वीडियो को सोशल मीडिया यूजर्स वास्तविक घटना का बताकर शेयर कर रहे हैं। इस वीडियो को हिंदू युवक द्वारा मुस्लिम बुजुर्ग को जानबूझकर परेशान करने की घटना के तौर पर पेश किया गया है।

क्या लिख रहे हैं लोग?

JM News Network ने एक्स पर वीडियो पोस्ट कर लिखा, ‘एक हिंदू व्यक्ति को एक बुजुर्ग मुस्लिम व्यक्ति का मज़ाक उड़ाते हुए देखा गया।’

मनीष आरजे ने लिख, ‘सर, जब भी हम सनातनी किसी मुसलमान को देखते हैं, तो ऐसा ही बर्ताव करते हैं। हिंदू धर्म का मज़ाक मत उड़ाइए, सर…’

नेहा भारती ने लिखा, ‘हां जी हिंदू खतरे में है!’

इसके अलावा Hamed, Daily Afganistan, Mazen, Indian Muslim Archive, Sandhiya ने भी इस वीडियो को सांप्रदायिक दावे के साथ शेयर किया है।

क्या है हकीकत?

पड़ताल में हमने वायरल वीडियो के अलग-अलग हिस्सों के स्क्रीनशॉट लेकर Google पर रिवर्स इमेज सर्च किया। इस दौरान हमें वीडियो का मूल स्रोत इन्स्टाग्राम पर यूजर भानु चन्द्र दुबे (@bhanuchanddubey) की प्रोफाइल पर मिला। भानु ने इस वीडियो को ‘Comedy movie’ कैप्शन के साथ पोस्ट किया था। इससे स्पष्ट होता है कि वीडियो को किसी वास्तविक घटना के तौर पर नहीं, बल्कि मनोरंजन और हास्य के उद्देश्य से बनाया गया था।

भानु चन्द्र दुबे की इन्स्टाग्राम प्रोफाइल की पड़ताल करने पर हमें इसी तरह के कई अन्य वीडियो भी मिले। इन वीडियो में वही मुस्लिम बुजुर्ग व्यक्ति और भानु चन्द्र दुबे एक साथ अलग-अलग मजाकिया परिस्थितियों में नजर आते हैं। वीडियो का अंदाज भी स्क्रिप्टेड और मनोरंजन आधारित है, जहां दोनों एक-दूसरे के साथ अभिनय करते हुए दिखाई देते हैं।

इसके अलावा, भानु चन्द्र दुबे द्वारा पोस्ट किए गए एक अन्य वीडियो में उन्होंने खुद मुस्लिम बुजुर्ग व्यक्ति के बारे में बताते हुए कहा है कि वह उनके चाचा समान हैं और दोनों मिलकर इसी तरह की मजाकिया वीडियो बनाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *