Breaking
3 May 2026, Sun

बीजेपी ने नरेंद्र मोदी के पीएम बनने के बाद इनकम टैक्स खत्म करने का वादा नहीं किया था

सोशल मीडिया में अखबार की एक कटिंग वायरल है, जिसके मुताबिक भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने यह वादा किया कि अगर 2014 में नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री बनते हैं तो इनकम टैक्स की व्ययवस्था को खत्म कर दिया जाएगा और किसी को आयकर का भुगतान नहीं करना होगा। अखबार की कटिंग में नितिन गडकरी के हवाले से ऐसा दावा किया जा रहा है।

रमन राज ने एक्स पर लिखा, ‘अचानक एक पेपर कटिंग आज फिर से नजर आ गई और फिर याद आया,  काश मोदी भारत देश के प्रधानमंत्री होते तो सभी भारतीयों को इनकम-टैक्स नहीं देना पड़ता,  ऐसी बहुत टोपिया पन की स्कीम बताई गई थी लेकिन वह स्कीम बन कर रह गई,   अखबार की कटिंग: रद्दी की टोकरी से,   लगता है यह स्कीम युगांडा के लिए तो नहीं थी!’

ब्रिजेन्द्र शुक्ला ने लिखा, ‘आदरणीय बंधुओ अचानक एक पेपर कटिंग आज फिर से नजर आ गई और फिर याद आया,  काश मोदी भारत देश के प्रधानमंत्री होते तो सभी भारतीयों को इनकम-टैक्स नहीं देना पड़ता,  ऐसी बहुत टोपिया पन की स्कीम बताई गई थी लेकिन वह स्कीम बन कर रह गई,   अखबार की कटिंग: रद्दी की टोकरी से,   लगता है यह स्कीम युगांडा के लिए तो नहीं थी!’

इसके अलावा जागेश्वर प्रसाद ने भी इस कटिंग को पोस्ट किया है।

क्या है हकीकत? वायरल अखबार की कटिंग के मुताबिक आम लोगों को टैक्स और सर्विस टैक्स से निजात दिलाने के लिए भाजपा प्लान बनाने में जुट गयी है। इस प्लान को बनाने की जिम्मेदारी भाजपा नेता नितिन गडकरी को दी गयी है। हालाँकि अखबार की कटिंग में कहीं भी कोई आधिकारिक बयान नहीं छापा गया है। इस खबर को सूत्रों के हवाले से प्रकाशित किया गया है।

इसके बाद हमने 2014 लोकसभा चुनाव को लेकर जारी बीजेपी के घोषणापत्र को चेक किया और उसमें भी हमें ऐसी कोई घोषणा नहीं मिली, जिसमें देश से इनकम टैक्स की व्यवस्था को खत्म किए जाने का जिक्र हो। घोषणापत्र में टैक्सेशन वाले चैप्टर में पार्टी ने टैक्स व्यवस्था को आसान और तार्किक बनाए जाने का आश्वासन दिया था ताकि ईमानदार करदाताओं को मुश्किलों को सामना न करना पड़े।

हमने पड़ताल आगे बढ़ाई तो एबीपी न्यूज के यूट्यूब चैनल पर 2 फरवरी 2018 को अपलोड एक वीडियो मिला। ABP बजट सम्मेलन में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी आए हुए थे। इसी कार्यक्रम के दौरान जब एंकर चित्रा त्रिपाठी उन्हें समान वायरल खबर का स्क्रीनशॉट दिखाते हुए देश से इनकम टैक्स को खत्म किए जाने के बारे में पूछती हैं? तो इस पर नितिन गडकरी कहते हैं कि यह सरासर झूठ है क्योंकि बीजेपी ने कभी ऐसा कोई भरोसा नहीं दिलाया। उनके मुताबिक, बीजेपी ने इसकी चर्चा तक कभी नहीं की। उन्होंने कहा कि एबीपी को इसकी सच्चाई पता करवा लेनी चाहिए।

इसके बाद वह कहते हैं, “….हां एक बात जरूर है…जब मैं पार्टी अध्यक्ष था, तब पुणे की एक टीम थी। उसमें हमारा एक ब़ड़ा ग्रुप था। मनोहर पर्रिकर थे….काफी लोग थे। उसमें कभी रामदेव बाबा को भी प्रेजेंटेशन दिया था…वो ब्लैक इकोनॉमी को लेकर…इनकम टैक्स को लेकर अलग-अलग सुझाव दिए थे। चर्चा होती रहती थी। वो चर्चा अलग-अलग फ्रंट पर होती थी। उस समय हमारी सरकार नहीं थी। उन लोगों ने मोदी जी को भी एक प्रेजेंटेशन दिया था। उस वक्त हमारी सरकार भी नहीं थी।” इसके बाद वह फिर से इस दावे का खंडन करते हुए कहते हैं कि हमने ऐसा कोई आश्वासन नहीं दिया था।

निष्कर्ष: नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद इनकम टैक्स को खत्म किए जाने का दावा फेक है। बीजेपी की तरफ से औपचारिक या अनौपचारिक तौर पर कभी भी न तो ऐसी कोई घोषणा की गई और न ही ऐसा वादा किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *