Breaking
5 Aug 2026, Wed

भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद ने नहीं कहा, ‘कुत्ता-बिल्ली को भी खड़ा कर देंगे तो जीत जाएंगे’, वायरल वीडियो एडिटेड है

बिहार के बांकीपुर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव के नतीजे सोमवार (3 अगस्त) को घोषित हुए, जिसमें जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने जीत दर्ज की। इसके बाद सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल होने लगा। दावा किया गया कि भाजपा नेता रविशंकर प्रसाद ने कहा था, “हम बांकीपुर से कुत्ता-बिल्ली को भी खड़ा कर देंगे तो वह भी चुनाव जीत जाएगा।” कुछ लोगों ने इसे भाजपा की हार की वजह बताते हुए शेयर किया। हालांकि, हमारी पड़ताल में यह दावा भ्रामक साबित हुआ।

क्या लिख रहे हैं लोग?

न्यूज़ पिंच के फाउंडर अभिनव पांडेय ने लिखा, ‘पटना BJP सांसद रविशंकर प्रसाद ने कहा था कि बांकीपुर से कुत्ता-बिल्ली भी लड़ा देंगे तो BJP जीत जाएगी। जानकारी के लिए बता दें कि उनके इलाके पटना वुमेंस कॉलेज में PK आगे चल रहे हैं। नीतिन नवीन के इलाके मंदेरी में भी BJP पीछे। बोरिंग रोड जैसे गढ़ में बुरी तरह पिछड़ी। 14 राउंड की गिनती के बाद प्रशांत किशोर ने 11 हजार ने डिसाइसिव बढ़त बनाई। अभी मुस्लिम इलाक़ों की गिनती बाकी।’

Indians ने लिखा, ‘पटना BJP सांसद रविशंकर प्रसाद ने कहा था कि बांकीपुर से कुत्ता-बिल्ली भी लड़ा देंगे तो BJP जीत जाएगी। जानकारी के लिए बता दें कि उनके इलाके पटना वुमेंस कॉलेज में PK आगे चल रहे हैं। नीतिन नवीन के इलाके मंदेरी में भी BJP पीछे। बोरिंग रोड जैसे गढ़ में बुरी तरह पिछड़ी।’

एक एक्स यूजर ‘Rebellious 2.0‘ ने वीडियो पोस्ट कर लिखा, “भाजपा का चुनाव हारने का मुख्य कारण यह भी हैं! जो अपने पार्टी कार्यकर्ता को कुत्ता बिल्ली समझे उसे पार्टी कार्यकर्ता भी वोट नहीं देते. नितिन नवीन और नीरज कुमार के घर से भी सभी वोट भाजपा को नहीं मिले आप किसी को कुत्ता बिल्ली कहेंगे तो उसकी माता,पत्नी या बेटी किसी को बुरा लग सकता है अपने ही कार्यकर्ता को गाली दीजियेगा आप इसबार सही से समझा दिया गया है”

सपा नेता आईपी सिंह ने लिखा, ‘रविशंकर प्रसाद जी आपके कुत्ते बिल्ली जानवर कहां गये? आप तो बताते थे कि बांकीपुर पटना में बीजेपी कुत्ते बिल्ली को लड़ा देगी तब भी चुनाव जीत लेंगे क्या हुआ?’ 

पंकज श्रीवास्तव ने लिखा, ‘कुत्ता बिल्ली को चुनाव जितवाने वालों के लडडू कुत्ता बिल्ली ही खायेंगे।’

इसके अलावा रोहन सागर, नरेंद्र प्रताप ने भी इस वीडियो को पोस्ट किया है

क्या है हकीकत? 

पड़ताल के दौरान संबंधित कीवर्ड्स से खोज करने पर हमें 25 जुलाई 2026 को IANS के आधिकारिक एक्स हैंडल पर साझा किया गया रविशंकर प्रसाद का पूरा वीडियो मिला। वीडियो में वह बांकीपुर उपचुनाव को लेकर प्रशांत किशोर के एक बयान पर प्रतिक्रिया दे रहे थे।

रविशंकर प्रसाद ने कहा, “एक व्यक्ति (प्रशांत किशोर) ने कहा है कि भाजपा कहती है कि अगर हम किसी कुत्ता-बिल्ली को भी खड़ा कर देंगे तो जिता देंगे। यह गलत है, बेबुनियाद है। भारतीय जनता पार्टी अपने एक-एक कार्यकर्ता का सम्मान करती है। इसी कारण आज एक बूथ का कार्यकर्ता चुनाव लड़ रहा है और जीतेगा। हम ऐसी भाषा का इस्तेमाल नहीं करते। यह उनके अहंकार की भाषा है।”

यानी, वायरल वीडियो में रविशंकर प्रसाद खुद ‘कुत्ता-बिल्ली’ वाला बयान नहीं दे रहे थे, बल्कि वह प्रशांत किशोर द्वारा भाजपा पर लगाए गए आरोप का उल्लेख करते हुए उसका खंडन कर रहे थे। वीडियो के इसी हिस्से को संदर्भ से काटकर इस तरह साझा किया गया कि ऐसा लगे मानो यह बयान स्वयं रविशंकर प्रसाद ने दिया हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *