Breaking
18 Aug 2026, Tue

न्यूजीलैंड में पीएम मोदी ने भारत को दूसरा सबसे बड़ा बीफ प्रोड्यूसर देश नहीं कहा

पीएम मोदी ने शनिवार को न्यूजीलैंड के ऑकलैंड में भारतीय समुदाय को संबोधित किया। पीएम मोदी ने कहा कि वह अपने साथ 140 करोड़ भारतीयों की शुभकामनाएं लाए हैं और यह उनके लिए बहुत सौभाग्य की बात है कि वह 40 वर्षों में न्यूजीलैंड का दौरा करने वाले पहले भारतीय प्रधानमंत्री बने हैं। इस बीच सोशल मीडिया में पीएम मोदी के एक भाषण का एक हिस्सा वायरल है, लोग दावा कर रहे हैं कि पीएम मोदी ने अपने संबोधन में भारत को दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा बीफ प्रोड्यूसर देश कहा है।

क्या लिख रहे हैं लोग?

टीएमसी सांसद कीर्ति आजाद ने लिखा, ‘छद्म हिंदुओं ने भारत को गौमांस का दूसरे नंबर का निर्यातक बना दिया॥ गाय हमारी माता है आगे कुछ नहीं आता है।’

रश्मि सिंह ने एक्स पर वीडियो पोस्ट कर लिखा, ‘भारत में गौमाता के नाम पर तनाव और वोटबैंक, न्यूजीलैंड में पहुंचकर बीफ-फिश पर लेक्चर! ये वही लोग हैं जो घर में गौमाता, बाहर बीफ-फिश का ज्ञान बांटते हैं। दोगलापन की हद है भाई!’

दीपक सिंह ने लिखा, ‘अंधभक्तों के बीच विश्वगुरु बताने वाले न्यूजीलैंड पहुंचकर बीफ और फिश पर ज्ञान देने लगे।’

आफ़ताब अहमद ने लिखा, ‘भारत दुनिया का सबसे बड़ा बीफ प्रोड्यूसर हैं न्यूजीलैंड पहुंचकर बीफ और फिश पर ज्ञान देने लगे।’

पत्रकार दयाशंकर मिश्रा ने लिखा, ‘विदेश में बीफ़ का कारोबार, प्रचार करते प्रधानमंत्री को कम से कम एक फ़ोन बजरंग दल वालों को भी कर देना चाहिए। बीफ़ के नाम पर मॉब लिंचिंग प्रधानमंत्री के इस भाषण के बाद बंद होनी चाहिए।’

इसके अलावा ऋतू चौधरी, शिव, सुजीत यादव, अशोक, प्रताप सोलंकी, शम्भू पटवा, सरल व्यंग, फिरोज अहमद, रवि गौतम, अशोक शर्मा, Void, आनन्द दासा, जवाहर सीकर आम आदमी पार्टी नेता रवि पांडेय और वंदना सिन्हा ने भी इस वीडियो को पोस्ट किया है।

क्या है हकीकत?

पड़ताल में हमे प्रधानमंत्री के भाषण का अंश समाचार एजेंसी ANI के एक्स अकाउंट पर मिला, इस वीडियो को पोस्ट करते हुए लिखा है, “न्यूज़ीलैंड: ऑकलैंड में कम्युनिटी इवेंट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आज भारत दुनिया की सबसे तेज़ी से बढ़ती बड़ी अर्थव्यवस्था है। भारत दुनिया का सबसे बड़ा वैक्सीन उत्पादक देश है। मोबाइल डेटा इस्तेमाल के मामले में भारत दुनिया के अग्रणी देशों में शामिल है। भारत दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा मोबाइल निर्माता देश है। भारत दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा टेलीकॉम बाजार है। भारत दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा गेहूं(Wheat) उत्पादक देश है। भारत दुनिया का सबसे बड़ा दूध उत्पादक देश है। भारत दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा मछली उत्पादक देश है।”

पीएम मोदी के आधिकारिक यूट्यूब चैनल शॉर्ट्स सेक्शन में यह स्पीच मिली। इस वीडियो में पीएम मोदी के स्पीच के टेक्स्ट भी लिखे गये हैं, जिसमें साफ तौर पर देखा जा सकता है कि पीएम मोदी ने बीफ नहीं बल्कि WHEAT प्रोड्यूसर बोला है।

इसके अलावा, प्रधानमंत्री कार्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध भाषण के लिखित संस्करण में भी Wheat अर्थात गेंहूँ लिखा है। पीएम मोदी का लिखित संबोधन है, ‘भारत आज दुनिया की fastest growing major economy है। भारत दुनिया का सबसे बड़ा Vaccine Producer है। भारत Mobile Data Consumption में दुनिया के अग्रणी देशों में है। आज भारत दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा Mobile Manufacturer है। आज भारत दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा Telecom Market है। आज भारत दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा Wheat Producer है। आज भारत दुनिया का सबसे बड़ा Milk Producer है। आज भारत दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा Fish Producer है।’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *