Breaking
27 Sep 2026, Sun

जंतर-मंतर पर ईवीएम के खिलाफ दो साल पुराना वीडियो हालिया प्रदर्शन का बताकर वायरल

SIR विवाद और चुनाव आयोग में आयुक्तों के बीच मतभेद के आरोपों को लेकर मुख्य चुनाव आयुक्त लगातार विपक्ष के निशाने पर हैं। इसी बीच सोशल मीडिया में एक वीडियो वायरल है। दावा है कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर जंतर मंतर पर प्रदर्शन हो रहा है।

क्या लिख रहे हैं लोग?

संजय राउत ने एक्स पर लिखा, ‘दिल्ली में ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग को लेकर नारेबाज़ी शुरू हो गई है; आज जंतर-मंतर का नज़ारा… एक निर्णायक लड़ाई!’

अजीत सिंह राठी ने लिखा, ‘भारी बारिश के बीच दिल्ली में भाजपा सरकार के खिलाफ EVM हटाओ, और मुख्य चुनाव आयुक्त हटाओ का नारा बुलंद करते, युवा Gen-Z’

इसके अलावा Gen-Z of India, कॉकरोच जनता पार्टी, कॉकरोच आर्मी, रजनीश कुशवाह, आईपी सिंह ,आशीष कुमार, एडवोकेट मुमताज़ ,कांग्रेस पार्षद ने भी इन तस्वीरों को पोस्ट किया है।

क्या है हकीकत?

पड़ताल में हमे यह वीडियो एक एक्स यूजर ‘सुबेद्र यादव‘ के अकाउंट पर मिला। 31 जनवरी, 2024 को शेयर किए गए इस वीडियो के कैप्शन से पता चलता है कि इसमें ईवीएम के खिलाफ विरोध प्रदर्शन दिखाया गया है।

हमे इस सम्बन्ध में 31 जनवरी 2024 को प्रकाशित सब्रंग इंडिया नामक मीडिया आउटलेट की रिपोर्ट भी मिली। रिपोर्ट के मुताबिक भारत मुक्ति मोर्चा के अध्यक्ष वामन मेश्राम केंद्रीय चुनाव आयोग कार्यालय के सामने ईवीएम के खिलाफ एक विशाल विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। हजारों की भीड़ जंतर-मंतर पर जमा होकर देश में हो रहे अनुचित चुनावों के खिलाफ आवाज उठा रही है, जिसके कारण हमारी लोकतांत्रिक व्यवस्था का गला घोंटा जा रहा है। भारत मुक्ति मोर्चा द्वारा आयोजित ये रैलियां, संगठन द्वारा देश भर में आयोजित की जा रही जागरूकता रैलियों का हिस्सा हैं, जिन्हें ‘ईवीएम घोटाला उजागर राष्ट्रीय परिवर्तन यात्रा – भाग 2’ नाम दिया गया है।

इसके अलावा 31 जनवरी 2024 को प्रकाशित अमर उजाला की रिपोर्ट में भी बताया गया है कि इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) के विरोध में बुधवार को जंतर-मंतर पर भारत मुक्ति मोर्चा, राष्ट्रीय किसान मोर्चा, बहुजन मुक्ति पार्टी समेत 22 संगठनों ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, राजस्थान, बिहार समेत अन्य राज्यों से हाथों में ईवीएम हटाओ के बैनर लेकर जुटे थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *