बाइक पर एयरबैग खुलने का वीडियो चीनी आविष्कार नहीं, AI का कमाल है
सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। इसमें एक बाइक सवार सड़क पर गिरता दिखाई देता है। हादसे के दौरान उसके हेलमेट से सफेद रंग का एक बड़ा एयरबैग निकलता है, जो देखते ही देखते उसके पूरे शरीर को ढक लेता है। वीडियो को शेयर करते हुए दावा किया जा रहा है कि चीन ने बाइक सवारों की सुरक्षा के लिए एक ऐसा हेलमेट तैयार किया है, जिसमें एयरबैग लगा है। हादसे के दौरान यह एयरबैग खुलकर सवार को गंभीर चोटों से बचाता है। कई मीडिया संस्थानों ने भी इस वीडियो को चीन का नया तकनीकी आविष्कार बताते हुए खबरें प्रकाशित कीं। लेकिन हमारी पड़ताल में सामने आया कि वायरल वीडियो किसी वास्तविक प्रोडक्ट का परीक्षण नहीं, बल्कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से बनाया गया है।
कांग्रेस नेता ऋतू चौधरी ने एक्स पर वीडियो शेयर कर लिखा, ‘चीन ने बना लिया एयरबैग वाला हेलमेट। चीन की कंपनियों लैन्क्सी येमा और यानफेंग ऑटोमोटिव ने इसे मिलकर बनाया है।’
Big Breaking 🚨 चीन ने बना लिया एयरबैग वाला हेलमेट। चीन की कंपनियों लैन्क्सी येमा और यानफेंग ऑटोमोटिव ने इसे मिलकर बनाया है। https://t.co/BLUnD4cB14
— Ritu Choudhary (@RituChoudhryINC) November 18, 2026
प्रोफेसर इलाहाबादी ने लिखा, ‘सड़क दुर्घटनाओं में कई बार जिंदगी और मौत के बीच सिर्फ एक सेकंड का फासला होता है। चीन का एयरबैग वाला मोटरसाइकिल हेलमेट इसी खतरे को कम करने की एक नई कोशिश है। टक्कर के वक्त एयरबैग खुलकर सिर और गर्दन को अतिरिक्त सुरक्षा देता है। सोचिए, अगर ऐसी तकनीक भारत में भी किफायती कीमत पर उपलब्ध हो जाए, तो कितने बाइक सवारों की जान बच सकती है।’
सड़क दुर्घटनाओं में कई बार जिंदगी और मौत के बीच सिर्फ एक सेकंड का फासला होता है। चीन का एयरबैग वाला मोटरसाइकिल हेलमेट इसी खतरे को कम करने की एक नई कोशिश है। टक्कर के वक्त एयरबैग खुलकर सिर और गर्दन को अतिरिक्त सुरक्षा देता है। सोचिए, अगर ऐसी तकनीक भारत में भी किफायती कीमत पर उपलब्ध हो जाए, तो कितने बाइक सवारों की जान बच सकती है। @grok क्या ये सच है?
— Prof. इलाहाबादी ( نور ) (@ProfNoorul) November 17, 2026
पत्रकार निधि ने लिखा, ‘जरा सोचिए, बाइक चलाते वक्त अगर अचानक एक्सीडेंट हो जाए, तो आपका हेलमेट सिर्फ सिर ही नहीं, बल्कि गर्दन को भी एयरबैग के जरिए सुरक्षा देने लगे! सुनने में किसी साइंस फिक्शन फिल्म जैसा लगता है, लेकिन चीन में इस तरह के स्मार्ट हेलमेट का पेटेंट सामने आया है।…’
जरा सोचिए, बाइक चलाते वक्त अगर अचानक एक्सीडेंट हो जाए, तो आपका हेलमेट सिर्फ सिर ही नहीं, बल्कि गर्दन को भी एयरबैग के जरिए सुरक्षा देने लगे! सुनने में किसी साइंस फिक्शन फिल्म जैसा लगता है, लेकिन चीन में इस तरह के स्मार्ट हेलमेट का पेटेंट सामने आया है। इस हेलमेट की खासियत है इसमें लगा एयरबैग सिस्टम। इसमें सेंसर दिए गए हैं, जो राइडर के संतुलन और अचानक होने वाले मूवमेंट में बदलाव को पहचान सकते हैं। किसी आपात स्थिति में ट्रिगर एक्टिव होने पर एयरबैग बाहर निकलकर फैल जाता है और सिर तथा गर्दन के आसपास एक सुरक्षा कवच बनाने में मदद करता है। यानी जिस वक्त आमतौर पर बाइक सवार को चोट लगने का खतरा होता है, उस वक्त यह तकनीक अतिरिक्त सुरक्षा देने की कोशिश करती है। हालांकि, यहां एक जरूरी बात समझना भी जरूरी है। सोशल मीडिया पर कुछ ऐसे वीडियो वायरल हैं, जिनमें एयरबैग पूरे शरीर को गुब्बारे की तरह ढक लेता है। लेकिन चीन के पेटेंट में बताए गए हेलमेट का मकसद मुख्य रूप से सिर और गर्दन की सुरक्षा है, पूरे शरीर को ढकना नहीं। और यह भी ध्यान रहे कि पेटेंट का सामने आना, तकनीक का बड़े पैमाने पर बाजार में उपलब्ध होना नहीं है। फिर भी सड़क सुरक्षा के लिहाज से यह एक दिलचस्प तकनीकी विचार है। क्योंकि बाइक चलाते वक्त एक छोटी-सी लापरवाही भी भारी पड़ सकती है। आप बताइए, अगर ऐसा स्मार्ट हेलमेट बाजार में आए, तो क्या आप इसे खरीदना चाहेंगे? #SmartHelmet #AirbagHelmet #ChinaTechnology #BikeSafety #RoadSafety #MotorcycleSafety #HelmetTechnology #TechInnovation #FutureTechnology #nidhivasandani
— Nidhi Vasandani (@nidhileo) November 17, 2026
इसके अलावा मुकेश कुमार ,Zee News, जागरण हाइटेक, टाइम्स नाउ, लोकमत टाइम्स, Times Now Navbharat, CNN-News18 और द न्यू इंडियन एक्सप्रेस की Indulge ने भी इसी दावे के साथ वीडियो प्रकाशित किया।
क्या है हकीकत?
हमारी पड़ताल में वायरल वीडियो में कई ऐसी विसंगतियां पाईं, जो इसके AI जनरेटेड होने का संकेत देती हैं।
1. मोबाइल फोन की स्क्रीन पर अलग दृश्य: वीडियो में सड़क किनारे खड़े कुछ लोग अपने मोबाइल फोन से बाइक सवार का एक्सीडेंट रिकॉर्ड करते दिखाई देते हैं। लेकिन उनके मोबाइल की स्क्रीन पर वही दृश्य नजर नहीं आता, जो मुख्य वीडियो में दिखाया गया है। लोगों के मोबाइल फोन की स्क्रीन और मुख्य वीडियो के दृश्यों में अंतर पाया गया।

2. घुटने के गार्ड का रंग बदल जाता है: वीडियो में बाइक सवार के गिरने के दौरान उसके घुटने पर लाल रंग का पैच दिखाई देता है। लेकिन एयरबैग से बाहर निकलने के बाद वही नी गार्ड पीले रंग का हो जाता है।

3. हाथ का गायब होना: जब एयरबैग फूलकर बाइक सवार के पूरे शरीर को ढक लेता है, तब उसका एक हाथ एयरबैग के बाहर दिखाई देता है। लेकिन कुछ ही देर बाद, जब एयरबैग एक चक्कर घूमकर दोबारा सामने आता है, तो उसका वह हाथ गायब हो जाता है।

इसके बाद हमने वायरल वीडियो की जांच AI Detection Tool Hive Moderation की मदद से की। जांच में भी वीडियो के AI-generated होने के संकेत मिले। इस तरह वीडियो की प्रामाणिकता पर उठ रहे सवालों को तकनीकी जांच से भी समर्थन मिला।

पड़ताल के अंत में हमें इस वीडियो से जुड़ी सबसे पुरानी पोस्ट हमें ‘Zero Gravity Gang’ नाम के फेसबुक पेज पर मिली, जिसे 2 अक्टूबर 2026 को अपलोड किया गया था। इस पेज की जाँच में हमने पाया कि यहां तरह-तरह के वीडियो अपलोड किए जाते हैं। इनमें एयरबैग से जुड़े कई अन्य वीडियो भी शामिल हैं। यहाँ साईकल और व्हीलचेयर जैसे वाहनों पर भी एयरबैग खुल रहे हैं।

क्या ऐसे एयरबैग वाले हेलमेट वाकई मौजूद हैं?
वायरल वीडियो को लेकर कई मीडिया रिपोर्ट्स में चीन की दो कंपनियों का नाम लिया गया है। इनमें से एक कंपनी Lanxi Yema Motorcycle Fittings है। इस कंपनी ने 24 मई 2022 को एयरबैग हेलमेट से संबंधित एक पेटेंट के लिए आवेदन किया था। पेटेंट दस्तावेज के मुताबिक, इस तकनीक का उद्देश्य दुर्घटना के दौरान सिर और गर्दन को सुरक्षा प्रदान करना है। इसमें वायरल वीडियो की तरह एयरबैग के जरिए बाइक सवार के पूरे शरीर को ढकने की बात नहीं कही गई है। वहीं ‘Yanfeng Automotive’ नाम की दूसरी कंपनी के नाम पर हमें ऐसा कुछ नहीं मिला.
हालांकि, दोपहिया वाहन चालकों की सुरक्षा के लिए एयरबैग तकनीक पर काम जरूर हुआ है। हमें इस दिशा में दो तरह के सुरक्षा उपकरणों की जानकारी मिली। पहला है एयरबैग जैकेट। इसे इस तरह डिजाइन किया गया है कि दुर्घटना होने पर एयरबैग फूलकर बाइक सवार के शरीर के ऊपरी हिस्से को सुरक्षा प्रदान करता है। दूसरा है एयरबैग हेलमेट, जिसमें एयरबैग का इस्तेमाल सिर और गर्दन की सुरक्षा के लिए किया जाता है। ऐसे हेलमेट की टेस्टिंग से जुड़े वीडियो भी सामने आए हैं। साल 2022 में इटली की कंपनी Airoh और स्वीडन की कंपनी Autoliv ने एक कार्यक्रम में इसी तरह के एयरबैग हेलमेट का कॉन्सेप्ट पेश किया था।
हालांकि, इन तकनीकों और वायरल वीडियो में दिखाए गए हेलमेट के बीच बड़ा अंतर है। वायरल वीडियो में एयरबैग बाइक सवार के लगभग पूरे शरीर को ढक लेता है, जबकि वास्तविक एयरबैग सुरक्षा उपकरण शरीर के खास हिस्सों को सुरक्षा देने के लिए डिजाइन किए गए हैं।
| दावा | चीन ने बाइक सवारों की सुरक्षा के लिए ऐसा अत्याधुनिक एयरबैग हेलमेट बनाया है, जो दुर्घटना के दौरान फूलकर उसके पूरे शरीर को ढक लेता है। |
| हकीकत | यह दावा फर्जी है। वायरल वीडियो AI जनरेटेड है। इस कथित चीनी आविष्कार की पुष्टि करने वाला कोई विश्वसनीय प्रमाण भी नहीं मिला। |



No Comment! Be the first one.