नीट-यूजी (नेशनल एलिजिबिलिटी कम एंट्रेंस टेस्ट- अंडर ग्रेजुएट) पेपर लीक मामले की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) कर रही है। इस मामले में कई आरोपियों को गिरफ्तार भी किया गया है। इसी बीच भाजपा नेता और देश के रक्षामंत्री राजनाथ सिंह का एक वीडियो वायरल है। इसमें वह कह रहे हैं, “कोई इस्तीफा नहीं होगा, यह यूपीए सरकार नहीं है, यह एनडीए सरकार है।” दावा किया जा रहा है कि राजनाथ सिंह ने नीट-यूजी 2026 के प्रश्नपत्र लीक मामले में शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग के जवाब में यह बयान दिया है।
यूजर राजू वर्मा ने X पर वीडियो पोस्ट कर लिखा,’राजनाथ सिंह कह रहे यह UPA की सरकार नहीं है, यह NDA की सरकार है यहां इस्तीफा नहीं होता।सत्ता का घमंड ज़्यादा दिन तक नहीं चलता राजनाथ सिंह जी,एक दिन यही जनता आपके गुरूर को चकनाचूर करेगी।NEET पेपर लीक, लेखपाल भर्ती लीक,CBSE रिजल्ट धांधली समेत तमाम मुद्दों पर देश का GEN Z आज सड़कों पर धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफ़ा मांग रहा है।लेकिन मजाल है सत्ता के मद में चूर इन अहंकारी नेताओं के कानों में जूं रेंग रहा हो।’
राजनाथ सिंह कह रहे यह UPA की सरकार नहीं है, यह NDA की सरकार है यहां इस्तीफा नहीं होता।
— Raju verma (@VermarajuRaju) May 30, 2026
सत्ता का घमंड ज़्यादा दिन तक नहीं चलता राजनाथ सिंह जी,एक दिन यही जनता आपके गुरूर को चकनाचूर करेगी।
NEET पेपर लीक, लेखपाल भर्ती लीक,CBSE रिजल्ट धांधली समेत तमाम मुद्दों पर देश का GEN Z आज… pic.twitter.com/coC4n5BNOs
नीति और नागरिक नाम के इंस्टाग्राम अकाउंट ने भी वीडियो को इन्हीं दावों के साथ पेश किया।
क्या है हकीकत? पड़ताल में हमने सम्बंधित कीवर्ड्स को गूगल सर्च किया हमें ‘नवभारत टाइम्स’ की वेबसाइट पर एक पुरानी खबर मिली। 24 जून 2015 की इस खबर में बताया गया, “विवादों में फंसे मंत्रियों को लेकर सवाल पूछे जाने पर केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि कोई भी मंत्री इस्तीफा नहीं देगा। उन्होंने कहा कि यह एनडीए की सरकार है, न कि यूपीए की। केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह और रविशंकर प्रसाद कैबिनेट द्वारा लिए गए फैसलों की जानकारी दे रहे थे। इस दौरान उनसे विवादों में घिरे मंत्रियों के इस्तीफे के बारे में सवाल पूछे गए। इसके जवाब में उन्होंने कहा, ‘नहीं, नहीं… इस पर मंत्रियों के त्यागपत्र नहीं होते हैं भैया। यह यूपीए की नहीं, एनडीए की सरकार है।’
हमे इस सम्बन्ध में 24 जून 2015 को प्रकाशित एनडीटीवी की रिपोर्ट भी मिली। रिपोर्ट के मुताबिक यह बयान ललित मोदी विवाद के संबंध में दिया गया था, जिसमें इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) से जुड़े वित्तीय भ्रष्टाचार, मनी लॉन्ड्रिंग और कर चोरी के आरोप शामिल थे।

इसके बाद हमे राजनाथ सिंह की प्रेस कॉन्फ्रेंस का पूरा वीडियो मिला। दरअसल, 24 जून 2015 को राजनाथ सिंह और रवि शंकर प्रसाद कैबिनेट ब्रीफिंग कर रहे थे। उसी दौरान एक पत्रकार ने उस वक्त के एक घटनाक्रम को लेकर इस्तीफे का प्रश्न पूछा, तो उसका जवाब देते हुए राजनाथ सिंह ने इस्तीफे वाली बात कही थी।
निष्कर्ष: पड़ताल में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का बयान वाला वीडियो 11 साल पुराना निकला। रक्षा मंत्री ने नीट एग्जाम को लेकर ऐसा कोई भी बयान वर्तमान में नहीं दिया है। पुराने बयान को गलत संदर्भ में पेश किया जा रहा है।

