Breaking
12 Jun 2026, Fri

यूपी में मुस्लिम बुजुर्ग को हिंदुओ ने नहीं, उसके बेटे ने ही पीटा था

सोशल मीडिया पर एक बुजुर्ग की पिटाई का वीडियो वायरल है। वीडियो में देखा जा सकता है कि सड़क किनारे एक बुजुर्ग बैठा है। जिसके बाद वहां एक व्यक्ति आता है और बुजुर्ग को थप्पड़ मारना शुरू कर देता है। सोशल मीडिया पर इस वीडियो को सांप्रदायिक रंग देते हुए दावा किया जा रहा है कि एक हिंदू शख्स ने गरीब, बुजुर्ग और दिव्यांग मुस्लिम व्यक्ति के साथ सिर्फ़ नमाज़ की टोपी पहनने की वजह से उसे बेरहमी से पीटा।

क्या लिख रहे हैं लोग?

All India Muslim Forum नाम के एक्स हैंडल ने वीडियो शेयर कर लिखा, ‘एक गरीब, बुजुर्ग और दिव्यांग मुस्लिम व्यक्ति के साथ सिर्फ़ नमाज़ की टोपी पहनने की वजह से एक हिंदुत्ववादी बदमाश ने बेरहमी और अमानवीय तरीके से बर्बरता की।’

रोमन खान ने लिखा, ‘एक गरीब, बुजुर्ग और दिव्यांग मुस्लिम व्यक्ति के साथ सिर्फ़ नमाज़ की टोपी पहनने की वजह से एक हिंदुत्ववादी बदमाश ने बेरहमी और अमानवीय तरीके से बर्बरता की।’

Islamist Agenda ने लिखा, ‘भारत में, एक कट्टर राष्ट्रवादी व्यक्ति ने सिर्फ़ टोपी पहनने की वजह से एक बुजुर्ग और दिव्यांग मुस्लिम व्यक्ति पर बेरहमी से हमला किया।’

क्या है हकीकत? दावे की पड़ताल में वायरल वीडियो के अलग-अलग स्क्रीनशॉट को रिवर्स सर्च करने पर हमें 9 जून को प्रकाशित दैनिक भास्कर की एक रिपोर्ट मिली। रिपोर्ट के मुताबिक यह वीडियो उत्तर प्रदेश के सहारनपुर का है। जहाँ बीच सड़क पर एक बेटे ने अपने 72 साल के पिता को बुरी तरह पीट दिया।

रिपोर्ट के मुताबिक मानकमऊ में तहसीन अपने बेटे गुलफिशान के साथ रहते हैं। बाप-बेटे के बीच प्रॉपर्टी को लेकर झगड़ा चल रहा है। इसको लेकर गुलफिशान ने पिता तहसीन की पिटाई कर दी। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने आरोपी बेटे गुलफिशान को गिरफ्तार कर लिया। उससे पूछताछ की। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

इस सम्बन्ध में अमर उजाला की रिपोर्ट में भी बताया गया है कि बुजुर्ग के साथ मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने और सार्वजनिक व्यवस्था से जुड़े पहलुओं को देखते हुए पुलिस ने खुद संज्ञान लिया। इसके बाद आरोपी गुलफिशान के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *