Breaking
20 Jun 2026, Sat

पैरों से बर्गर बनाने का वायरल वीडियो AI जनरेटेड है

सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल है। जिसमें एक व्यक्ति बाजार में अपने स्टॉल पर अपने पैरों का इस्तेमाल कर गर्म तवे पर बर्गर बनाता दिखाई दे रहा है। वीडियो को भारत का होने का दावा किया जा रहा है और देश की खाने को लेकर स्वच्छता और सफाई पर सवाल उठ रहे हैं। हालांकि पड़ताल में वायरल हो रहा यह वीडियो AI जनरेटेड पाया गया।

क्या लिख रहे हैं लोग?

मारियो नॉफल ने भारतीय झंडे के साथ अपने एक्स एकाउंट पर वीडियो शेयर कर लिखा, ‘भाई, इस वीडियो में आखिर ये क्या गंदे पैरों वाला तमाशा चल रहा है?! अब मुझे कुछ हद तक समझ आ रहा है कि @FIFAWorldCup के खिलाड़ी और अमेरिका घूमने आने वाले पर्यटक वहाँ के खाने की इतनी तारीफ क्यों कर रहे हैं। उनमें से कुछ लोग वापस घर जाकर ऐसा खाना खाते हैं, जहाँ उनका चीज़ पैरों से पिघलाया जाता है! ये तो वाकई बेहद गंदी और घिनौनी बात है!’

क्या है हकीकत?

पड़ताल में जब हमने वायरल वीडियो के अलग अलग स्क्रीनशॉट को गूगल रिवर्स सर्च किया तो हमे यह वीडियो इंस्टाग्राम यूजर समीर सरकार के अकाउंट पर मिला। समीर सरकार ने इस वीडियो को 26 जनवरी को पोस्ट किया था।

इस वीडियो में गौर से देखने पर पता चलता है कि बर्गर बनाते समय युवक के हाथ में मौजूद धातु का उपकरण दिखता है, लेकिन अगले ही क्षण वह बिना किसी कारण दो हिस्सों में बंटकर चिमटा जैसा बन जाता है। इसके बाद उसका एक हिस्सा बर्गर से चिपककर अलग दिशा में जाता दिखाई देता है।

अपनी पड़ताल में हमने नोटिस किया कि इस अकाउंट पर इसी तरह के कई वीडियो हैं जिनमे लोग खाना बनाने के लिए अजीबोगरीब तरीके अपना रहे हैं। कोई पैरों से खाना बना रहा है, कोई नाली के पानी से खाना बना रहा है तो किसी के खाने में चूहे दौड़ रहे हैं। समीर सरकार ने इन वीडियो को भारत का बताकर पोस्ट किया है।

इसके बाद हमने वीडियो की जांच AI डिटेक्शन टूल Hive Moderation की मदद से की। जब वीडियो को टूल पर अपलोड किया गया, तो परिणाम में इसे 99.5% AI-जनरेटेड बताया गया। वीडियो में दिखाई देने वाली दृश्य विसंगतियों के साथ-साथ Hive Moderation का यह विश्लेषण भी इस बात की पुष्टि करता है कि वीडियो वास्तविक कैमरा फुटेज नहीं, बल्कि AI की सहायता से तैयार किया गया है।

पड़ताल में यह भी पता चला कि ये अकाउंट किसी भारतीय नहीं, बंगलादेशी यूजर का है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *