Breaking
23 Jun 2026, Tue

‘विपक्षी दलों हम तुम्हे राम मंदिर का पैसा नहीं खाने देंगे…..’, सीएम योगी के नाम पर वायरल बयान फर्जी है

उत्तर प्रदेश के अयोध्या राम मंदिर दान चोरी प्रकरण की प्रारंभिक जांच रिपोर्ट सरकार को सौंप दी गई है। सीएम योगी आदित्यनाथ की ओर से श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की मांग पर तीन सदस्यीय एसआईटी गठित की गई थी। इसी बीच सोशल मीडिया में योगी आदित्यनाथ के बयान का एक पोस्टकार्ड वायरल है, जिसके मुताबिक योगी आदित्यनाथ ने कहा, ‘कान खोलकर सुन लो विपक्षी दल वालो हम तुम्हारे राम मंदिर का पैसा नहीं खाने देंगे 2027 में भी हमारी सरकार रहेगी।’

क्या लिख रहे हैं लोग?

पत्रकार राकेश कायस्थ ने लिखा, ‘योगी आदित्यनाथ जी आप ठीक कह रहे हैं। चंदा खाने और चढ़ावा चुराने का अधिकार सिर्फ आपके लोगों का है। राम की सार्वभौमिक आदर्श छवि को टुच्चे राजनीतिक फायदे के लिए संकुचित किया आपलोगों ने। अयोध्या में मंदिर बनवाने के लिए हर प्रकार छल-छद्म का सहारा लिया आपलोगों ने। हिंसा भड़काई आपलोगों ने फिर चंदा कोई और क्यों खाएगा और चढ़ावा कोई और क्यों चुराएगा? ये सारी नेकियां आरएसएस, विश्व हिंदू परिषद और बीजेपी को मुबारक।’

नाजिया ने एक्स पर लिखा, ‘योगी जी एकदम ठीक कह रहे हैं। मंदिर बनवाया इन लोगों ने, तो चढ़ावा चुराने का अधिकार भी तो इन्हीं लोगों का है।’

कॉमेडियन राजीव निगम ने लिखा, ‘बिल्कुल किसी और को मत खाने देना…’

पत्रकार विनीता यादव ने लिखा, ‘विपक्षी पैसा खा गये कैसे ??’

कुलदीप सिंह ने लिखा, ‘आप ही छको, क्योंकि तुम्हारा पेट चढ़ावे से भरता है विपक्ष मेहनत की खाता है और मेहनत की ही खाएगा।’

इसके अलावा सुशील मिश्रा, साक्षी, गार्गी रावत, दिनेश खंडेलवाल, शेखर खरे, तनिषा, पारुल ने भी यही दावा किया।

क्या है हकीकत?

पड़ताल में हमने इस पोस्टकार्ड से सम्बन्धित बयान के कीवर्ड्स को गूगल सर्च किया लेकिन हमे सीएम योगी का ऐसा कोई बयान नहीं मिला। पड़ताल में आगे NDTV के सोशल मीडिया हैंडल्स को खंगालने पर भी हमें ऐसा कोई पोस्टकार्ड नहीं मिला।

हालांकि इस दौरान हमें वायरल पोस्टकार्ड में इस्तेमाल की गयी सीएम योगी की तस्वीर वाला असल पोस्टकार्ड 19 जून को NDTV के इंस्टाग्राम पेज पर पोस्ट मिला। इस पोस्टकार्ड में सीएम योगी की तस्वीर के साथ उनके के बयान को कोट करते लिखा है, ‘गाय का दूध पीकर लोग उन्हें सड़कों पर छोड़ देते हैं, और जब वे खेतों में फसलों को नुकसान पहुंचाती हैं, तो मुझे गाली देते हैं।’ कैप्शन के मुताबिक सीएम योगी ने यह बयान उन्नाव में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान दिया है।

हमे इस सम्बन्ध में अमर उजाला की वेबसाइट पर प्रकाशित रिपोर्ट भी मिली, जिसके मुताबिक उन्होंने उन्नाव में कहा, ‘मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कुछ लोग गाय का दूध पिएंगे, फिर उन्हें सड़कों पर बेसहारा छोड़ देंगे और जब ये गाय फसलों का नुकसान करेंगी तो दोष मुझे देंगे। हमारा संकल्प व संस्कार है कि गोमाता को कटने नहीं देंगे और देश की सुरक्षा के साथ कोई खिलवाड़ नहीं होने देंगे।’

पड़ताल में आगे हमने राम मंदिर के दान प्रकरण पर सीएम योगी आदित्यनाथ का संबोधन सुना। उन्होंने अयोध्या में अपने भाषण में कहा था, ”दुनिया भर में भारत का उत्तर प्रदेश का अयोध्या और प्रभु श्री राम के कारण सम्मान बढ़ा है। यह सब संभव हुआ प्रधानमंत्री मोदी जी के प्रयास से। उन्होंने कहा कि किसी भी समय में जब भी भारत अच्छी दिशा में बढ़ता है तो षड्यंत्रकारियों की नींद हराम हुई है और फिर उन्होंने साजिश करना चालू किया है, वही साजिशें फिर से प्रारंभ हो गई है।”

सीएम ने कहा, ”जो लोग कभी दर्शन करने नहीं आए, जिन लोगों के शासन काल में भगवान राम के अस्तित्व पर ही प्रश्न चिन्ह खड़े किए गए थे, जो लोग राम भक्तों पर गोली चलाते लाठी डंडा चलाते थे वो आज राम भक्ति की दुहाई दे रहे हैं। ऐसे दोहरे आचरण वाले से सावधान होने की आवश्यकता है। साथ ही उन्होंने कहा कि 500 तक हमारे पूर्वजों ने संघर्ष किया तब जाकर आज हम सब को श्री राम का सानिध्य प्राप्त हुआ। हम सब सौभाग्यशाली है कि हम अपने चक्षुओं से यह सब देख पा रहे हैं।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *