बिहार के भोजपुर जिले में पुलिस ने 17 जून को भरत भूषण तिवारी का एनकाउंटर किया था। इस एनकाउंटर पर अब सत्तापक्ष और विपक्ष के नेता सवाल खड़े कर रहे हैं। इस बीच उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का एक वीडियो वायरल है। वीडियो में सीएम योगी एनकाउंटर पर टिपण्णी करते हुए कह रहे हैं,, ‘बहुत लोग टिपण्णी करते हैं कि पुलिस ने गोली क्यों मारी? पुलिस गोली न मारे तो क्या गोली खाए? यह दोनों बात एक साथ नहीं चल सकती। अगर अपराधी को गोली चलाने की स्वतंत्रता है तो हमने भी पुलिस को इसी लिए पिस्तौल दी है।’ सोशल मीडिया पर इस वीडियो बिहार के भरत तिवारी के एनकाउंटर से जोड़कर शेयर किया जा रहा है। दावा किया जा रहा है कि सीएम योगी ने यह बयान भरत तिवारी के एनकाउंटर पर किया है। हालांकि हमारी पड़ताल में यह दावा भ्रामक साबित हुआ।
क्या लिख रहे हैं लोग?
बसंत कुमार ने एक्स पर वीडियो को शेयर कर लिखा, ‘पिछले दिनों बिहार में भरत तिवारी नाम के एक आपराधिक चरित्र का व्यक्ति पुलिस पर बंदूक तान दिया था, पुलिस को ही एनकाउंट करने की धमकी दे रहा था, इसको लेकर यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ जी का एक बयान वायरल हो रहा है।।’
पिछले दिनों बिहार में भरत तिवारी नाम के एक आपराधिक चरित्र का व्यक्ति पुलिस पर बंदूक तान दिया था, पुलिस को ही एनकाउंट करने की धमकी दे रहा था, इसको लेकर यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ जी का एक बयान वायरल हो रहा है।।@chitraaum @shubhankrmishra@Shubhamshuklamp@chandan_stp #भरत_तिवारी… pic.twitter.com/XRMhTwVNTy
— Basant Kumar (@Spring_men300) June 22, 2026
पीके नाम के एक्स हैंडल ने लिखा, ‘भरत मिश्रा को देश भक्त बताने वालों के लिए योगी आदित्यनाथ का करारा जवाब सुनलो…..’
भरत मिश्रा को देश भक्त बताने वालों के लिए योगी आदित्यनाथ का करारा जवाब सुनलो….. pic.twitter.com/uld3XofduO
— PK (@priyank20061992) June 22, 2026
इसके अलावा कामेश कुमार , समीर अहमद ने भी इस वीडियो को पोस्ट किया है।
क्या है हकीकत?
दावे की पड़ताल में संबंधित कीवर्ड की मदद से गूगल सर्च किया। इस दौरान सीएम योगी का यह वीडियो हमें 4 फरवरी 2026 को ET Now Swadesh के यूट्यूब चैनल पर पोस्ट मिला।
पड़ताल में आगे हमें सीएम योगी के इस भाषण से संबंधित 3 फरवरी 2026 को प्रकाशित हिंदुस्तान की एक रिपोर्ट मिली। रिपोर्ट के मुताबिक, यह वीडियो लखनऊ में आयोजित फार्मा कान्क्लेव का है। इस कान्क्लेव में अपराधियों के खिलाफ पुलिस की मुठभेड़ की कार्रवाइयों पर उठने वाले सवालों का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि अपराध और अपराधियों के प्रति हमारी ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति है और इसमें किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि टिप्पणी की जाती है कि पुलिस ने गोली क्यों मारी? सीएम योगी ने पूछा कि पुलिस गोली न मारे तो क्या गोली खाए? कहा कि जो जिस भाषा में समझेगा उसे उसी भाषा में समझाया ही जाएगा।

रिपोर्ट के मुताबिक, सीएम योगी का यह बयान ऐसे समय आया है जब पिछले ही हफ्ते इलाहाबाद हाईकोर्ट ने यूपी में हो रहे हाफ एनकाउंटर (पैर में गोली मारने की घटनाओं) पर सवाल उठाते हुए कहा था कि पुलिस के पास दंड देने का हक नहीं है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार ने तय किया है कि कानून सभी के लिए बराबर है। कोई अपना या पराया नहीं है। यदि कोई अपना व्यक्ति भी गलत करेगा तो उस पर वही कठोर कानून लागू होगा जो किसी माफिया पर लागू होता है।
| दावा | योगी आदित्यनाथ ने भारत तिवारी के एनकाउंटर पर कहा, ‘पुलिस गोली न मारे तो क्या गोली खाए? यह दोनों बात एक साथ नहीं चल सकती। अगर अपराधी को गोली चलाने की स्वतंत्रता है तो हमने भी पुलिस को इसी लिए पिस्तौल दी है।‘ |
| हकीकत | सीएम योगी ने भारत तिवारी के एनकाउंटर को लेकर इस प्रकार का कोई बयान नहीं दिया है। वायरल वीडियो फरवरी 2026 यानि भारत तिवारी के एनकाउंटर से लगभग चार महीने पहले का है। |

