Breaking
1 Oct 2026, Thu

आंध्र प्रदेश के पुजारी की मौत का 5 साल पुराना वीडियो झूठे दावे के साथ वायरल है

एक हिंदू पुजारी के पहाड़ी से गिरने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है, दावा किया जा रहा है कि पुजारी ने दैवीय शक्तियों से उड़ने की कोशिश में पहाड़ से छलांग लगाई। जिसके बाद उनकी मौत हो गयी।

क्या लिख रहे हैं लोग?

आवेश तिवारी ने एक्स पर वीडियो पोस्ट कर लिखा, ‘आंध्र प्रदेश का चंद्र बाबू नायडू ने गजब का यूपीकरण किया है। 49 वर्षीय यह बाबा दिव्य शक्ति से उड़ने का दावा कर रहे थे। फिर पहाड़ से बोझ लेकर सीधे छलांग लगा दी, गंभीर चोटों की वजह से राम नाम सत्य हो गया। गजब यह कि ये तमाशा हजारों लोगों के सामने हुआ।’

सपा नेता जितेन्द्र वर्मा ने लिखा, ‘बाबा जी तो मंतर मारकरअंतर्ध्यान हो गए दिव्यशक्ति से आसमान में उड़ने का दावा करने वाले #पुजारी की पहाड़ से गिरकर हुई मौत आंध्र प्रदेश में 49 साल के पुजारी ने दिव्य शक्ति से उड़ने का दावा किया पहाड़ की चोटी से कूदे मौके पर ही मौत हो गई’

अर्जुन चौधरी ने लिखा, ‘दिव्य शक्ति से आसमान में उड़ने का दावा करने वाले पुजारी की  पहाड़ से गिरकर हुई मौत  आंध्र प्रदेश में 49 साल के हिंदू पुजारी ने दिव्य शक्ति से उड़ने का दावा किया। पहाड़ की चोटी से कूदे, मौके पर ही मौत हो गई।’

लखन मीणा ने लिखा, ‘आंध्र प्रदेश के एक मंदिर के 49 वर्षीय पुजारी ने दावा किया था कि उन्हें भगवान ने दिव्य शक्ति प्रदान की है और वे आसमान में उड़ सकते हैं।   इस विश्वास में वे पहाड़ की ऊंची चोटी पर गए और “मैं उड़ सकता हूं” कहते हुए कूद पड़े। लेकिन वो जादुई शक्ति काम नहीं आई। पुजारी नीचे गिरकर मौके पर ही मृत्यु हो गई।  यह घटना एक बार फिर याद दिलाती है कि अंधविश्वास कितना खतरनाक हो सकता है।   विज्ञान और तर्क की जगह जब अंधश्रद्धा ले लेती है, तो नतीजे हमेशा दुखद होते हैं।’

इसके अलावा ममता ट्राबल, मनराज मीणा, इंद्रजीत बराक, मनीष कुमार, तनवीर ने भी यही दावा किया है।

क्या है हकीकत?

पड़ताल में हमने इस वीडियो के अलग अलग स्क्रीनशॉट को गूगल रिवर्स सर्च किया तो यह वीडियो हमे टाइम्स ऑफ़ इंडिया की रिपोर्ट में मिला। इस रिपोर्ट को 21 अगस्त 2021 को प्रकाशित किया गया था। रिपोर्ट के मुताबिक अनंतपुर जिले के सिंगनमाला मंडल में गम्पा मल्लैया स्वामी पहाड़ी पर 49 वर्षीय पुजारी पापाय्या की 40 फीट गहरी खाई में गिरने से मृत्यु हो गई।

पापय्या अपने साथ दक्षिण राज्यों के कई श्रद्धालुओं को लेकर गम्पा मल्लय्या स्वामी मंदिर पहुंचे, जहां श्रावण मास की शुभ पूर्व संध्या पर मुख्य देवता के लिए विशेष अनुष्ठान किए जाने थे। एक हाथ में घंटी और दूसरे हाथ में आरती की थाली लिए विशेष अनुष्ठान कर रहे पुजारी का अचानक संतुलन बिगड़ गया और वे पहाड़ी से फिसलकर 40 फीट गहरी खाई में गिर गए। श्रद्धालुओं द्वारा सूचना मिलने पर सिंगनमाला पुलिस मौके पर पहुंची और पापय्या के शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाकर मामला दर्ज किया।

21 अगस्त 2021 को प्रकाशित तेलंगाना टुडे की रिपोर्ट में बताया गया है कि अनंतपुरम जिले के सिंगनमाला मंडल में स्थित गम्पामल्लय्यास्वामी पहाड़ी मंदिर में पूजा-अर्चना करते समय एक पुजारी शनिवार को अचानक गिर पड़े और उनकी दर्दनाक मौत हो गई। यह मंदिर खड़ी पहाड़ियों के बीच स्थित है और हर साल श्रावण माह में श्रद्धालु वहां विशेष पूजा करते हैं। वे बिना किसी सहारे के पहाड़ियों पर चढ़ते-उतरते हैं, पुजारी के उस दिन अचानक गिरने की घटना ने श्रद्धालुओं को स्तब्ध कर दिया।

इसी तरह ‘ETV Andhra Pradesh’ ने भी अपनी वीडियो रिपोर्ट में इस बात का उल्लेख किया है कि पूजा करते वक्त संतुलन बिगड़ने से पुजारी की मौत हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *