Breaking
11 Aug 2026, Tue

झारखंड में भाजपा-कांग्रेस संघर्ष का पुराना वीडियो छात्र आन्दोलन का बताकर वायरल

झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर आंदोलन कर रहे छात्र सोमवार को विधानसभा घेराव के लिए पहुंचे। पुलिस ने उन्हें बैरिकेड पर रोकने की कोशिश की, लेकिन कई प्रदर्शनकारी विधानसभा के गेट तक पहुंच गए। इसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले छोड़े। इसी बीच सोशल मीडिया में एक वीडियो वायरल है, वीडियो के साथ दावा है कि छात्रों के आन्दोलन में शामिल भाजपा नेताओं ने पुलिस पर पथराव किया था।

क्या लिख रहे हैं लोग?

कांग्रेस नेता ऋतू चौधरी ने एक्स पर वीडियो पोस्ट कर लिखा, ‘आज झारखंड में जो हुआ, उसमें भाजपा का सिर्फ़ हाथ ही नहीं, पूरी की पूरी भाजपा साक्षात् उसके कार्यकर्ता बनकर स्टूडेंट बनी हुई थी। अब अराजकता का कोई पर्यायवाची पूछना हो, तो शब्दकोश में भाजपा और RSS ढूँढ लीजिए।’

कांग्रेस नेता रश्मि ने लिखा, ‘ये छात्र आंदोलन है या बीजेपी का कार्यक्रम? झारखंड सरकार (हेमंत सोरेन) भी असेंबली में यही आरोप लगा रही है कि बीजेपी ने छात्रों के शांतिपूर्ण आंदोलन को हाईजैक कर लिया और राजनीतिक रंग दे दिया। छात्र असल में JPSC-JSSC की धांधली और पेपर लीक के खिलाफ लड़ रहे थे, लेकिन बीच में भगवा झंडे और पार्टी के लोग घुस गए।’

कांग्रेस नेता सुरेन्द्र राजपूत ने लिखा, ‘जिसके हाथ में भाजपा का झंडा  समझो वो ही है छात्र आंदोलन में गुंडा!!!  क्या यह छात्रों का विरोध प्रदर्शन है?  छात्रों के विरोध प्रदर्शन के दौरान किसी राजनीतिक दल का झंडा क्यों इस्तेमाल किया जा रहा है?  भाजपा के अंधभक्तों ने छात्र आंदोलन को हाईजैक कर लिया और उसका राजनीतिकरण कर दिया है’

तन्मय ने लिखा, ‘यह बात साफ़ होती जा रही है कि झारखंड के छात्रों के विरोध प्रदर्शन को हाईजैक कर लिया गया है।  आरोप है कि बीजेपी समर्थकों ने इस पर कब्ज़ा कर लिया है और छात्रों के शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन को अराजकता और टकराव में बदल दिया है।  अगर इलाके में शांति बनाए रखने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ता है तो उस कार्रवाई का विरोध करना मुश्किल हो जाता है, क्योंकि प्रदर्शन को जान-बूझकर अराजकता की ओर धकेला गया है। दुख की बात है कि इससे छात्रों के लंबे संघर्ष और भूख हड़ताल पर असर पड़ सकता है।  उन्हें ऐसे लोगों को अपने आंदोलन को हाईजैक करने से रोकना चाहिए था।  और यहीं पर यह दिल्ली के छात्र विरोध प्रदर्शन से अलग है — दिल्ली वाला प्रदर्शन आखिर तक शांतिपूर्ण रहा, जबकि प्रदर्शनकारियों को उकसाने की बार-बार कोशिशें की गईं।’

कांग्रेस नेता रागिनी नायक ने लिखा, ‘रांची में पत्थरबाज़ी कर रहे ‘देश-विरोधी’-‘असामाजिक तत्व’ कोई और नहीं ये भाजपा के गुंडे हैं ! शायद इन्हीं के लिए मोहन भागवत जी अपील कर रहे थे कि ‘Anti National’ ना कहा जाए ! धिक्कार है’

इसके अलावा कांग्रेस नेता अमर सिंह चौहान, विजय सिंह, हरीश बट, जसविंदर कौर, इंडिया विथ कांग्रेस, सुरभि, संजीव कुमार सिंह, विवेक गुप्ता, अजय शुक्ला, रवलीन कौर, दुष्यंत नागर, ध्रुवा, मुकेश कुमार, Lucifer ने भी पोस्ट किया है।

क्या है हकीकत?

पड़ताल में हमने वायरल वीडियो के स्क्रीनशॉट को गूगल रिवर्स सर्च किया तो यह वीडियो हमे फ़ॉलोअप झारखंड के फेसबुक पेज पर मिला, यहाँ इस वीडियो को 23 जुलाई को ‘भाजपा-कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच बवाल, एक-दूसरे पर फेंक रहे अंडे और टमाटर’ कैप्शन के साथ पोस्ट किया गया था।

इसी घटना की एक वीडियो रिपोर्ट Indo-Asian News Service (IANS) ने ‘रांची, झारखंड: NEET पेपर लीक और छात्रों पर लाठीचार्ज को लेकर BJP ऑफिस के बाहर कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन के दौरान अंडे और टमाटर फेंके गए, साथ ही केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के पद को लेकर भी मांगें रखी गईं.’ कैप्शन के साथ पब्लिश की। वीडियो रिपोर्ट में 43 सेकेंड पर गाड़ी के ऊपर खड़े लोगों को टमाटर से भरा प्लास्टिक बैग पकड़े हुए देखा जा सकता है।

इस मामले में 23 जुलाई को प्रकाशित दैनिक जागरण की रिपोर्ट में बताया गया है कि झारखंड के रांची में नीट पेपर लीक मामले को लेकर कांग्रेस द्वारा भाजपा प्रदेश कार्यालय के घेराव के दौरान गुरुवार को हरमू इलाके में राजनीतिक माहौल तनावपूर्ण हो गया। कांग्रेस कार्यकर्ता हरमू मैदान से मार्च निकालकर भाजपा कार्यालय की ओर बढ़े, लेकिन पुलिस ने भाजपा कार्यालय से पहले बैरिकेडिंग लगाकर उन्हें रोक दिया। इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बैरिकेडिंग के सामने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और नीट पेपर लीक मामले में कार्रवाई की मांग उठाई। दूसरी ओर, भाजपा प्रदेश कार्यालय के बाहर पहले से बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता भी मौजूद थे। दोनों पक्षों के बीच तीखी नारेबाजी के दौरान माहौल और गर्मा गया। कुछ देर बाद दोनों ओर से एक-दूसरे पर अंडे और टमाटर फेंके गए। देखते ही देखते विवाद बढ़ा और पथराव की घटना भी हुई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *