Breaking
16 Aug 2026, Sun

भाजपा नेताओं ने स्वतंत्रता दिवस पर तिरंगा नहीं, पार्टी का झंडा फहराया? वायरल दोनों भ्रामक वीडियो पुराने है

भारत ने 15 अगस्त 2026 को अपना 80वां स्वतंत्रता दिवस मनाया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नई दिल्ली के ऐतिहासिक लाल किले से राष्ट्रीय ध्वज फहराया और राष्ट्र को संबोधित किया। इस अवसर पर लाल किले पर राष्ट्रगान से पहले पहली बार राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ भी गाया गया। इस बीच सोशल मीडिया में दो अलग अलग वीडियो सामने आए हैं, इन वीडियो के साथ लोग दावा कर रहे हैं कि स्वतंत्रता दिवस पर भाजपा नेताओं ने तिरंगा नहीं, अपनी पार्टी का झंडा फहराया था।

क्या लिख रहे हैं लोग?

कांग्रेस नेता सुप्रिया श्रीनेत ने एक्स पर वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा, ‘यह वीडियो छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले का है स्वतंत्रता दिवस पर BJP वाले BJP का झंडा फहरा रहे हैं – तिरंगा नहीं 53 साल तक इनके पुरखों ने तिरंगे का बहिष्कार किया था – आज भी यह राष्ट्रीय ध्वज का अपमान करते नहीं थकते’

नेहा सिंह राठौर ने लिखा, ‘भाजपा के लोग तिरंगा क्यों नहीं फहरा रहे हैं?’

कांग्रेस नेता ऋतू चौधरी ने लिखा, ‘बताइए, हद है इनकी। अंधभक्ति की भी हद होती है। इनको ये नहीं पता कि आज स्वतंत्रता दिवस है। अच्छा, इनको तो आज़ादी 2014 के बाद मिली है।’

नेहा सिंह ने दूसरे वीडियो को पोस्ट कर लिखा, ‘अगर भाजपा के नेता तिरंगे की जगह भाजपा का झंडा फहरायेंगे तो कोई कुछ बिगाड़ लेगा क्या?’

सुप्रिया श्रीनेत ने भी दूसरा वीडियो पोस्ट कर लिखा, ‘यह बंगाल में BJP के श्रम एवं परिवहन मंत्री अर्जुन सिंह हैं इन्होंने तिरंगे की जगह भाजपाई झंडा फहरा दिया गलीच देशद्रोही’

हसंराज मीणा ने लिखा, ‘बीजेपी का आदमी कभी तिरंगे से प्रेम कर ही नहीं सकता है!’

इसके अलावा नेशनल दस्तक, राजीव शुक्ला, सुनीता वर्मा, ऋतू चौधरी, सुरेन्द्र यादव, अधिकार समाज पार्टी, प्रताप सोलंकी, गौरव, डॉ. विक्रांत भूरिया, नेशनल दस्तक, निखिल, Gen Z India, Kanpur Needs, अभिमन्यु सिंह, रिंकू यादव, इंडियन, रोहित दत्ता, गुजरात कांग्रेस, काशिफ, अभिनव माली, पूजा माथुर, कृष्ण कान्त, भावेश मकवाना, अजय अम्बेडकर, रागिनी नायक, रितेश देशमुख पैरोडी, प्रतीक पटेल, उल्टा चश्मा, मुराली लाल, मोहित त्रिपाठी, यूथ आर्मी ने भी इन वीडियो को पोस्ट किया है।

क्या है हकीकत?

पड़ताल में हमे छत्तीसगढ़ के दावे के साथ वायरल वीडियो से सम्बंधित एक तस्वीर छत्तीसगढ़ के कुरुद विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक अजय चंद्राकर की फेसबुक प्रोफाइल पर मिली। 22 मार्च 2026 की इस पोस्ट के मुताबिक यह तस्वीर भाजपा के प्रशिक्षण वर्ग का है। जहाँ उन्होंने अपनी पार्टी के ध्वज का ध्वजारोहण किया था।

भाजपा विधायक की 22 मार्च की फेसबुक पोस्ट

तस्वीर के साथ भाजपा विधायक ने लिखा है, ‘राष्ट्र प्रथम, संगठन सर्वोपरि आज कुरूद में पं. दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान–2026 के अंतर्गत आयोजित मंडल स्तरीय प्रशिक्षण शिविर में भाजपा के ध्वज का ध्वजारोहण कर एवं महापुरुषों व भारत माता के छायाचित्र पर दीप प्रज्वलित कर प्रशिक्षण वर्ग का शुभारंभ किया। इस अवसर पर भाजपा परिवार के ऊर्जावान साथियों को संबोधित करते हुए संगठन की विचारधारा, सेवा भाव और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को और मजबूत करने का आह्वान किया। ऐसे प्रशिक्षण शिविर कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा, अनुशासन और समर्पण की भावना का संचार करते हैं।’

दोनों तस्वीरों में समानताएं

इसके बाद हमे भाजपा विधायक अजय चंद्राकर के एक्स अकाउंट पर 15 अगस्त के कार्यक्रम का पोस्ट भी मिला, जहाँ उन्होंने जिला धमतरी के एकलव्य खेल मैदान में आयोजित मुख्य समारोह में ध्वजारोहण किया था।

 भाजपा विधायक ने एक अन्य पोस्ट में वायरल वीडियो को लेकर कार्रवाई की मांग भी की है, उन्होंने लिखा, ‘श्री राहुल गांधी जी, श्री खड़गे जी आपके चमचों ने जो विडियो डाला है, वो 22 मार्च 2026 भाजपा के प्रशिक्षण वर्ग का है। (आज के स्वतंत्रता दिवस का नहीं है) जल्दबाजी के पागलपन में ऐसे करते रहोगे तो… 100 साल तक सोचो मत… बोरिया बिस्तर समेट कर नानी के घर जाओ- देश माननीय मोदी जी ही चलायेंगे।’

दूसरे वीडियो का सच,

पड़ताल में हमने दूसरे वीडियो के स्क्रीनशॉट को गूगल रिवर्स सर्च किया तो यह वीडियो हमे भाजपा नेता और केंद्रीय मंत्री अर्जुन सिंह की फेसबुक प्रोफाइल पर मिला। 6 जुलाई 2026 को उन्होंने फेसबुक पर पोस्ट कर लिखा था, ‘डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125 वीं जयंती के अवसर पर बैरकपुर पुलिस कमिश्नरेट के बैरकपुर थाना द्वारा प्रमोद भवन में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं के साथ आयोजित क्विज़ प्रतियोगिता कार्यक्रम में उपस्थित रहा। इस कार्यक्रम में डीसीपी (सेंट्रल) श्री कार्तिक चंद्र मंडल, एसीपी बैरकपुर श्री टुटुल विश्वास, आईसी बैरकपुर श्री हिमाद्री डोगरा, बैरकपुर सांगठनिक ज़िला भाजपा के अध्यक्ष श्री तापस घोष, श्री मानस दे सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे। ज्ञानार्जन, देशभक्ति तथा नई पीढ़ी में राष्ट्रीय चेतना के विकास के उद्देश्य से आयोजित यह कार्यक्रम अत्यंत सफल रहा। इसके पश्चात टाटा गेट स्थित मेरे कार्यालय में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती के अवसर पर आयोजित एक अन्य पृथक कार्यक्रम में भी उपस्थित रहा।’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *