Breaking
27 Jun 2026, Sat

मस्जिद में नमाज के दौरान हिंदुओ ने बैंड नहीं बजाया, वायरल वीडियो बांग्लादेश का है

सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल है। वीडियो के साथ दावा है कि मुस्लिम नमाज पड़ रहे हैं और उनके पीछे नमाज में बांधा डालने के उद्देश्य से कुछ हिंदू बैंड बजा रहे हैं।

क्या लिख रहे हैं लोग?

पाकिस्तानी यूजर अमाला ने वीडियो पोस्ट कर लिखा, ‘भारत में एक हिंदू व्यक्ति ने मुस्लिमों की नमाज़ के दौरान जानबूझकर तेज़ आवाज़ में संगीत बजाया। बीजेपी शासन में रहने वाले कई मुसलमानों के लिए इस तरह की घटनाएँ दुर्भाग्यवश रोज़मर्रा की हकीकत बनती जा रही हैं। धार्मिक स्वतंत्रता सभी के लिए समान रूप से होनी चाहिए, केवल बहुसंख्यक समुदाय के लिए नहीं।’

अजाम खान ने एक्स पर वीडियो शेयर कर लिखा,’भारत में एक हिंदू व्यक्ति ने मुस्लिमों की नमाज़ के दौरान जानबूझकर तेज़ आवाज़ में संगीत बजाया। बीजेपी शासन में रहने वाले कई मुस्लिमों के लिए इस तरह की घटनाएँ दुर्भाग्यवश रोज़मर्रा की ज़िंदगी का हिस्सा बनती जा रही हैं। धार्मिक स्वतंत्रता सभी के लिए समान रूप से होनी चाहिए, केवल बहुसंख्यक समुदाय के लिए नहीं।’

शादाब खान ने पोस्ट कर लिखा,’अगली बार जब माननीय मंत्री श्री @KirenRijiju यह कहें कि भारत में मुसलमान सुरक्षित हैं, तो उन्हें यह वीडियो ज़रूर दिखाइए। जब भारतीय मुसलमानों को अपने धार्मिक स्थल पर शांति से इबादत करने का अधिकार तक नहीं मिल रहा, तब उनके सुरक्षित होने का दावा कैसे किया जा सकता है?’

क्या है हकीकत?

पड़ताल में जब हमने इस वीडियो के अलग अलग स्क्रीनशॉट को गूगल रिवर्स सर्च किया तो यह वीडियो हमे 12 जून, 2025 को ‘गोची शाही दरबार शरीफ’ नामक एक टिकटॉक अकाउंट पर मिला। कैप्शन के अनुसार, वीडियो में ‘गोची शाही दरबार शरीफ’ के अंदर एक “बैंड पार्टी” का प्रदर्शन दिखाया गया है। 

अपनी पड़ताल में हमे ‘गोची शाही दरबार शरीफ‘ नाम का यूट्यूब चैनल भी मिला। वायरल वीडियो को यहाँ 20 जून 2025 को अपलोड किया था, यूट्यूब चैनल पर इसी तरह के बैंड पार्टी परफॉर्मेंस के कई वीडियो मौजूद हैं।

इसके बाद हमने ‘गोची शाही दरबार शरीफ’ के सम्बन्ध में गूगल सर्च किया तो बांग्लादेश की एक मीडिया वेबसाइट पर रिपोर्ट मिली जिसके मुताबिक 30 नवंबर को चटगांव के गाशची शाही दरबार में उर्स शरीफ का आयोजन किया गया। गूगल मैप की मदद से भी पता चलता है कि यह वीडियो बांग्लादेश के चटोग्राम (चिट्टागोंग) डिवीजन में स्थित एक सूफी तीर्थस्थल का है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *